Lila Amrit

अवतार · सभी अध्याय

भगवान्‌ शंकर से महाप्रभुजी का दीक्षा ग्रहण करना

श्री देवपुरीजी, श्री महाप्रभुजी और श्री माँगीलालजी

कुछ समय बाद परम योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज अपने कुत्तों, गायों, भेड़, बकरियों, सर्पों व घोड़े इत्यादि पालतू जानवरों को लेकर बड़ी खाटू के पहाड़ों में विराजमान हो गये।

बड़ी खाटू व छोटी खाटू की प्रजा और राजा आदि योगीराज के दर्शनार्थ पहाड़ों पर आने लगे। सभी लोगों को योगीराज के व्यक्तित्व से भय लगता था, अत: सभी लोग केवल दर्शन करके चले जाते थे। कोई भी व्यक्ति वहाँ पर ज्यादा देर तक नहीं रुकता था।

भगवान्‌ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी अपनी गायों को चराते हुए उस स्थान पर पहुँच गये, जहाँ पर स्वयं शिव एवम् योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज समाधि में लीन थे। महाप्रभुजी ने उनको साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया।

उस समय योगीराज ने आँखें खोली और मधुर मुस्कान भरी दृष्टि से महाप्रभुजी की ओर देखा। कुछ समय के लिए दोनों विभूतियों की नजरें मिलीं। आंखों ही आंखों में मौन वार्तालाप हुआ। एक जोड़ी आंखें श्रद्धा से नम थीं तो दूसरी जोड़ी आंखें कुछ देने के लिए आतुर थी। उस अलौकिक छवि का वर्णन शब्दों में करने मैं असमर्थ हूँ।

श्री महाप्रभुजी ने योगीराज की सात बार परिक्रमा की और नम्र भाव से परम योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज के समक्ष विराजमान होकर सुमधुर राग में स्तुति करने लगे-

ॐ नमस्ते श्री गुरु, देवपुरी दयालम् ।
निजानन्द, आनन्द, माया के आलम् ॥
शरीरं अखंडं हरि रूप जासे ।
अतीतं अनादि, निराकार भासे ॥
अगम अजोनी, अपार अलिप्तम् ।
स्वरूपम् सुशुद्धम्, सदा योगी जप्तम् ॥
नमो सर्वव्यापी, गुणातीत देवा ।
सदा स्वामी दीप, करे चरण सेवा ॥

उक्त स्तुति सुनकर महायोगीराज श्री देवपुरीजी महाराज अत्यन्त प्रसन्न हुए और कहने लगे, "हे विश्व दीप! मैं और तुम एक हैं। मात्र शरीर अलग-अलग हैं। तुम स्वयं शुद्ध स्वरूप, सत्‌चित्‌ आनन्द मूर्ति हो, इतने पर भी सत्य सनातन धर्म मर्यादा का पालन करना महापुरुषों का धर्म है। ऐसा कहते हुए पूर्ण कृपा एवम् आशीर्वाद युक्त गुरुदेव अपना वृहद्‌ हस्तकमल श्री महाप्रभुजी के मस्तक पर धरा। फिर श्री महाप्रभुजी को कहा, "अहं ब्रह्म अस्मि", "एको ब्रह्म-द्वितीयोनास्ति" के अमर मंत्र की दीक्षा प्रदान की। श्री महाप्रभुजी ने योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज की पूजा व अर्चना की। तथा यह भजन सुनाया-

भजन (पद राग सोहनी)
धन्य-धन्य हो ऐसा भाग सिकन्दर।
दर्शन दिया हो सायब, बाहर अन्दर॥टेर॥
ज्ञान विज्ञान स्वरूप स्वच्छन्दर।
बिराजिया दिल मन्दिर अन्दर॥१॥
ब्रह्मा हो नन्द आनन्द जैसा इन्दर।
होत प्रकाश, पूनम का हो चन्दर॥२॥
अचल उजास भया दूर गई धुन्दर।
मन मोहन हरि हो, आप मुकन्दर॥३॥
सतगुरु सायब, देवपुरीजी।
श्री स्वामी हो दीप स्वरूप है सुन्दर॥४॥

भजन (पद राग बड़ो आसा)
साधो भाई महामन्त्र हम पायो।
ब्रह्मा पायो रे विष्णुपायो रे, शिव शंकर खुद सदायो॥ टेर॥
ईश्वकूल सूर्य पायो, महाराजा मनु सद वायो।
राजा रघु दशरथ जन पायो, मुनि वरिष्ठ सद दायो॥ १॥
रामचन्द्र, विश्वामित्र पायो, सप्तऋषि सद दायो।
गोरखनाथ, नवनाथा पायो, श्री पूज्य दत्त सदायो॥ २॥
नारद-शारद, शेष जी ने पायो, कालू कीर सद दायो।
पारासुर सारासुर पायो, वेद व्यास सद दायो॥ ३॥
मुनि शुकदेव जनक विदेही, अष्टावक्र सद दायो।
अर्जुन कृष्ण मेहरम कर पायो, श्री शंकराचार्य सद दायो॥ ४॥
अनन्त कोट ऋषि-मुनि भक्त जन, साधक सिद्ध सद दायो।
सतगुरु सायब देवपुरीजी, स्वामी दीप पद पायो॥ ५॥

यह भजन सुनाकर श्री महाप्रभुजी ने योगीराज से निवेदन किया कि "हे गुरुदेव! आप हमारे घर पधारने की कृपा कीजिये। मेरे माता-पिता आपके दर्शन कर पावन होंगे।" योगीराज ने श्री महाप्रभुजी के निवेदन को स्वीकार किया। और दोनों विभूतियाँ गाँव हरि वासणी की ओर चले।

गाँव हरि वासणी में दोनों विभूतियों के दर्शन कर महन्तजी श्री स्वामीजी उदयपुरीजी महाराज अति आनन्दित हुए। उन्होंने दण्डवत् प्रणाम कर दोनों ही विभूतियों को पवित्र आसनों पर विराजमान किया। महन्तजी प्रार्थना व पूजा स्तुति करके कहने लगे, "आज मेरा जीवन धन्य हो गया। मेरी आँखों के सामने साक्षात् हरि और हर विराजमान हैं। हमारा गाँव, हमारा देश, सभी आपके पधारने से पवित्र हो गये।" उन्होंने दोनों विभूतियों को भोजन कराया। कुछ समय बाद महालक्ष्मी श्रीमती चन्दन देवी ने साष्टांग प्रणाम किया, फिर इनके चेहरे की ओर देखा। वे विस्मय में पड़ गयीं। यह चेहरा उन्हें कुछ जाना-पहुँचाना लगा। उन्हें आभास हुआ, जैसे पहले भी कभी योगीराज को देखा है। तभी स्वयं योगीराज ने कहा, "मातेश्वरी, आप जो सोच रही हैं वह सत्य है। मैंने महाशिवरात्रि के शुभावसर पर आपको ध्यानावस्था में दर्शन दिये थे। उस समय मैंने आपसे कहा था। मैं एक ईश्वरीय विभूति के साथ शीघ्र ही आपसे मिलूंगा। मैं वही शिव हूँ। यह ईश्वरीय विभूति यह विश्वदीप है। आप किसी प्रकार का भ्रम न करें।"

गुरुदेव के इन वचनों के साथ ही मातेश्वरी का भ्रम दूर हो गया। उन्होंने मन में सोचा "वास्तव में वही चेहरा, वही रूप, सब कुछ वही है। यह वही कैलाशपति हैं, जिनके आशीर्वाद से हमारे घर में प्रभु का अवतार हुआ है। आज मेरा अहोभाग्य है जो साक्षात् शिवजी हमारे घर पधारे हैं।" ऐसा सोचकर उन्होंने योगीराज के चरणों में पुन: प्रणाम किया। ततपश्चात् चरणामृत लेकर अपने सभी बच्चों व परिवार जनों को वितरित किया। स्वयं मातेश्वरी ने चरणामृत पान करके अपने अहोभाग्य की सराहना की। उस दिन बड़ा आनन्दमय वातावरण रहा। श्री देवपुरीजी महाराज ने रात्रि विश्राम भी वहीं पर किया। रातभर सत्संग व रात्रि जागरण चलता रहा।

भजन
जय मातेश्वरी जय देवी चन्दन। विश्व दीप ज्योति, घर तेरे नन्दन॥
धन्य दीप प्रभु, धन्य मातेश्वरी। तेरे स्मरण से होय दु:ख भंजन॥
आप ही आदि अनादि मैया। सब ही देव करे नित्य वंदन॥
ऋषि, मुनि अवतार जपे नित। तेरी कृपा से कटे जग बन्धन॥
मुझ पर मेहर करो मेरी मैया। दर्शन देय हरो भव बन्धन॥
श्रीदीप ज्योति, है आपका नन्दन। बाल मुकन्द जगत सुख कन्दन॥
"माधवानन्द" पर नजर निहारो। पापों के पहाड़ करो सब खण्डन॥