Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

नाथ योगी को शान्ति प्रदान करना

आश्रम के पीछे की ओर एक नाथ योगी नवरात्रि अनुष्ठान कर रहा था। वह देवी की मूर्ति के आगे जप कर रहा था। उसके पास जाकर श्री योगीराज ने कहा, "हे नाथ बाबा, तुमने कान तो झड़वाये, परन्तु मन माया से नहीं छुड़ा सके। इस माया रूपी देवी से तू क्या चाहता है? जो चाहे सो मुझ से मांग ले। मैं तुम्हें सर्वस्व दे सकता हूँ।" तब नाथजी महाराज इन अद्भुत वचनों को सुनकर दंग रह गये। उन्होंने चुपचाप वहाँ से प्रणाम करके नौ-दो ग्यारह होने में अपना सार समझा। किसी भी व्यक्ति को पता नहीं चला कि नाथजी महाराज कहाँ चले गये?

इस घटना के तीन दिन पश्चात् योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने प्रकाश्य सिद्धि (दिव्य दृष्टि) द्वारा यह जान लिया कि नाथ बाबा लोहार्गल तीर्थ मेले में उदास मन से बैठे हैं। सिद्धि बल से ही श्री योगीराज अचानक ही नाथ बाबा के समक्ष प्रकट हो गये। उन्होंने नाथ बाबा को आशीर्वाद दिया, "तुम चिन्ता मत करो। मैं सदैव तुम्हारे साथ हूँ। जब-जब भी तुम इच्छा करोगे तब-तब मेरे दर्शन पाओगे।" योगीराज के इस आशीर्वाद से नाथ बाबा अति प्रसन्न हुए और उनके चरणों में गिर पड़े। ज्योंही नाथ बाबा ने ऊपर दृष्टि उठायी तो वहाँ योगीराज को नहीं पाया। योगीराज तो अदृश्य हो गये थे। इस लीला से खुश होकर नाथजी महाराज ने अपने मन में योगीराज की मूर्ति धारण कर ली, जिससे उन्हें अखण्ड शान्ति प्राप्त हुई।