Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

गाँव कैलाश में आश्रम की स्थापना

योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने कैलाश पहुँचकर गाँव वालों के समक्ष आश्रम बनाने की इच्छा प्रकट की। गाँव वालों ने अपना सौभाग्य माना। समस्त गाँव वाले योगीराज के पास आये और कहने लगे, "गुरुदेव, यह तो हमारा अहोभाग्य है कि आपने हमारे गाँव में आश्रम बनाने की इच्छा प्रकट की। हम लोग हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि आप आज्ञा करें । आपके आदेशानुसार हम व्यवस्था कर देंगे। हमें सेवा करने का शुभ अवसर प्रदान करें।" योगीराज ने वहाँ पर अति सुन्दर आश्रम बनाया। नसीराबाद छावनी से योगीराज जो कुछ भी धन लेकर आये थे वह सम्पूर्ण धन उस आश्रम में लगा दिया। यह रमणीक आश्रम दो मंजिल का बना। वहाँ के प्रसिद्ध कारीगरों ने इसे बनाकर अपनी कला का अति उत्तम संगम वहाँ पर प्रस्तुत किया। चारों तरफ से हवादार, प्रकाशयुक्त बने इस आश्रम के बीच में वेद विधियुक्त एक विशाल तथा सुन्दर हवन कुण्ड स्थापित किया जिसमें अखण्ड हवन चलता ही रहता था। उस आश्रम में स्वयं शिवरूप योगीराज ने रामायण की कथा आरम्भ की। आपकी कथा अतिरोचक व मनोहर होती थी।

गाँवों के हजारों नर नारी कथा सुनने आते थे। आश्रम में हजारों आदमियों का भांति-भांति का भोजन बनता था, परन्तु किसी को यह ज्ञात नहीं होता था कि इस भोजन के लिए सामग्री कहाँ से आती है? ऐसा भी कहा जाता है कि साक्षात् रिद्धि-सिद्धि तथा कुबेर योगीराज की सेवा में तत्पर रहते । लोगों की भीड़ का ताँता बना ही रहता था। इस प्रकार लगातार तीन वर्ष तक ज्ञानामृत का आनन्द उस आश्रम में योगीराज द्वारा बरसता ही रहा । अब आपके मन में विचार आया कि ये सब लोग मेरे पास मुक्ति व आत्मज्ञान के लिए नहीं आते हैं। ये तो केवल मुफ्त का भोजन करने और राग-रागिनी सुनने ही आते हैं । उन्होंने देखा कि भैंस के आगे भागवत् पढ़ने से कोई फायदा नहीं। ऐसा विचार कर योगीराज ने एक दिन आश्रम से बाहर निकलकर जोर-जोर से आवाज लगानी शुरू कर दी, "सभी भक्त गण आश्रम से बाहर निकलो । देखो आश्रम की ऊपर वाली मंजिल गिरने वाली है।" तभी योगीराज ने आश्रम की ऊपर वाली मंजिल की ओर त्राटक दृष्टि से देखा और देखते ही देखते सबके सामने आश्रम का भाग फटकर गिरने लगा तथा थोड़ी ही देर में मलबे के ढेर के रूप में परिवर्तित हो गया। तत्पश्चात् आपने एक ऐसी आवाज लगाई, जिसको सुनकर हर प्रकार के विषैले सर्प वहाँ पर एकत्रित हो गये। योगीराज इन विषैले सर्पों को पकड़कर मनुष्यों पर फेंकने लगे। इस विचित्र लीला से लोग भयभीत होकर वहाँ से भागने लगे । लोग कहने लगे "महात्माजी को अचानक यह क्या हो गया? कहीं ये पागल तो नहीं हो गये।" ऐसा कहते-कहते सभी अपने-अपने घर चले गये। इतनी बड़ी घटना हो जाने के पश्चात् भी किसी को शारीरिक चोटें नहीं आयी।

(यह आश्रम श्री कैलाश गाँव में एक खण्डहर के रूप में मौजूद था जिसका पुनर्निर्माण विश्वगुरु परमहंस श्री स्वामी महेश्वरानन्द्जी द्वारा सन्‌ १९९० में करवा दिया गया है।)