Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

मृत लड़की को जीवनदान

श्री महाप्रभुजी अपने माता-पिता के साथ गोस्वामी समाज में एक विवाहोत्सव में पधारे हुए थे। उसके दूसरे दिन ठीक 12 बजे दुर्गा नाम की लड़की मर गयी। विवाह का हर्षमय मांगलिक वातावरण पूर्णत: शोकाकुल हो गया। उसके परिवारजन लाश को लेकर श्मशान की ओर जाने लगे। उस समय श्री महाप्रभुजी एक नीम के पेड़ के नीचे पद्मासन लगाये विराजमान थे। लाश को श्मशान की ओर ले जाते देखकर श्री महाप्रभुजी ने उनको रोककर पूछा कि लड़की को कहाँ ले जा रहे हो? महाप्रभुजी के पूछने पर लड़की का पिता रोता हुआ बोला, "मेरी लड़की मर गयी है। अन्तिम संस्कार के लिए उसकी लाश को श्मशान ले जा रहे हैं।" तब श्री महाप्रभुजी बोले, "इसे नीम के ढाई पत्ते दे दीजिए यह अभी आंख खोल देगी और खड़ी हो जायेगी।" यह सुन उसके पिता ने कहा, आप ही दे दीजिये। तब महाप्रभुजी ने लड़की को नीम के ढाई पत्ते स्वयं अपने हाथों से देते हुए कहा "मैं तुम्हें प्रसाद देता हूँ।" इसी प्रकार दूसरी आवाज देते ही लड़की ने तत्काल आंखें खोली व नीम के ढाई पत्ते लेकर खा लिये। ऐसी महान्‌ और दैवी चमत्कार देखकर समस्त लोगों में खुशी की लहर दौड़ गयी। सभी लोग श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने लगे। वह लड़की जीवित हो गयी तथा कालान्तर में सामान्य जीवन बिताते हुए 75 वर्ष की उम्र पाकर स्वर्गलोक को गयी और अपने परिवार के आठ-दस पोतों का भरपूर परिवार छोड़ गयी।