श्री महाप्रभुजी गायों को चराते हुए एक वृक्ष के नीचे आसन लगाकर ध्यान से विराजमान थे। तभी अचानक भयानक चेहरे वाला, ऊँट पर सवार एक डाकू वहाँ आकर रुका। वह गायों के झुण्ड में से अच्छी नस्ल की गायों को एक तरफ करके चुराकर ले जाने लगा। वह गायों को लेकर पाँच -छ: किलोमीटर दूर ही गया होगा कि ध्यान में महाप्रभुजी को ऐसा आभास हुआ जैसे कोई डाकू गायों को चुराकर ले जा रहा है। तब महाप्रभुजी एकदम उठकर खड़े हुए और देखा कि पाँच -सात गायें जो अच्छी थीं, वे झुण्ड में गायों के साथ नहीं थीं। महाप्रभु वास्तविक स्थिति को देखते ही अचानक उस डाकू के समक्ष प्रकट हो गये। उसका रास्ता रोक कर कहने लगे, "हे पिशाच, गौ भक्षक, अधर्मी तुम इन गायों को लेकर कहाँ जा रहे हो? तुम्हारी भलाई इसी में है कि तुम इन गायों को यहीं छोड़कर चले जाओ।" महाप्रभुजी की इस ललकार को सुनकर उसने एक पल विचार किया कि यह छोटा-सा बालक निर्भयतापूर्वक मेरे सामने खड़ा होकर मुझे ललकार रहा है। मुझे सशस्त्र देखकर भी उसे तनिक भी डर नहीं लगता। यह अवश्य ही कोई वीर बालक है। इस अच्छे अति सुन्दर बच्चे को इसके माता-पिता ने इस भयंकर जंगल में अकेले ही क्यों भेज दिया? इस बालक के मनमोहक रूप ने मुझ पर यह कैसा जादू कर दिया है? लेकिन नहीं, मैं इसकी गायों को नहीं छोङूंगा । मेरे सामने आज दिन तक कोई योद्धा नहीं टिक सका तो इस छोटे से बालक की औकात ही क्या है? ऐसा विचार करते हुए उसने उस वीर बालक को रास्ता छोड़ देने के लिए कहा।
श्री महाप्रभुजी ने डाकू से कहा, "तेरे जैसे क्रूर राक्षस मच्छर की तरह भिनभिनाते रहते हैं। उनका मुझ पर कुछ भी असर नहीं होने वाला है। अनादि काल से मैंने रावण, कंस जैसे अनेक राक्षसों का संहार किया है।" इस तेज गर्जन को सुनकर डाकू का हृदय कांपने लगा। उसने महाप्रभु की बातों पर ध्यान नहीं दिया और गायें लेकर भागने लगा, लेकिन एक ही क्षण में गौरक्षक श्री महाप्रभुजी ने विद्युत गति से उछलकर एक ही मुक्का ऊँट पर मारा। मुक्का लगते ही ऊँट सवार डाकू सहित तत्क्षण धराशायी हो गया। कुछ क्षणों पश्चात डाकू को होश आया तब वह उठकर महाप्रभुजी के चरणों में गिड़गिड़ाने लगा। अपने किये कर्म के लिए क्षमा याचना मांगने लगा।" हे महावीर गोपाल! आपके सिवाय मैंने आज दिन तक किसी से हार नहीं मानी। आप वास्तव में महाबली हनुमान के अवतार हैं। मैं आपके सामने प्रतिज्ञा करता हूँ कि अपने शेष जीवन में कभी गायों की चोरी नहीं करूँगा और न किसी को सताऊंगा।" ऐसा कहकर वह डाकू गायों को वहीं छोड़कर वहाँ से चला गया। बाद में वह डाकू उस तरफ कभी नहीं आया। श्री महाप्रभुजी ने प्यार से गायों के माथे पर हाथ फेरा और उन्हें लेकर पुन: खेत की तरफ पधारे।