प्रात: आठ बजे श्री महाप्रभुजी अपने गाँव हरिवासिणी में एक वृक्ष के नीचे खड़े थे। उस समय बहुत सी गायें भी उनके चारों ओर खड़ी थीं। इतने में एक लालखां नामक शिकारी वहाँ आया। लालखां शिकार के लिए जंगल में जा रहा था। उस क्षेत्र का वह प्रसिद्ध निशानेबाज समझा जाता था। अभयदान के सच्चे दाता श्री महाप्रभुजी ने उस शिकारी से पूछा, "लालखां, तुम कहाँ जा रहे हो?" तब लालखां ने बताया, "मैं शिकार करने जा रहा हूँ।" इस उत्तर पर श्री महाप्रभुजी ने उसे उस दिन शिकार करने की आज्ञा नहीं दी और कहा कि अगर आज तुम शिकार करने जाओगे तो तुम्हें कुछ भी हाथ नहीं लगेगा और खाली हाथ ही लौटना पड़ेगा। महाप्रभुजी के इन वचनों को सुनकर घमण्डी शिकारी बोला, "स्वामीजी, अपने जीवन में आज तक बिना शिकार किये, खाली हाथ नहीं लौटा हूँ। आज भी अवश्य ही शिकार करके ही लौटूंगा। अगर मेरे सामने कोई शिकार आया ही नहीं तो दूसरी बात होगी, अन्यथा मेरे सामने किसी शिकार के आने के बाद तो खुदा भी उसे नहीं बचा सकता है।" शिकारी लालखां के ऐसे गर्व पूर्ण वाक्य सुनकर श्री महाप्रभुजी ने मन ही मन उसके घमण्ड को चूर करने का निश्चय किया। अब महाप्रभुजी ने पास ही एक पेड़ पर दृष्टि डाली जिस की एक डाल पर कौआ बैठा फल खा रहा था। श्री महाप्रभुजी ने इस कौए को दिखाते हुए लालखां से कहा, "अगर तुम इस कौए को मार गिराओगे तो मैं तुम्हें सच्चा शिकारी मानूंगा।" लालखां ने इस चुनौती को स्वीकार किया और हंसकर श्री महाप्रभुजी से कहने लगा, "यह मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। इसको मारने में मुझे एक मिनट भी नहीं लगेगा।" ऐसा कहते हुए उसने निशाना साधा और गोली चलाई, लेकिन यह क्या? गोली तो कौए के पास में होकर निकल गयी। कौआ तो वैसे का वैसे बैठा आराम से फल खा रहा था। ऐसे लग रहा था जैसे कि कौए ने गोली की आवाज ही न सुनी हो। श्री महाप्रभुजी ने लालखां के चेहरे की तरफ देखते हुए कहा, "लालखां एक बार और गोली चलाकर देख सकते हो।" लालखां ने दूसरी बार गोली मारी, लेकिन इस बार भी गोली कौए के बायीं ओर होकर निकल गयी । कौआ वैसे के वैसे ही बैठा-बैठा फल खाता रहा। लालखां का चेहरा उतर गया। वह अपनी हालत पर झुंझला रहा था। उसने महाप्रभुजी से नजर मिलाने का प्रयास किया, मगर उसकी हिम्मत नहीं हो रही थी। उसने मन में सोचा कि यह सब श्री महाप्रभुजी के कारण ही हुआ है ऐसा प्रत्यक्ष अभूतपूर्व चमत्कार लालखां ने कभी नहीं देखा था, और न ही सुना था। कहते हैं—"जिसको राम राखै, उसको कौन चाखै?" आश्चर्य तो इस बात का है कि वैसे तो कौआ बन्दूक देखकर ही उड़ जाता है, परन्तु इस कौए पर तो गोली के धमाके की आवाज भी असर नहीं कर पायी। और उसी कौए की तरफ श्री महाप्रभुजी के हाथ का इशारा होते ही वह उड़ गया। अब श्री महाप्रभुजी ने लालखां को अपने पास बैठाया और कहा कि, "लालखां, तुम्हें अपने निशाने पर बहुत गर्व था? फिर क्या बात हो गयी? दोनों गोलियों में से एक भी गोली इस कौए को नहीं मार सकी।" लालखां क्या जवाब देता? वह तो श्री महाप्रभुजी के आगे शर्मिन्दा था। शर्म से सिर झुकाकर वह कहने लगा, हे सांईं, जिस पर आप जैसे महापुरुष की कृपा हो उसका कोई बाल भी बांका कैसे कर सकता है? फिर मैं तो एक साधारण शिकारी हूँ।
जाको राखे साँईया, मार सके नहीं कोय।
बाल बांको नहीं कर सके, चाहे जग बैरी होय॥
जाको राखे साइयां मार सके न कोई ।
बाल न बांका कर सके, जो जग बैरी होय ॥
तब श्री महाप्रभुजी ने लालखां को कहा, प्रत्येक प्राणी को अपना जीवन प्यारा होता है। अगर आप किसी को जीवनदान दे नहीं सकते तो उसे जीवन लेने का भी अधिकार नहीं है। अगर तुमने किसी प्राणी को सताया तो खुदा तुम्हें सतायेगा। अगर तुम्हारे हृदय में रहम नहीं तो तुम्हारा रोजा, नमाज, खुदा को कभी कबूल नहीं होगा। चींटी से लेकर हाथी तक समस्त प्राणियों में खुदा का निवास है। खुदा इनसे जुदा नहीं है। तुम अपनी जिह्वा के स्वाद के लिए जीव हत्या करते हो। इस क्षणिक सुख के कारण जन्म-जन्मान्तर के दु:ख के भागी बनते हो। खुदा तुम्हें कभी माफ नहीं करेगा। श्री महाप्रभुजी के ये सार-गर्भित वचनों को सुनकर शिकारी लालखां ने जीव हत्या करना व मांस खाना आदि छोड़ दिया।