स्वतन्त्रता से पूर्व राजाओं के शासनकाल में माउन्ट आबू में एक अंग्रेज रेजीमेण्ट आफीसर रहा करता था। वहाँ पर वह एक हिन्दू धर्म का कट्टर विरोधी अंग्रेज रेजीमेण्ट बनकर आया था। एक दिन वह संध्या को नक्की झील (तालाब) पर टहलने आया। उस समय झील के किनारे श्री दूलेश्वर महादेव के मन्दिर में बाजों के साथ आरती तथा पूजा हो रही थी। उस अंग्रेज को यह सब देखकर क्रोध आया। उसने वहाँ के साधू तथा ब्राह्मणों को एकत्रित कर डांटते हुए कहा, "तुम लोग ये शोर-शराबा क्यों कर रहे हो? क्या तुम्हारा भगवान् सो गया है या बहरा हो गया है? तुम इन बाजों को जोर-जोर से पीटकर शहर की शान्ति भंग कर रहे हो, इसलिए मैं तुम्हें चेतावनी दे रहा हूँ कि यह सब ढकोसला बन्द कर दो। यदि वास्तव में तुम्हारे भगवान् शिव इन बाजों से प्रसन्न होते हैं तो स्वयं मुझे कहें कि इन्हें बजाने दो। तभी मैं तुम्हें यह सब कुछ करने की आज्ञा दे सकता हूँ, अन्यथा मैं तुम्हें बाजे बजाने की आज्ञा कभी नहीं दूंगा। जो कोई मेरी आज्ञा के बिना बाजा बजायेगा तो मैं उन्हें दण्ड दूंगा।" ऐसा कहकर बहुत से साधुओं को जेल में डाल दिया।
मूर्ख अंग्रेज अफसर के इस ऐलान से सभी साधू ब्राह्मण चिन्ताग्रस्त हो गये। अंग्रेजों का शासन होने के कारण वे उनका विरोध भी नहीं कर सकते थे। सभी सन्तों व ब्राह्मणों ने मन ही मन हरि स्मरण किया, "हे कृपानिधान कैलाशपति, आप स्वयं जब तक इस अंग्रेज अफसर को बाजा (नगाड़े, झालर आदि) बजाने का आदेश नहीं देंगे तब तक हम लोग अन्न, जल ग्रहण नहीं करेंगे। यह हमारा दृढ़ संकल्प है।" साधू-सन्तों के इस दृढ़ संकल्प का पता जब उस अंग्रेज अफसर को चला तब उसने अपने सैनिकों को आदेश दिया कि इन लाल वस्त्रधारी पादरियों (साधुओं) को विष देकर समाप्त कर दो। (ताकि न रहे बांस न बजे बांसुरी)। उस समय आबू के गहन पर्वतों में भगवान् श्री देवपुरीजी महादेव अदृश्य रूप में विराजते थे और कभी-कभी गौ सेवार्थ प्रकट होते थे। उस समय किसी ग्वाले की गायें चराते हुए श्री देवपुरीजी महादेव को साधुओं की वेदना-युक्त आवाजें सुनायी पड़ीं। यह पुकारें साधुओं व भक्तों की थी आपने पुकार सुनते ही दिव्य दृष्टि से देखा कि साधू एवं ब्राह्मण भक्त जन दो-तीन दिन से भूखे व प्यासे अनशन पर बैठे हैं। वह जेल में उनसे चक्कियाँ चलवाते हैं और दु:खी व दीन भाव से मुझे पुकार रहे हैं एवम् साधु, ब्राह्मणों को एक अंग्रेज अफसर विष तेजाब देकर मारना चाहता है, मेरे बिना उनकी रक्षा कौन करेगा? मुझे तत्काल वहाँ पहुँचना चाहिये, उनको बचाना चाहिए, ताकि देवपुरीजी महादेव की अद् भुत शक्ति का आभास उस अंग्रेज अफसर को हो सके, जो कि अज्ञानवश ऐसा कर रहा है। उसको वहाँ चलकर ज्ञान देना चाहिए। उस समय गायों का ग्वाला वहाँ नहीं था। श्री देवपुरीजी महादेव ने ॐकार ध्वनि से चार सफेद शेरों को बुलाया। तत्काल चारों शेर वहाँ आ गये व सात परिक्रमा देकर, सिर झुकाकर आपके समक्ष दूर-दूर खड़े हो गये और देवपुरीजी महादेव की आज्ञा की प्रतीक्षा करने लगे। आपने फरमाया कि गायों का पहरा करों वो कहीं चली न जायें। जैसे ही शेश ने अपने स्वामी की आज्ञा पायी तत्काल चारों शेर गायों की सुरक्षार्थ चारों तरफ दूर-दूर खड़े हो गये। उस वक्त अचानक ही आबू के पर्वतों से स्वयं शिव योगीराज श्री देवपुरीजी महादेव वहाँ पर प्रकट हो गये। योगीराज सीधे ही उस अंग्रेज अफसर के बंगले पर गये। उन्होंने गर्जना भरे स्वर में उस अंग्रेज अफसर को ललकारा, "अरे ओ अंग्रेज अफसर बाहर आकर देख। मैं एक लाल वस्त्रधारी पादरी तुम्हारे बंगले पर आ गया हूँ, अब लाओ सब तुम्हारे जहर व तेजाब की बोतल।"
योगीराज की इस ललकार से एक बार तो उस अंग्रेज अफसर के पाँवों के नीचे से जमीन खिसकने लगी। पर उसने स्थिति को संभालते हुए गुरुदेव के समक्ष तेजाब की बोतल रख दी। शिव योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने बोतल उठाकर एक ही घूंट में खाली कर दी। उनके शरीर में उसका कोई भी असर नहीं हुआ। योगीराज बोले, "तुम्हारे पास और कितनी बोतलें हैं? मेरा नशा अधूरा है। शीघ्र बोतलें लाओ।" अंग्रेज अफसर एक-एक कर सात बोतलें गुरुदेव के हाथों में थमाता/पकड़ाता रहा और गुरुदेव एक के बाद एक सभी बोतलें खाली करते रहे। तब योगीराज ने तेजाब की समस्त बोतलें खाली कर डालीं। पूरा तेजाब पी गए तब अंग्रेज अफसर आश्चर्यचकित रह गया।
इस अद्भुत लीला से वहाँ खड़े सभी लोग दंग रह गये। तब उस अंग्रेज अफसर ने हाथ जोड़कर श्री योगीराज देवपुरीजी महादेव से निवेदन किया कि हे देव, अब हमारे पास तेजाब की बोतलें नहीं हैं। अंग्रेज के मना करने पर योगीराज ने उन सातों बोतलों को तोड़कर, काँच को भी पापड़ की तरह चबाकर खा लिया और अपने प्राणों को ब्रह्म रन्ध्र में चढ़ा दिया। उस अंग्रेज अफसर ने देखा कि योगीराज की सांस एवं नाड़ी बन्द हो गयी है। निश्चित ही यह पादरी मृत्यु लोक को प्राप्त हो गया है। ऐसा सोच कर उस अंग्रेज अफसर ने अपने नौकरों को बुलाकर योगीराज को बाहर करने का आदेश दिया। आदेश पाकर नौकर धीरे-धीरे योगीराज की तरफ बढ़ने लगे। तभी अचानक योगीराज मुस्कुराते हुए बैठ गये। मधुर मुस्कुराहट से अंग्रेज की तरफ देखते हुए बोले, "कौन मर गया? मैं तो आराम कर रहा था ।" ऐसा कहते हुए अंग्रेज अफसर का हाथ पकड़कर योगीराज उसे नक्की झील के अथाह जल की सतह पर घसीट कर ले गये। महायोगीराज तो जल की सतह पर भी वैसे ही चल रहे थे, जैसे पृथ्वी पर चल रहे हों, परन्तु वह अंग्रेज कभी डूबता कभी तैरता। इस तरह उसकी विचित्र स्थिति थी। अथाह पानी के बीच ले जाकर उस अंग्रेज अफसर से कहा, "बोल तू क्या चाहता है? तू इन साधुओं को तंग करता है। इन्हें कहता है कि स्वयं शिव के आकर कहने पर ही पूजा में बाजे, नगाड़े इत्यादि बजाने की आज्ञा दूंगा। मैं स्वयं शिव तेरे समक्ष हूँ, अब तू क्या चाहता है?" तब उस अंग्रेज ने गिड़गिड़ाते हुए पुकारा कि, "श्री देवपुरीजी महादेव बचाओ।" इस प्रकार पाँच बार कहते ही श्री देवपुरीजी महादेव ने मधुर मुस्कुराहट से कहा यही डूबने से बचने का सही मंत्र है—श्री देवपुरीजी महादेव बचाओ। इसी मंत्र से भवसागर के किसी दु:ख सागर में डूबते बच जायेगा। यह विश्व के वरदान अमृत वचन सुनते ही अंग्रेज धन्य हो गया और वह श्वासों श्वास इसी मंत्र की धुन में मस्त हो गया और महातपस्वी के कर-कमल के स्पर्श से ही शुद्ध पावन हो गया।
उसका जीवन बदल गया जैसे पारस के छूने से लोहा सोना हो जाता है, वैसे ही अंग्रेज के अन्त:करण में दिव्य विचार प्रकट हो गये और अंग्रेज ने श्री देवपुरीजी महादेव से वरदान मांगा, "हे दयाल! हम लोगों में विद्या, कला, अन्न, धन आदि की कोई कमी नहीं है, लेकिन सच्चा योग व ब्रह्म ज्ञान, सच्ची शान्ति आदि का अभाव है। इसलिए आप हम अंग्रेजों के लिए कृपा कर पधारें, या अपने दरबार का सच्चा सैनिक एवं दिव्य पुरुष एवं महान् सन्त हमारे देशों में भेजने की कृपा करें।" अंग्रेज की यह प्रार्थना सुनकर सकल कामना सिद्धि वरदाता, करुणामय कैलाशपति ने कहा—"तथास्तु" ऐसा ही होगा और कुछ समय बाद साक्षात् परमात्मा अमृत सागर भगवान्् श्री दीपनारायण महाप्रभु का अवतार होगा। वह आप लोगों के लिए एवम् सम्पूर्ण विश्व के लिए एक महान् ज्योर्तिमय दिव्य पुरुष सप्तऋषियों में से एक ऋषि अथवा अन्य कोई महान् विभूति सत्यलोक से पृथ्वी पर उतारेगा (प्रकट होगा) वही दिव्य पुरुष विश्व दीप परमात्मा अमृत मय दिव्य शांति संदेश को योग वेदान्त द्वारा समस्त विश्व को शान्ति का सन्देश देने आयेंगे। उनके साथ मैं अदृश्य रूप से रहूंगा। विश्व दीप का प्रकाश सर्वत्र अन्दर व बाहर परिपूर्ण ही है, लेकिन उसकी वाणी में विशेष रूप से प्रकट रहेगा जो भ्रम अंधेरे को दूर करेगा और आत्मप्रकाश व आत्म शान्ति प्रदान करेंगे। ऐसा वरदान देकर भगवान् शंकर ने उस अंग्रेज को किनारे पर छोड़ दिया। सबसे पहले उस अंग्रेज ने क्षमा मांगते हुए कुछ भेंट देकर साधुओं को जेल से विदा किया। हजारों भक्त , साधू, ब्राह्मण उस नक्की झील के किनारे पहले से ही खड़े थे। उन सभी ने करुणानिधान कैलाशपति शिव की जय-जयकार की ध्वनि-नाद किया एवम् हर्षित हुए। सभी भक्त एवम् साधूजन महाशिव योगीराज श्री देवपुरीजी के चरण स्पर्श करना चाहते थे, परन्तु योगीराज तो झील की सतह पर से ही दर्शन एवं आशीर्वाद देते हुए अदृश्य हो गये, जहाँ गायें थीं, वहाँ जाकर शेरों से कहा, "तुम्हारी सेवा पूर्ण हो गई है, अपने-अपने जगह चले जाओ।" तब शेर सिर झुका के चले गये।
(प्रकाम्य सिद्धि द्वारा योगी पानी की सतह पर चल सकता है। इस प्रकरण में योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज की प्राकाम्य सिद्धि को ही बताया गया है।)