एक समय ॐ सत्य परमात्मा कैलाश में भगवान् शंकर के पास गये। स्वयं शंकर सत्य परमात्मा के दिव्य स्वरूप अमृत आनंदमय महाप्रकाश में महा समाधि में लीन थे। अन्तर से देखा कि जिस ज्योति के ध्यान में मैं लीन हूँ, वही परम ज्योति आनंद की धाम परम पुरुषोत्तम मेरे पास आये हैं। स्वयं भोलेनाथ ने तुरन्त आंखें खोल कर देखा तो प्रकाश पुंज प्रभु विराजमान हैं। तब श्रीशंकर भगवान् ने विविध प्रकार से प्रभु की स्तुति कर कहा— हे प्रभु, चराचर जगत के स्वामी, सर्व में परिपूर्ण अन्तर बाहर से प्रकाशित करने वाले विश्व दीप परमात्मा आपकी जय-जयकार हो। मैं जानता हूँ, आप अपने भक्तों की इच्छा पूर्ण करने के लिए, अधमों का उद्धार करने के लिए नित्य अवतार सन्त के रूप में पृथ्वी पर पधार रहे हैं। जो आपने वरदान दिये थे वह पूर्ण करने का समय आ गया है। सतयुग में महान् प्रतापी, सत्यवादी धर्मपरायण राजा विश्वजीत नाम के हुए थे। अपने तप व बल से पूरे विश्व को जीत कर अपना चक्रवर्ती राज्य स्थापित करने के बाद राजा को तीव्र वैराग्य जागृत हुआ जिससे वह एकान्त गहन पहाड़ों की कन्दराओं में कठोर तपस्या करने लगे। एक युग प्रबल तपस्या के बाद उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर उनके सामने आप प्रकट हुये और आपने उसे वरदान मांगने को कहा, "हे राजन, तेरी तपस्या पूर्ण हो गई है। तुमसे मैं अति प्रसन्न हूँ। जो तुम्हारी इच्छा हो सो वर मांगो।" तब उस तपस्वी राजा ने हाथ जोड़कर अनन्य भाव से स्तुति करने के बाद कहा, "हे प्रभु, आप सकल कामना सिद्धि दाता हैं। आपकी भक्ति से किसकी इच्छा पूर्ण नहीं हुई है। सबको मन चाहा वरदान देकर कृतार्थ करते हो, यह आपका अनादि नियम है।"
मेरी एक ही इच्छा है कि भविष्य में शुद्ध सतोगुणी महामाया मेरी धर्म पत्नी हो, और आप स्वयं परमात्मा मेरे पुत्र रूप में प्रकट होकर मुझे आत्मा-परमात्मा का ज्ञान देकर परमपद दीजिये। बस यही वर मांगता हूं। उस समय आपने तथास्तु अर्थात् ऐसा ही होगा कहा। यह वरदान कलियुग में सिद्ध होगा। यह वरदान देकर आप अपने धाम को चले गये और राजा भी अपने धाम में गये। वही राजा विश्वजीत इस समय परम तपस्वी सिद्ध योगी महन्त श्री उदयपुरीजी के रूप में प्रगट हुये हैं और उनकी धर्म पत्नी के रूप में शुद्ध सतोगुणी महामाया श्रीमती चन्दन देवी के रूप में प्रगट हुई हैं।
इन दोनों महान् आत्माओं को दिव्य दृष्टि वाले महान् पुरुषों ने पहुँचान लिया है तथा अन्तरिक्ष में रहने वाली दिव्य आत्माएं मन ही मन प्रणाम करते हैं तथा आपके अवतार लेने की प्रतीक्षा में तरस रहे हैं तथा पपीहा की तरह आनन्द अमृत वर्षा की राह देख रहे हैं। पृथ्वी पर आपके अवतार धारण करने का जब देवलोक में मालूम पड़ा तब से आपकी अमृत मय लीला का आनन्द रसपान करने के लिए देवलोक से बहुत से देवी-देवता भी पृथ्वी पर आपके भक्त रूप में रहने के लिए मानव रूप धारण कर रहे हैं। उनमें से बहुत से देवता तो आपकी अमृत मय लीला से आनंदित होते-होते आपके सत्य स्वरूप में समा जायेंगे, परम पद प्राप्त कर लेंगे। बहुत से आपकी स्मरण भक्ति करते-करते देव योनी से छूट कर आपके परम भक्त सन्त के रूप में फिर पृथ्वी पर मानव रूपी शरीर धारण करेंगे। और बहुत से वापस देवलोक को जायेंगे।
अब वरदान सिद्ध करने के लिए आपको वहाँ अवतार लेना ही पड़ेगा और जैसे राजा कहीं भी जाता है, तो उनके प्रधान दीवान को राजा की सुव्यवस्था हेतु पहले जाना पड़ता है, इसी प्रकार मैं स्वयं शिव श्री देवपुरीजी के रूप में प्रकट होकर आपकी व्यवस्था करूँगा। ऐसे तो सब सिद्धियां आपकी छाया में पलती हैं, मगर मैं उनको विधिवत कार्य करने का आदेश दूंगा। यह सुनकर श्रीप्रभु ने कहा कि हे देवाधि देव महादेव, आप जैसा दयालु देव कोई नहीं है। आपकी थोड़ी-सी भक्ति आराधना करने पर आप सर्वस्व दे देते हैं। तब भगवान् शंकर ने कहा, आप ही सब कुछ करते हैं, आप सर्व मंगलों के मूल हैं। जहाँ भी आप रहेंगे, वहाँ मंगल ही मंगल होगा। आपके दर्शन, चरण-स्पर्श, स्मरण मात्र से जीव परम मंगल प्राप्त करेंगे।
दोहा—तेरी सत्ता के बिना, हे प्रभु मंगल मूल।
पत्ता तक हिलता नहीं, खिले न कोई फूल॥
और हे प्रभु, आपकी विश्व हितकारिणी अमृत वाणी प्रथम प्रकट होते ही माता-पिता को आत्मा-परमात्मा का ज्ञान देकर परमपद की प्राप्ति कराके फिर विश्व सेवा का कार्य करेंगे।