Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

पवित्र ग्राम हरि वासिणी में हरि का शुभावतार

पुण्य भारत की वीर प्रसविनी भूमि राजस्थान प्रान्त के नागौर जिले में बड़ी खाटू से पाँच किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में गाँव हरिवासिणी में गोस्वामी कुल में श्रीमद परमहंस जगदगुरु आद्य शंकराचार्यजी के वंश तथा संप्रदाय में एवम शृंगेरी मठ की शाखा के मठ के महन्त जी स्वामीजी श्री १०८ श्री उदयपुरीजी महाराज एक आदर्श कर्मयोगी थे। वे अपने समय में अनूठे सिद्ध पुरुष थे। उनकी अन्तर्रात्मा में हर समय यही विचार रहता कि हे परमात्मा! आपके दिव्य प्रकाश तथा ज्ञान का सूर्य कब उदय होगा? आप भूमि भार कब हरण करेंगे? आदि ऐसे प्रश्नों का तारतम्य रात-दिन उनके मन मन्दिर में रहता। उनकी धर्मपत्नी अखण्ड सौभाग्यवती तथा साक्षात् महालक्ष्मी श्रीमती चन्दनदेवी जी भी चन्दन की तरह शीतल स्वभाव की पतिव्रता तथा परम तपस्विनी देवी थीं। श्रीमती चन्दनदेवी भगवान्‌ राम, कृष्ण तथा शिव की अनन्य उपासिका थीं। उनके हृदय में अपार दया थी। उनके घर पर जो भी साधु, दीन-दु:खी तथा अतिथि आते थे, वे कभी भूखे व निराश नहीं लौटते थे। आप स्वयम् भूखी रह जातीं, परन्तु आगन्तुक को कभी भूखा नहीं लौटातीं। वैसे भी आपके मठ में नन्द बाबा की तरह बहुत सी गायें तथा अन्न-धन के भण्डार पूर्ण थे। हां,उनके मन में केवल भक्त भवभंजन भगवान्‌ के दर्शन की लालसा अवश्य ही रहती थी।