पाँच वर्ष की अवस्था में श्री महाप्रभुजी के माता-पिता अपने प्राणप्रिय पुत्र को विद्या अध्ययन हेतु विद्यालय ले गये। विद्यालय में पंडितजी संस्कृत व व्याकरण के श्रेष्ठ विद्वान थे। उन्होंने बड़े स्नेह के साथ महाप्रभु को अपने पास बिठाया। सबसे पहले पंडितजी ने 'अ' व 'आ' स्लेट पर लिखकर दिये। इन अक्षरों को लिखने, पढ़ने व बोलने का ढंग सिखलाया। इन अक्षरों को भली-भाँति देख श्री महाप्रभुजी ने पंडितजी से पूछा, पंडितजी महाराज आपने मुझे यह दो अक्षर लिखने व पढ़ने का आदेश दिया है, अब मुझे समझाइये कि इन दोनों अक्षरों में पहला अक्षर 'अ' है। यह 'अ' कहाँ से आया है और किसमें समायेगा? 'अ' का स्वरूप क्या है? 'अ' ऐसा बनाने का कारण क्या है? और 'अ' पहले पढ़ाने का कारण क्या है? सो इन पाँचों प्रश्नों का उत्तर ज्ञानपूर्वक मुझको बतलायें। मैं इस 'अ' अक्षर के पाँचों प्रश्नों के उत्तर व ज्ञान जानने के बाद फिर आपसे 'आ' अक्षर के प्रति प्रश्न पूछूंगा। ऐसा सारगर्भित वचन सुनकर पंडितजी अवाक् रह गये और कहा कि हम इतनी बातें नहीं जानते हैं। हम तो केवल इतना जानते हैं कि 'अ' अक्षर का आकार ऐसा ही होता है और इस आकार वाले अक्षर को 'अ' कहते हैं। तब श्री महाप्रभुजी ने कहा मैं बताऊँ और आप सुनिये। ऐसा कहकर अमृत मय मधुर वचनों में 'अ' अक्षर पर अकार, उकार, मकार तीनों मात्रा में सृष्टि की उत्पत्ति, स्थिति, लय, ब्रह्मा, विष्णु, महेश व तीनों लोक, तीन देव और तीनों गुणों के रहस्य का डेढ़ घण्टे तक वर्णन किया। इस दिव्य प्रकाश युक्त ज्ञानामृत के वचनों को सुनकर पंडितजी आनन्द विभोर हो गये। उनके नयनों से प्रेम की अश्रुधारा बहने लगी। पंडितजी ने महाप्रभुजी को दण्डवत प्रणाम किया और श्री महाप्रभुजी को उच्चे आसन पर विराजमान किया। उनका चरणामृत लेकर वेद-मंत्रों का उच्चारण करते हुए स्तुति एवम् आरती की। पंडितजी ने हाथ जोड़कर श्री महाप्रभुजी से निवेदन किया, हे कृपानिधान! आज आपने मुझे सच्चा ब्रह्म ज्ञान दिया। आपने मुझ गरीब पर कृपा की है। हे प्रभु! आप महान् हैं आप मुझे वरदान दीजिये कि इसी प्रकार मुझे जन्म-जन्म में दर्शन देकर कृतार्थ करेंगे। आप ब्रह्म विद्या के अपार सागर हैं। मानव को सद् विद्या पढ़ाने के लिए ही आपने अवतार लिया है। आपसे ब्रह्म ज्ञान प्राप्त कर प्राणी जगत में भयमुक्त होकर विचरेंगे। गुरुदेव के समान त्रिलोक में हितकारी तथा दातार दूसरा कोई नहीं है।
दोहा :
सतगुरु सम दाता नहीं, जाचक शिष्य समान ।
तीन लोक की सम्पदा, गुरु देवें पल में दान॥
हे प्रभु! मैंने वेद, वेदान्त, संस्कृत, व्याकरण, तर्कशास्त्र आदि अनेक विषयों पर उपाधियाँ प्राप्त की हैं। इसके अलावा भी अनेक धर्मशास्त्रों को पढ़ा है। बड़े-बड़े ज्ञानी, विद्वान, महामण्डलेश्वर तथा जगत् गुरुओं से मैंने शास्त्रार्थ कर विजय प्राप्त की है। मैं अपने आपको आपके चरणों में समर्पित करता हूँ, जब मैंने आपके मुखारविन्द से अमृत मय मधुर वचन सुने तो मेरा सारा मिथ्या ज्ञान अहंकार पानी हो गया। मैं निर्भीक और शांत हो गया हूँ। ऐसा अभूतपूर्व आनन्द मुझे कभी प्राप्त नहीं हुआ। मैं अपने आपको स्वयं ब्रह्म मानते हुए अज्ञान व दुर्वासनाओं में लिप्त था, फिर भी यह समझता रहा कि यह तो इन्द्रियों के धर्म हैं, मैं तो साक्षी मात्र हूँ। मैं तो सर्वदा निर्लिप्त हूँ। मैं अपनी विद्वता के मिथ्या घमण्ड और अहम् में अन्धा था। मैं किसी को भी कुछ नहीं समझता था। यह सब मेरा भ्रम मात्र था। मैंने आज भलि-भाँति समझ लिया है। हे परमगुरु परमात्मा! मुझे आपसे जो आत्मज्ञान रूपी दान मिला है वैसा धन मुझे तीन लोक में भी नजर नहीं आता। तब प्रभु ने कहा—कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई सम्पूर्ण विद्यार्थी वर्ग भी महाप्रभुजी के इस प्रकार का ज्ञान सुनकर आश्चर्यचकित हो गये। विद्यार्थियों ने महाप्रभुजी के सामने यह प्रार्थना की—
"हे प्रभु आनन्ददाता ज्ञान हमको दीजिये।
शीघ्र सारे दुर्गुणों को दूर हमसे कीजिये॥
लीजिये हमको शरण में, हम सदाचारी बनें।
ब्रह्मचारी, धर्म रक्षक, वीर व्रतधारी बनें॥
इतनी कृपा और अनुग्रह हमपे हो परमात्मा।
हों निवासी इस देश के सब के सब धर्मात्मा॥"
विद्यार्थियों की यह प्रार्थना सुनकर श्री महाप्रभुजी अति प्रसन्न हुए और बोले, "प्यारे विद्यार्थी बन्धुओं, विद्यार्थी का जीवन तपस्वी का जीवन होता है। विद्या अध्ययन करना तपस्या करने के समान है। इसका फल परम सुखदायी व भविष्य उज्जवल होता है। विद्यार्थियों को ऐसा दृढ़ संकल्प करना चाहिये कि वे देश और समाज की सेवा करें। सेवाधर्म ही सब धर्मों में उच्चे धर्म है। स्वयं भगवान् ने मोक्ष और सेवा को तराजू में तोलकर देखा तो सेवा का पलड़ा भारी रहा। इसलिए स्वयं भगवान् ने मोक्ष का आनन्द छोड़कर चौबीस अवतार लेकर देश व दीन-दु:खियों की सेवा की। चन्द्र, सूर्य, तारा, पृथ्वी, पानी, वायु, अग्नि आदि सभी तो सेवा में लीन हैं। सरोवर, तरुवर, सन्तजन आदि सभी तो सदैव परोपकार करते आये हैं। मेरा उद्देश्य मात्र विश्व सेवा है, और सेवा ही मनुष्य जीवन का लक्ष्य है।"
ब्रह्मा, विष्णु, महेश, भगवान् राम, श्रीकृष्ण, भगवान् बुद्ध, प्रभु ईसा, मोहम्मद आदि अनेक महान् व्यक्ति हुए हैं। वे भी बचपन में आपकी भांति विद्यार्थी थे। विद्याध्ययन करके ही वे महान् बने। सच्ची विद्या वही है, जिसमें अविद्या के लक्षण नहीं हों। किसी का अपमान न करें, किसी के साथ असभ्यता का व्यवहार न करें। ज्यादातर ध्यान विद्या अध्ययन में लगावें। अच्छे गुण ग्रहण करें। सभी के साथ मीठे वचन बोलें। सत्संग करें, योगासन करें, प्राणायाम करें। इससे मन, बुद्धि व शरीर स्वस्थ रहेगा। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष का मूल कारण शरीर स्वस्थ हो। अपनी मातृ-भाषा व मातृ-भूमि के सच्चे सेवक बनें। संसार में प्राणी मात्र के कल्याणार्थ शान्ति और सच्चे ईश्वरीय ज्ञान का प्रकाश फैलाएं। उक्त सारगर्भित परम मनोहर व्याख्यान सुनकर विद्यार्थियों ने महाप्रभुजी से कहा कि आप भजन बहुत सुन्दर गाते हैं, कृपया हमें भी एक भजन सुना दीजिये। विद्यार्थियों की विनती को ध्यान में रखकर महाप्रभुजी ने यह भजन सुनाया—
भजन
विद्या पढ़ने में प्रेम लगाया करो।
गुरु के चरणों में शीश निवाया करो॥
गुरु नित्यदातार हैं ईश के अवतार हैं।
उनकी महिमा अपार है विद्या के भंडार हैं॥
उनकी आज्ञा का मान बढ़ाया करो॥ १॥
प्रात: जल्दी उठ पितु मात को प्रणाम करो॥
पाठ्य पुस्तक साथ ले सचेत बन आया करो।
अपने पाठ में धुन लगाया करो॥ २॥
इन्द्रिय संयम धार कर एकसा ध्यान करते रहो।
काक जैसी चेष्टा लगातार रखते रहो॥
सहपाठियों से प्रेम बढ़ाया करो॥ ३॥
सदाचार की धारपर अभ्यास नित्य करते रहो॥
नित्य नया पाठ यादकर आगे बढ़ते रहो।
तुम औरों को शब्द सुनाया करो॥ ४॥
स्वामी दीप कहें सुनो बालको।
तुम सत्य धर्म पर अटल रहो॥
सत् पुरुषों का संग किया करो॥ ५॥
यह भजन सुनकर विद्यार्थी अत्यन्त ही प्रसन्न हुए और उन्होंने श्री महाप्रभुजी को विश्वास दिलाया कि वे सदैव उनके बताये हुए मार्ग पर ही चलेंगे। हमेशा उनकी आज्ञा का पालन करेंगे। फिर महाप्रभुजी ने पण्डितजी से कहा, "आप मुझे शिक्षा नहीं दे सकते हैं तो मैं गाँव की गायें चराऊंगा। गौमाता की सेवा सौभाग्य से ही मिलती है।" ऐसा कहकर महाप्रभुजी माता-पिता के साथ ही अपने घर लौट आये।
कुछ समय पश्चात गाँव की गायें चराने लगे । उनका गायें चराने का ढंग अनोखा था। प्रात:काल गाँव से बाहर जाकर खड़े होकर ॐकार की ध्वनि लगाते, फिर पद्मासन लगाकर विराजमान हो जाते । आपकी इस मनोहर धुन को सुनकर गाँव की गायें वहाँ एकत्रित हो जातीं और महाप्रभुजी के चारों ओर खड़ी हो जाती थीं । यह दृश्य अत्यन्त ही मनोहर लगता था । कई गायें महाप्रभुजी के चरणतलों को चाटने लग जाती थीं। महाप्रभुजी भी स्वयं अत्यन्त स्नेह से गायों के माथे पर हाथ फेरते और उन्हें प्यार करते थे। गाँव की समस्त गायें आ जाने पर महाप्रभुजी जंगल की ओर रवाना हो जाते थे। सभी गायें उनके पीछे-पीछे जंगल की ओर रवाना हो जाती थी । महाप्रभुजी की आज्ञा के बिना गायें किसी भी खेत में मुंह नहीं डालती थीं। हरी-भरी घास देखकर स्वयं महाप्रभुजी गायों को चराने हेतु हाथ से इशारा करते। हाथ का संकेत मिलते ही गायें घास चरने लग जाती थीं।
कई बार ऐसा भी होता कि गायों को अपने खेत में चरते देख उस खेत का मालिक वहाँ आ जाता और श्री महाप्रभुजी को संबोधित कर कहने लगता, "अरे आपने यह क्या कर डाला ? इन गायों ने मेरा सब कुछ उजाड़ डाला । अब मैं क्या खाऊँगा ?" खेत के मालिक की पुकार सुनकर महाप्रभुजी मुस्कराते हुए कहते थे, "अगर इन गायों ने तुम्हारे खेत की फसल को नहीं खाया होता तो कितना अनाज पैदा होता ?" तब खेत का मालिक महाप्रभुजी से कहता कि महाप्रभुजी इस खेत में (जितने मन अनाज की वह कल्पना करता) मन अनाज पैदा होता। तब महाप्रभुजी हंसते हुए कहते ,"कि चिंता क्यों करता है? इससे तो पन्द्रह-बीस मन अनाज ज्यादा ही पैदा होगा। यदि इससे कम पैदा हो तो जितना मन कम पैदा हो उतना मेरे घर से ले जाना। वास्तव में महाप्रभुजी जितना अनाज पैदा होने की आज्ञा देते उतना ही अनाज पैदा होता। किसान लोग महाप्रभुजी के इस चमत्कार से 'दांतों तले अंगुली दबा लेते' (मुहावरा - आश्चर्यचकित होना) थे । वे स्वयं अनुमान लगाने लगते कि महाप्रभुजी कोई साधारण मनुष्य नहीं हैं। मनुष्य के रूप में महाप्रभुजी साक्षात् नारायण हैं। अत: प्रत्येक किसान ईश्वर से मनोकामना करता था कि महाप्रभुजी गायें लेकर आज उनके खेत में पधारें। किसान लोग स्वयं वहाँ जाकर आग्रह करते, लेकिन महाप्रभुजी तो मस्त थे। किसी की भी बात पर ध्यान न देकर अपनी इच्छानुसार ही किसी के भी खेत में गायें ले जाकर चराते थे।