Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

अक्षय तृतीया को विवाह का आशीर्वाद

योगीराज प्रात:काल जंगल की ओर जा रहे थे। उसी गाँव (कैलाश) के एक हरिजन ने उन्हें देखकर प्रणाम किया। योगीराज ने उस हरिजन को आशीर्वाद दिया, "आनन्द करो बच्चा, इस अक्षय तृतीया को तुम्हारा विवाह हो जायेगा।" यह वचन सुनकर हरिजन स्तब्ध रह गया। हरिजन ने कहा, "यह कैसा आशीर्वाद दे दिया? गुरुदेव मैं तो शादीशुदा हूँ, मेरे पाँच बच्चे हैं और दूसरी शादी करने की इच्छा भी नहीं है। फिर आपका यह आशीर्वाद......?"

"मैं जानता हूँ बच्चा। इस समय जो तेरी अर्द्धांगिनी है, उसका जीवन परसों प्रात: चार बजे तक ही है। फिर वह तुम्हें व तुम्हारे बच्चों को छोड़कर स्वर्ग चली जायेगी। अत: तुम्हारे परिवार की भलाई के लिए ही मैंने यह आशीर्वाद तुम्हें दिया है । " योगीराज ने आत्मविश्वासपूर्वक उस हरिजन को पूरी स्थिति से अवगत कराया। योगीराज के वचनों के अनुसार ही उस हरिजन की पत्नी पूरे परिवार को रोता-बिलखता छोड़ स्वर्ग में चली गयी। पूरे परिवार में शोक का वातावरण हो गया।

कुछ ही दिनों के पश्चात ठीक अक्षय तृतीया को उस हरिजन का पुन: विवाह हो गया। यह चमत्कार देखकर वह हरिजन योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज से बहुत प्रभावित हुआ। इसके बाद वह रोज प्रात: योगीराज के आश्रम जाता ही रहता था।