पूज्य श्री महाप्रभुजी कई दिनों तक श्री देवपुरीजी महाराज के सान्निध्य में खाटू के पहाड़ों पर ही योग साधना करते रहे। एक बार अवधूत एवं सिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने आपको प्रात: जल्दी प्रसाद लेकर आने की आज्ञा दी। आज्ञानुसार श्री महाप्रभुजी प्रसाद लेकर आये और दाहिने हाथ की हथेली पर रखकर गुरुदेव योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज को प्रस्तुत किया। उस समय योगीराज ने महाप्रभुजी का हाथ पकड़ लिया। तत्काल चाकू निकाल कर उनके हाथ में जगह-जगह पर घाव करने लगे। देखते ही देखते खून के फव्वारे फूट गये। गुरुदेव योगीराज ने दूसरे दिन भी महाप्रभुजी को प्रसाद लेकर आने को कहा। तदन्तर श्री महाप्रभुजी मठ में पधारे और दाहिने हाथ में पट्टी भी बांधी। गुरुदेव की आज्ञानुसार आप दूसरे दिन फिर गाँव से प्रसाद लेकर गुरुदेव के पास पहुँचे। महाप्रभुजी ने योगीराज को दण्डवत् प्रणाम किया और बायें हाथ से प्रसाद गुरुदेव के समक्ष प्रस्तुत किया। तब गुरुदेव योगीराज ने महाप्रभुजी का बायाँ हाथ पकड़कर उस पर भी चाकू से कई घाव कर दिये। यह हाथ भी खून से रंग गया।
इसके पश्चात योगीराज ने महाप्रभुजी के चेहरे की ओर देखा। उनके चेहरे पर अभी तक वही मुस्कान थिरक रही थी। तब गुरुदेव ने कहा; "हे दीप! यह तुम्हारी प्रथम परीक्षा थी। मैंने तुम्हें कोई दण्ड नहीं दिया, बल्कि ऐसा करके मैंने तुम्हारे हाथों में वो शक्ति भर दी है कि जिससे तुम जिस किसी मनुष्य के सिर पर हाथ रखोगे वह मनुष्य सभी दुखों से मुक्त होकर जीवन व्यतीत करेगा। वह व्यक्ति एक अलौकिक आनन्द और परम शान्ति अनुभव करेगा।" इसलिए मैंने तुम्हारे साथ ऐसा किया है। गुरुदेव के ऐसे वचनों को सुनकर श्री महाप्रभुजी ने कहा कि "हे गुरुदेव, आप सदैव लोगों की भलाई करते हैं। इसमें हम सभी की भलाई निहित है। तभी तो मैंने देखा कि तेज चाकू से आपने मेरे हाथों पर घाव किये लेकिन दूसरे ही दिन वे घाव साधारण उपचार से ही बिल्कुल ठीक हो गये।" इस घटना के पश्चात् श्री गुरुदेव योगीराज ने श्री महाप्रभुजी को तीसरे दिन भी प्रात: फिर प्रसाद लेकर आने का आदेश दिया। गुरुदेव की आज्ञा पाकर श्री महाप्रभुजी तीसरे दिन भी प्रात: प्रसाद लेकर गुरुदेव के समक्ष प्रस्तुत किया। श्री महाप्रभुजी ने गुरुदेव योगीराज को दण्डवत् प्रणाम किया तथा उनके सामने बैठ गये। इस पर देवपुरीजी महाराज ने मुस्कुराते हुए कहा, "दीप, तुम शायद डर गये।" गुरुदेव के वचन को सुनकर महाप्रभुजी बोले, "गुरुदेव आपके पास डर कैसा? यहाँ आकर तो प्रत्येक व्यक्ति डर से मुक्त हो जाता है। फिर मैं तो आपका सेवक हूँ।" इससे प्रसन्न हो श्री देवपुरीजी महाराज ने श्री महाप्रभुजी से कहा, "दीप मैं तुम से बहुत खुश हूँ। तुम जो चाहो वो मुझसे माँगो।"
तब श्री महाप्रभुजी ने निवेदन किया, "हे गुरुदेव! आप आपके निर्गुण तथा सगुण दोनों स्वरूपों साक्षात् आत्मज्ञान तथा भीतर बाहर आत्मप्रकाश मुझे दे दीजिये।"
सिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज के पास में एक भाला था। वे उस भाले को थामकर खड़े हो गये और श्री महाप्रभुजी की पीठ मेरुदण्ड की हड्डियों के बीच में जोर से भाला दे मारा। नुकीला भाला महाप्रभुजी की पीठ में तीन इन्च अन्दर घुस गया। पीठ से रक्त की तेज धाराएं फूट पड़ी। इतनी कठोर परीक्षा में भी श्री महाप्रभुजी सफल हो गये। उनके चेहरे पर अभी भी वही मुस्कुराहट थी। आँखों में सफलता की चमक थी। श्री महाप्रभुजी की पीठ में भाला पिरोये सिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने सुमधुर वाणी में कहा, "वाह दीप! तुम सचमुच महान् शक्तिशाली हो। एक दीप आकाश में सूर्य चमकता है जो पूरे संसार को प्रकाश देता है। दूसरे विश्वदीप सूर्य तुम हो। देखो तुम मोहमाया अन्धकार में भटकते प्राणियों को अभयदान व आत्मज्ञान देने में समर्थ हो। ऐसा वरदान देकर उन्होंने उस नुकीले भाले को पीठ से बाहर निकाल लिया। खून को रोकने के लिए योगीराज ने एक कपड़ा जलाकर उसकी राख को महाप्रभुजी के घाव पर लगा दिया और खून बहना बन्द हो गया। कुछ ही समय पश्चात गुरुदेव खाटू की पहाड़ियों में अदृश्य हो गये। श्री महाप्रभुजी ने विचार किया कि कृपानाथ श्री सतगुरु देव की आज्ञा के बिना मैं कहीं भी नहीं जाऊंगा। यह निश्चय करके श्री महाप्रभुजी तीन दिन तक लगातार एक ही आसन पर विराजमान रहे। पीठ का घाव अब बिल्कुल ठीक हो गया था। इस घाव का निशान उनकी पीठ पर आजीवन रहा। तीन दिन बाद अचानक ही श्री देवपुरीजी महाराज पुन: प्रकट हुए। उन्होंने श्री महाप्रभुजी से कहा, "दीप अब तुम कहीं एक जगह पर स्थान बनाकर रहो। सर्व रिद्धि-सिद्धि तुम्हारे आधीन रहेंगी।" तब महाप्रभुजी ने कहा, "हे गुरुदेव! आप जैसे सिद्ध योगीराज के चरण कमल जहाँ होंगे, वही आपके चरणों की धूल मेरे लिए सर्वस्व होगी।"
इसके पश्चात् सिद्ध योगीराज व श्री महाप्रभुजी ने प्रस्थान किया।