Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

श्री महाप्रभुजी की बाल्यावस्था

एक कहावत है "होनहार वीरवान के होत चीकने पात"। यह कहावत महाप्रभुजी पर भी चरितार्थ हुई। यह अनुपम दिव्य बालक चन्द्र कलाओं की भांति बढ़ने लगा। उस मनोहर मूर्ति को देखकर माता-पिता मन में फूले नहीं समाते थे। गाँव के सभी लोग उस मनमोहन बालक की तुलना भगवान्‌ श्रीकृष्ण की बाल लीला से करते नहीं थकते थे। भगवान्‌ श्री कृष्ण की तरह ही नटखट थे व जो चाहते वही करते तथा जब तक दिन में एक बार उस मनोहर मूर्ति के दर्शन नहीं कर लेते तब तक उन्हें चैन नहीं मिलता। महाप्रभुजी की बाल्यावस्था साधारण बालक से भिन्न थी। वे अन्य बालकों की तरह रोते-चिल्लाते नहीं। उनके मुखारविन्द पर सदा मुस्कराहट रहती थी। मगर बोलते नहीं। कभी-कभी ॐ की मधुर ध्वनि करते थे। माता-पिता तथा स्वजनों ने विचार किया कि यह बालक ॐ की मधुर ध्वनि बड़ी मधुर आवाज में करता है। अगर ऐसी मधुर आवाज में अमृत मय वाणी बोले तो अति आनन्द होवे। इसके लिए करुणा सागर कैलाशपति शिव से कल शिवरात्रि को प्रार्थना करेंगे। उनकी ही कृपा का यह फल है। वही सर्व शक्तिमान शिव भक्तों की पुकार जल्दी सुनते हैं।

दूसरे दिन शिवरात्रि को विधिवत शिवपूजन के बाद अपने प्रिय पुत्र के लिए विविध प्रकार से प्रार्थना करने लगे। हे करुणा सागर कैलाशपति, सर्वस्व देने वाले दाता, इस बालक को बोलने की शक्ति वाणी दीजिये। इतने में शिव पर चढ़े हुए सफेद गुलाब के दो पुष्प माता-पिता के पास अचानक आ पड़े। जैसे भक्त की इच्छा पूर्ति के वरदान दिये हों और ५ पुष्प श्री महाप्रभुजी के चरणों पर पड़े। जैसे भगवान्‌ शिव बोलने का संदेश दे रहे हों। इतने में जैसे अमृत सागर की प्रबल धाराए प्रकट हुई हों, संसार के त्रिताप रूपी विष की ज्वालाएं शान्त करने के लिए आई हों, जैसे महान् प्रकाश पुंज से अनुपम निर्मल ज्योति किरणें भयंकर दु:ख अन्धकार को निवृत्त करने के लिए प्रबल तेज गति से आ रही हों। जैसे शिव की जटा से गंगा की प्रबल धारा पृथ्वी को पावन करने के लिए आई हों। वैसे ही सोलह महीनों की अवस्था में महाप्रभुजी की विश्व हितकारिणी अमृत वाणी प्रकट हुई। मनमोहन श्री महाप्रभुजी शिव की तरफ देखकर तेज गति से ॐ की ध्वनि सवा घण्टे तक एक ही स्वर में करते रहे। तत्पश्चात् बोले, सोहं सत्य, ब्रह्म जगत मिथ्या, दीर्घ सपना दु:खों से पूर्ण यह संसार (अनिर्वचनीय) है। नहीं होते हुये भी सत्य भासता है। यह अविद्या माया का विचित्र खेल है। संकल्प ही संसार है। (कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साईं) माता-पिता, पुत्र-पुत्री, भाई, सजन स्नेही, मोह के कारण ही अपना भास रहा है। यह मिथ्या मोहक कल्पना-भरमना है। सत्य आत्मा होते हुए भी अज्ञान से इस शरीर रूपी अन्य आत्मा को आत्मा मानकर पाप-पुण्य, दु:ख-सुख, कर्म जाल में फंस गये हैं।जीवों के दु:ख भोगने के लिए ही संसार रूपी जेल है। इस जगत रूपी जेल से केवल ज्ञानी सतगुरु ही छुड़ा सकते हैं। सो मैं अनादि सतगुरु चैतन्य विश्व दीप निर्गुण-सगुण दोनों स्वरूपों से परिपूर्ण अधिष्ठान् ब्रह्म हूँ, किसी प्रकार की साधना-उपासना के साधक को विश्वदीप का ही प्रकाश मिलता है। उस प्रकाश में सत्य वस्तु का ज्ञान होता है। सत्य साधक को सर्वस्व मेरे से ही प्राप्त होता है। मैं अनादि, अजन्मा, अविनाशी अन्तर-बाहर का साक्षी सर्व को जानने वाला माया अतीत हूँ। माया मेरे अधीन है और विश्व के प्राणी माया के अधीन है। मैं भक्तों को भव दु:ख से तारने के लिए हर युग में प्रकट होता हूँ। मैं सबको जानता हूँ, मुझे कोई नहीं जानता है क्योंकि मैं मन वाणी से परे अक्षरार्तिप्त अफुरनीरबंधन हूँ। तीन गुण, पाँच तत्व, पच्चीस प्रकृति से परे हूँ। सर्व प्रकार की विद्या मेरे से उत्पन्न हुई है। मैं उनमें नहीं इस प्रकार मुझे जानना ही परम विद्या है, जो सर्व बंधनों से मुक्त करता है। मैं बालक की तरह विश्व रचना का खेल करता हूँ।

इसलिए आदिकाल से नित्य नवीन बालक रूप और सर्व शक्तिमान होने से हमेशा जवान हूँ। आदि से आदि पुराना होने से मैं महान् वृद्ध हूँ, दुनिया में कई प्रकार के वृद्ध होते हैं। उनमें ज्ञानी वृद्ध सबसे पूज्य है। वह मेरा ही स्वरूप है। वह सर्व के पितामह है। इस प्रकार मुझे जानकर सर्वकल्पना, भरमना, उपासना त्यागकर केवल अनन्य भाव से मेरी शरण होकर मेरा ही ध्यान स्मरण करता है। उनको मैं सभी पापों से मुक्त कर मोक्ष देता हूँ, फिर वह जन्म-मरण के चक्कर में नहीं आता है। मेरा स्मरण मात्र से सर्व सुख शान्ति परम् सिद्धि को प्राप्त होकर अन्त में मुझको प्राप्त होगा।

हे माता-पिता रूपी महान् आत्माओं, अपने अन्तर में मुझे देखो। प्रभु की अमृत वाणी सुनते-सुनते माता-पिता अखण्ड ब्रह्मानंद में लीन हो गये। अन्तर में देखा तो कोटि ब्रह्मण्डों में आपको देखा और त्रिलोकी की उत्पन्न स्थिति-लय श्री महाप्रभुजी में देखा। अनन्त लीलाएं रचनाएं देखीं। जिस प्रकार भगवान्‌ श्रीकृष्ण ने अपने मुख में त्रिलोकी रचना माता यशोदा को दिखाया था, तथा अपने भक्त अर्जुन को विराट स्वरूप दिखाया था, वैसे ही श्री महाप्रभुजी ने माता-पिता को अपना स्वरूप दिखाया। यह दिव्य दर्शन देखकर माता-पिता आनन्द विभोर व चकित रह गये। दोनों प्रभु के चरणों में प्रणाम कर स्तुति आरती कर बोले, आज हम धन्य हुये तथा हमें प्रभु का साक्षात्कार हुआ है। तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "आपने सतयुग में कठिन तपस्या कर वरदान मांगा था कि हे प्रभु, आप कभी हमारे पुत्र रूप में अवतार लेकर हमको आत्मा-परमात्मा का ज्ञान देकर परम् पद दीजिये। तब मैंने तुम्हारी प्रबल तपस्या से प्रसन्न होकर तथास्तु कहा था। वही वरदान आज सिद्ध हो गया है।" यह मानव हितकारणी प्रभु की अमृत वाणी रूपी आवाज विश्व के लिए वरदान रूप थी। इस ॐ श्री की आवाज से मानो सारा ब्रह्माण्ड अमृत व दिव्य प्रकाश से परिपूर्ण कर रहे हो। आपका रहस्य उन महान् आत्माओं ने ही जाना जो चैतन्य स्वरूप में जागृत है और जो संसार के प्राणी अविद्या नींद में संसार द्रव्य का स्वप्न देख रहे हैं, वे इस दिव्य रहस्य को क्या जानें। इस आवाज से सिद्ध योगी देव, ऋषि-मुनि व आकाश में विचरने वाले महान् ज्योतिषी आदि तृप्त हो रहे थे। आपस में कह रहे थे अमृत सागर विश्व दीपहरि सगुण ब्रह्म की अलौकिक आवाज से आज हम धन्य-धन्य हो रहे हैं। मानो जैसे हमारी अनन्त युगों की तपस्या का सही फल आज मिला हो।

इस सगुण ब्रह्म भगवान्‌ श्री दीप नारायण महाप्रभुजी के अंग, हवा, आवाज व शुभ नजर जिस दिशा को जायेगी वहाँ मंगल ही मंगल होगा। पतित् प्राणी पावन होगा। पापी जीव नरक से छुटकारा पायेंगे। हमारा अहोभाग्य होगा कि जिस दिन मंगल मूर्ति से हमें लाभ मिले जो इस मंगल मूर्ति को सुमरेगा उसके मंगल ही मंगल होगा। प्रभु तो आनन्द मंगल के मूल ही हैं।

भजन
धर्म हित अवतार सतगुरु मानव तन धारिया।
शुभ देश मरुधर नगर खाटू हरि वासिणी पद धारिया॥
स्वराज रक्षक अखण्ड नेता भूमि भार उतारिया।
सौ वेदवेदांग उपनिषद् सारे ॐ मंत्र उचारिया॥
सुभ लगन मुहर्त ब्रह्म जानों बड़ी फजर सुहारिया।
धन्य जननी चन्दनदेवी, घरां जायजन्म धारिया॥
अज शेष विष्णु देव शम्भू रहत जाकों सारिया।
जै देव सतगुरु नाम प्यारा सार समझो आर्या॥
परम् प्रभुजी पिता श्री स्वामी उदयपुरीजी हरि वारिया।
गुण गाँवें गन्धर्व शक्र सारद प्रभु चौथा युग अवतारिया॥
नारायण निर्वाण श्री स्वामी दीप पद बलिहारिया।
धन्य नगर फूल देश धन्य-धन्य भूमि अपारिया॥
भव भंजन भगवान्‌ महाप्रभुजी अनन्तों भक्त उबारिया।
कहे लालानन्द चरण सेवक, अबके मेरी बारिया॥