योगीराज देवपुरीजी महाराज कैलाश आश्रम में विराजमान थे। तब किसी ने आकर प्रार्थना की, "हे कृपा सिन्धु! आपके पड़ौस के गाँव जालूड़ में पीने का पानी नहीं है। मनुष्य व पशु-पक्षी प्यासे मर रहे हैं। और आसपास के कुओं में खारा पानी है।"
लोगों की समस्या सुनकर योगीराज गाँव जालूड़ पहुँचे। आपके साथ कुत्तों एवम् सर्पों की फौज भी थी। योगीराज ने गाँव के बाहर एक वट वृक्ष के नीचे आसन लगाया। गाँव के लोग योगीराज के शुभागमन पर बहुत प्रसन्न हुए। सभी वर्गों के लोग आपके समक्ष उपस्थित हुए और अपनी समस्या योगीराज को बताई। योगीराज ने उनकी समस्या सुनकर आशीर्वाद देते हुए बताया कि "शीघ्र ही आप एक कुआं खोदना प्रारम्भ करो। तीन दिन के अन्दर यहाँ मीठे पानी की अथाह धारायें फूट पड़ेंगी।" ऐसा कहते हुए योगीराज एक फीता लेकर कुएं के लिए जमीन नापकर बताने लगे। फिर क्या था? देखते ही देखते अनेक लोग इस कार्य में जुट गये। मात्र चौबीस घण्टों में एक गहरा कुआं खुद गया था। देखते ही देखते उसमें अमृत तुल्य मीठा पानी निकल आया। मीठा पानी देखकर लोग खुशी के साथ योगीराज की जय-जयकार करने लगे। इसके पश्चातयोगीराज ने आस-पास के गाँवों से कुशल कारीगरों, मिस्त्रियों एवं मजदूरों को बुलाकर उस कुएं को पक्का बनवा दिया। वह कुआं अब भी मौजूद है।