आबू पर्वत की कन्दराओं में पहुँचना बिरले व्यक्तियों की ही सामर्थ्य की बात मानी जाती है। योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने अणिमा सिद्धि द्वारा छोटे बालक का रूप धारण किया। उसी समय एक गुफा में से चार अघौरी साधु निकले। इस छोटे बालक को देखकर वे कहने लगे कि आज का मुहूर्त बहुत ही शुभ है, आज तो अपना भोजन स्वयं अपने पास आ रहा है। ऐसा विचार कर वे उस बालक के पास पहुँचे और उसे पकड़ने लगे। साधुओं के विचित्र व्यवहार को देखकर बालक ने कहा, "आप लोग क्या कर रहे हैं? मुझ जैसे बालकों पर तो आप जैसे साधु-सन्तों की कृपा होनी चाहिये।" इस पर अघौरी साधु बोले, "हम कृपा नहीं जानते हैं, हम तो तुम्हें पकड़ कर खायेंगे।" इस पर बालक हँसते हुए बोला, "आप मुझे नहीं खा सकते।"
"क्यों नहीं खा सकते? क्या तुम भगवान् राम हो?" साधुओं ने व्यंग करते हुए पूछा तो उस बालक ने जवाब दिया, "हाँ मैं राम हूँ।" बोलो तुम लोगों को क्या चाहिये? बालक के इस आत्मविश्वासपूर्ण उत्तर से एक बार तो साधु स्वयं घबरा गये। फिर भी संभलते हुए उन्होंने पूछा, "अगर तुम राम हो तो हम तुम्हारी परीक्षा लेंगे। अगर इस पहाड़ और झाड़ी में से अपने आप ही 'राम-राम' की ध्वनि निकले तो हम तुम्हें राम मान लेंगे।" साधुओं की इस बात को मानते हुए उस बालक ने झाड़ी और पहाड़ की ओर देखा और उनसे कहने लगा, "हे पहाड़ और झाड़ी आप जोर से बोलिए 'राम-राम'। तभी एक चमत्कार हुआ और चारों ओर से ध्वनियाँ एवम् प्रतिध्वनियाँ सुनाई देने लगीं और "राम-राम" से सारा सौरमण्डल गूँजने लगा। इस लीला को देखकर चारो अघौरी समझ गये यह कोई महान् ईश्वरीय विभूति है। हम चारों पतितों को पावन करने के लिए ही प्रकट हुए हैं। आज का दिन हमारे लिए बहुत ही शुभ है। ऐसा विचार करते हुए चारों अघौरी साधु उस बालक के चरणों में गिर पड़े। वह बालक अपनी महिमा सिद्धि द्वारा पुन: योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज के रूप में परिवर्तित हो गये। अघौरी साधु विस्मयजनक स्थिति में आ गये। उन्होंने योगीराज को साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया और निवेदन करने लगे, "हे प्रभु! हम लोग भटक रहे हैं, आप कृपा करके सत्य मार्ग बतलाइये।" साधुओं की इस प्रार्थना को सुनकर योगीराज ने आशीर्वाद देते हुए कहा, "आप लोग समस्त पाप कार्य छोड़कर गिरनार पहाड़ में जूनागढ़ चले जावें, वहाँ आपको एक पवित्र गुफा मिल जायेगी। उस गुफा में आसन लगाकर ॐकार मंत्र सहित चिन्तन कीजियेगा। तब आप लोगों को आत्मशक्ति मिलेगी।" ॐकार की जप की विधि योगीराज साधुओं को समझाकर स्वयं अचानक ऊंचे पहाड़ पर चढ़ गये।
इसके पश्चात अघौरी साधू परमहितकारी, परम कृपासागर का वचन शिरोधार्य करके गिरनार पहाड़ पर चले गये। वहाँ पर योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज की कृपा से पवित्र जीवन व्यतीत करते हुए, वे थोड़े समय में ही सिद्धि पुरुष हो गये।
(लघिमा सिद्धि के द्वारा रूई के समान हल्के होकर चाहे जहाँ उड़ सकते हैं।)
परम योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने विचार किया कि संसार में भूले-भटके जीवों को सत्य मार्ग दिखलाना अति आवश्यक है। ऐसा विचार कर आप माउण्ट आबू से रवाना होकर अजमेर के पास नसीराबाद में, जहाँ अंग्रेजों की छावनी थी, पधारे। वहाँ पर अंग्रेजों को आपने अनेकानेक चमत्कार दिखलाये। इन आश्चर्यजनक चमत्कारों से प्रभावित होकर अंग्रेजों ने योगीराज को रुपयों की एक थैली भेंट की। कुछ समय वहाँ पर आनन्दपूर्वक समय व्यतीत करने के बाद आप राजस्थान के सीकर जिले में कैलाश गाँव में पधारे।