शिवरात्रि के पर्व पर मठ में उत्सव मनाया गया। उस दिन श्रीमती चन्दनदेवी का शिव रात्रि का उपवास था। उस दिन उन्होंने पवित्र मन से दृढ़ संकल्प किया कि जब तक शिव दर्शन न देंगे तब तक के लिए भोजन का परित्याग कर दूंगी। मैंने धर्मशास्त्र व सत्संग में ऐसा सुना है कि दयामय भगवान् शिव ने अनेक भक्तों को समय-समय पर दर्शन दिये हैं, तो क्या वे आज मुझे दर्शन नहीं देंगे? अवश्य ही आज शिवदर्शन होंगे। ऐसा ही दृढ़ विश्वास धारण कर "ॐ नम: शिवाय:" इस पंच अक्षरीय महामन्त्र की माला जपना आरम्भ कर दिया। माला जपते-जपते रात्रि का एक बज गया और श्रीमती चन्दन देवी ध्यान में मग्न हो गयीं। ध्यान में उन्हें ऐसा आभास हुआ कि सामने ही साक्षात् भगवान् शिव खड़े हैं तथा श्रीमुख से मधुर व गंभीर वाणी में कह रहे हैं— हे मातेश्वरी महालक्ष्मी! तुम्हें नमस्कार है। तुम्हारे पूर्व जन्म की महान् तपस्या सफल हो गयी, तुम साक्षात् महालक्ष्मी का अवतार हो। तुम धन्य हो। तुम्हारे घर में स्वयं जगत पिता परमात्मा तुम्हारे पुत्र के रूप में अवतार लेंगे। उसी दिन अजब दिव्य प्रकाश होगा। उस विभूति के पास मैं स्वयं आऊंगा, उस समय फिर आपसे मिलूंगा, उस प्रभु के अवतार के पश्चात आपको तीन और भी पुत्ररत्न प्राप्त होंगे वे भी पवित्र आत्मायें होंगी। ऐसे कहते-कहते भगवान् शिव अदृश्य हो गये। माताजी का ध्यान खुला मेरा अहोभाग्य है कि मुझे स्वयं भगवान् करुणा सागर कैलाशपति ने दर्शन देने की परम कृपा की, किन्तु मैं तो मौन ही रही, मैंने उनका कुछ भी पूजा अर्चना नहीं किया। मैं तो इसी विचार में मग्न रही कि परमात्मा कब आयेंगे, उन्होंने इस रहस्य को किसी को नहीं बताया।
थोड़े समय बाद माताजी को अलौकिक विश्व दीप ज्योति परमात्मा का महाप्रकाश पुञ्ज प्राप्त हुआ। नौ माह के उपरान्त दीपावली की शुभ रात्रि को ठीक साढ़े तीन बजे श्रीमती चन्दन देवी को स्वप्न आया। स्वप्न में उन्होंने देखा कि एक सात सूंड़ वाले ऐरावत सफेद हाथी पर विराजमान शंख, चक्र, गदा तथा पीत वस्त्र धारण किये हुए भगवान् विष्णु स्वयं पधारे हैं। उनके साथ ही नन्दी पर भगवान् शिव बाघम्बर धारण किये हुए हैं। उनकी जटा से उन्होंने गंगा की धारा को बहते देखा। उसी दिन अर्थात् 5 नवम्बर, 1828 को कार्तिक अमावस्या दीपावली के दिन चार बजे प्रात: शुभ ब्रह्म मुहूर्त में मनमोहन भक्त भवभंजन दीनन हितकारी तथा साक्षात् भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी का शुभ अवतार हुआ। उस समय मनमोहन कृष्ण के रूप में माताजी को दर्शन दिये। इस दर्शन से माता चन्दन देवी गद्गद् हो गयीं और मन ही मन में समझ गयीं कि यह अलौकिक ईश्वरीय विभूति का सौभाग्य मुझे भगवान् शिव की असीम कृपा से ही प्राप्त हुआ है। उसी समय दीवाली के बुझे हुए दीपक स्वमेव प्रज्ज्वलित हो गये। कुंमकुंम केसर और सफेद पुष्पों की वर्षा हुई। प्रात:काल ब्रह्ममुहूर्त में अचानक ही गाँव के सब लोग जाग उठे और अलौकिक आनन्द का अनुभव करने लगे। सभी लोग सोचने लगे कि अचानक ही आज हमारी नींद इतनी जल्दी कैसे उड़ गयी? हमें यह ब्रह्म आनन्द का अनुभव कैसे हो रहा है? अरे, यह क्या है? ये दीपक स्वमेव ही कैसे जगमगा उठे? कुंमकुंम, केसर और सफेद पुष्प कहाँ से आये? इस अभूतपूर्व ईश्वरीय लीला को तुच्छ मानव कैसे समझ सकते? किसी ने कहा आज दीवाली भगवान् राम की मनायी जाती है सो भगवान् राम ने यह रचना करी है। कोई बोला कि कहीं भूत-प्रेत का चमत्कार तो नहीं है। दूसरा बोला नहीं, भूत-प्रेत तो केवल मन का भ्रम है। यह तो कोई अलौकिक अदृश्य महान् शक्ति का चमत्कार है, जो अपनी समझ से बाहर है। वास्तविक स्थिति का आभास किसी को नहीं हुआ।
परम योगेश्वर श्री श्री स्वामी उदयपुरी जी महाराज अपने दिव्य पुत्र जन्म का समाचार सुनकर बहुत प्रसन्न हुए। उन्होंने ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा में अनेक गायें तथा धन दिया। उन्हें भोजन करवाया तथा गरीबों को अन्न-वस्त्र दान में दिये। ऐसे शुभअवसर पर महान् ज्योतिषाचार्य पंडित प्रेमशंकर ने शास्त्राचार्य पञ्चांग देखकर उनसे कहा, "आपका यह पुत्र परम अलौकिक एवम् महान् विद्वान होगा। आज उत्तम नक्षत्र रेवती है। इनका नाम श्री दीपपुरीजी आया है, जिस प्राणी पर इनकी कृपा होगी उसको तत्काल ही दीपक की तरह दिव्य ज्ञान का प्रकाश होगा। आत्मशांति प्राप्त करेगा। यह होनहार बालक कुल दीपक देश का दीपक एवम् विश्व का दीपक होगा। यह बालक विश्व में महान् ख्याति प्राप्त करेगा और यह गुणवान, यशवान, कीर्तिवान व महान् भाग्यशाली पुरुष होगा। ऐसे गुणों का योग किसी विरले पुरुष को ही प्राप्त होता है। ऐसा कहकर पंडित जी बोले, "यह मेरा अहोभाग्य है सो ऐसी महान् ईश्वरीय शक्ति का नामकरण संस्कार करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है। यह परमात्मा की मुझ पर असीम कृपा है।" ऐसा कहते हुए पंडितजी ने मनमानी दक्षिणा पाकर प्रसन्नचित्त होकर अपने घर को प्रस्थान किया। जैसे कहा है—
माता जने तो गुणवान, नहीं धनवान की बात।
एक गुणवान के सामने, लाखों धनवान जोड़े हाथ॥