Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

कुत्तों और सर्पों को नियन्त्रण में रखना

परमसिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज, गाँव कैलाश पधारे वहाँ पर आप अवधूत अवस्था में रहने लगे। आप हर वक्त पाँच-सात कुत्तों व सात-आठ सर्पों से घिरे रहते थे। मनुष्यों को अपने नजदीक भी नहीं आने देते थे। योगीराज अपने कुत्तों को 'रईस' नाम से पुकारते थे। ऐसा भी कहा जाता है कि योगीराज इन कुत्तों को अपना तकिया बनाकर सोते थे। यहाँ तक कि बैठने के लिए सहारा भी कुत्तों का ही लिया करते थे। योगीराज की आज्ञा पाकर ही कुत्ते अपनी दिनचर्या बनाते थे। योगीराज की आज्ञा पाकर ये कुत्ते शिकार भी कर लिया करते थे। जब कभी योगीराज का मन कुछ समय मनोरंजन करने का होता तो आप कुत्तों के साथ विचित्र लीला करते थे। कभी-कभी किसी एक कुत्ते के ऊपर बहुत से कपड़ों को लोहे के तारों से बांधकर उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा देते थे। आग की लपटों युक्त उस कुत्ते को भागते हुए देखकर आप ठहाका लगाते और हंसते हुए कहते, "देखो लंका जल रही है।" उस दृश्य से लोग उस कुत्ते के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हुए कहते थे, "यह साधु इस निर्दोष कुत्ते को जला रहा है।" लेकिन लोगों को क्या मालूम कि इस कुत्ते का तो बाल भी नहीं जल रहा है। कभी-कभी योगीराज बीहड़ जंगलों में जाकर ऐसी आवाज लगाते कि सुनकर सभी सर्प इकट्ठे हो जाते थे और अपने गुरुदेव के वचनामृत सुनने के लिए फन फैलाकर और कुण्डली मारकर बैठ जाते। उस समय आप इन सर्पों को निर्देश देते कि अमुक-अमुक सर्प को आश्रम की इस-इस सीमा में घूमने की छूट है। आप अपनी सीमा का उल्लंघन न करें। अगर कोई सीमा का उल्लंघन करेगा तो उसे दण्ड मिलेगा। ऐसा कह करके आप स्वयं बाहर चले जाते। कभी-कभी कोई सर्प अपनी सीमा का उल्लंघन करता तो आप उन्हें कठोर दण्ड देते। दो सर्पों की पूंछों को आपस में सुई और धागे से सी देते थे। उन सर्पों की कुण्डलियां बनाते देख आप उन्हें सुधारने की लिए आशिर्वचन कहते। दोषी सर्प योगीराज से दया की भीख मांगते, तब योगीराज उन सर्पों को छोड़ देते। उन्हें समझाते थे कि वे भविष्य में इस गलती को दोहराने का साहस नहीं करें।