Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

चौबीस सिद्धियों का वर्णन

इस घटना के पश्चात श्री महाप्रभुजी अपने ग्राम हरिवासिणी पधारे। आपके शुभावतार के उपरान्त आपके अनुज श्री चतुरपुरीजी, श्री प्रेमपुरीजी तथा श्री नानूपुरीजी का जन्म हुआ। चारों भाइयों में अत्यधिक प्रेम था। गाँव के लोग इन चारों भाइयों को राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की जोड़ी के समान ही मानते थे। कुछ समय पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने अपने मन में विचार किया कि पूर्ण सिद्ध योगीराज स्वयम् श्री शिव देवपुरीजी महाराज से मुझे गुरुदीक्षा ग्रहण करनी चाहिये। यही सनातन धर्म की प्राचीन मर्यादा है। जैसा कि महात्माओं ने कहा है—

राम कृष्ण से कौन बड़ा उसने भी गुरु कीन ।
तीन लोक के नाथ भी सतगुरु के अधीन ॥

पूर्ण ज्ञानी योगी महापुरुषों में स्वाभाविक सर्वसिद्धियां अर्थात् चौबीस सिद्धियां होती हैं। इसका उल्लेख करते हुए भगवान्‌ श्रीकृष्ण अपने सखा उद्धव से कहे हैं-

जितेंद्रियस्य युक्तस्य जितश्वानस्य योगिन:।
महाधारयतश्चेत् उपतिष्ठन्ति सिद्धय:॥"
(भा ११/१४/९)

अर्थात् प्राण वायु और इन्द्रियों से जप करने वाले तथा मुझमें चित्त की स्थापना करने वाले योगी को बहुत सी अर्थात २४ सिद्धियां स्वत: ही प्राप्त हो जाती हैं। यथा—

१. अणिमा-बड़े शरीर से सूक्ष्म शरीर धारण कर लेना।
२. महिमा-सूक्ष्म से बड़ा हो जाना।
३. लघिमा— भारी शरीर से हल्का शरीर धारण कर लेना।

४. प्राप्ति — इस सिद्धि से योगी पृथ्वी पर बैठा हुआ अपनी अंगुली के अग्रभाग से चन्द्रमा तक का स्पर्श कर सकता है।

५. प्रकाश्य—इस सिद्धि से पर लोक और इस लोक के सब स्थानों की रचनादि देख सकता है।
६. वशिता —भूत भौतिक पदार्थों को आधीन कर लेना तथा स्वयं उनके आधीन न होना।
७. दूरदर्शिता—संसार की उत्पत्ति व प्रलय को छोड़कर शेष ईश्वर के समान सर्वशक्तिमान होना।

८. यत्र कामावस्थायित्व—सत्य संकल्प होना। इस सिद्धि से चाहें तो योगी अमृत की जगह विष का भोजन करवा कर प्राणी को जीवीत कर सकता है।

९. प्राकाम्य—इस सिद्धि से उसकी इच्छा में रुकावट नहीं होती है। इससे वह जल तथा पृथ्वी में प्रवेश कर हजारों किलोमीटर दूर पुन: निकल सकता है। उसके मार्ग में पंचतत्व रुकावट नहीं डाल सकते हैं।

१०. अनुमित्व— भूख, प्यास इत्यादि का नहीं लगना।
११. दूर श्रवण— दूर देश की बात सुनना।
१२. दूरदर्शन—दूर के देश की वस्तु को देखना।
१३. मनोजव—मन की गति के समान देह की गति कर लेना
१४. कामरूप—इच्छित स्वरूप की प्राप्ति ।
१५. परकाया प्रवेश—दूसरे के शरीर में प्रवेश कर लेना।
१६. स्वच्छन्द मृत्यु—अपनी इच्छा के अनुसार मृत्यु।
१७. देव क्रीड़ा दर्शन—अप्सराओं के साथ जो देव क्रीड़ा होती है उसे देखना।
१८. यथा संकल्प सिद्धि होना— संकल्प के अनुसार ही प्राप्ति होना।
१९. आज्ञा प्रति हवा गति—जिसकी गति कहीं न रुके ऐसी आज्ञा।
२०. त्रिकाल दर्शित्व—त्रिकाल का ज्ञान होना।
२१. अद्वन्दत्व—सर्दी, गर्मी इत्यादि में क्लेश न होना।
२२. परिधिताभितज्ञा—दूसरों के चित्त आदि की बात जानना।
२३. अग्न्यादि स्तम्भन—अग्नि , सूर्य, जल विष आदि को रोक लेना।
२४. अपराजय—किसी भी स्थान पर तिरस्कार न पाना।

उपरोक्त चौबीस सिद्धियां ईश्वरीय अवतारों में स्वाभाविक होती हैं। योगी में योगाभ्यास द्वारा प्राण और इन्द्रियों को विजय कर लेने पर प्राप्त हो जाती हैं।

प्राचीन काल में हमारे सभी ऋषि-मुनि आदि योगी ही होते थे। उनमें सर्व प्रकार की योग सिद्धियां रहती थीं। ऋषि-मुनि वर तथा शाप दोनों ही देने में समर्थ होते थे। उनके योग बल के आगे सब राजा व प्रजा सिर नवाते थे। ऐसे ही इस समय परम सिद्ध साक्षात् शिव परम योगीराज भगवान्‌ श्री श्री १००८ श्री देवपुरीजी महाराज परम अवधूत, संन्यासी, कैलाश निवासी हैं। वे ही पूर्ण सत्गुरु हैं। अब मुझे उन्हीं की शरण में जाना चाहिये।