गाँव कचरास के पास तालाब से पूर्व की ओर श्मशान डूँगरी (पहाड़ी) नाम से विख्यात थी। वह जगह अत्यन्त डरावनी एवं भयानक थी। वहाँ आसपास रहने वाले लोगों की यह मान्यता थी कि इस श्मशान डूँगरी पर जिन्न, भूत-प्रेत आदि रहते हैं। वहाँ पर दिन के समय भी मनुष्य नहीं जाते थे। वहीं पर जाकर सिद्ध योगीराज खड़े हुए और कहने लगे, "दीप, यह जगह तुम्हारे लिए उपयुक्त है। तुम्हें इस स्थान को शाप मुक्त करना होगा। इस स्थान पर आने में लोगों में भय बना हुआ है। अत: तुम्हें उन सभी व्यक्तियों को अभयदान देना है।" यह कहते हुए सिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने आश्रम के लिए भगवा झण्डा गाड़ दिया। उस समय श्री महाप्रभुजी ने आत्म अनुभव से यह भजन श्री गुरुदेव योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज को सुनाया ।
"भगवा ध्वज" — एक भजन
है निशान भगवा हिन्द का, पूजनीक आदि अनादि।
पूजनीक आदि अनादि, सतगुरु शिव शंकर की गादी॥ टेर॥
सुरति और स्मृति गाँवें, कहते हैं ब्रह्मवादी।
प्रकट हैं प्रमाण वेद में, भिन्न-भिन्न कर समझादी॥ २॥
वन्दनीय विश्व का कहिये, त्याग प्रतीक हैं आदी।
साक्षीरूप सत्य सुख राशि, यह साँची बात बतादी॥ ३॥
भाग्यशाली भगवा की छाया, आवत हैं सत्यवादी।
अधम जीव नहीं जान सके हैं, भूल गया सत्यवादी॥४॥
श्री पूज्य भगवान् देवपुरीजी, अनुभव अगम लगा दी।
श्री स्वामी दीप इष्ट हैं आदि, सतगुरु चरण शरण प्रसादी॥ ५॥
यह भजन सुनकर सिद्ध योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज मंत्र मुग्ध हो गये। अति प्रसन्नतापूर्वक कहने लगे, "दीप, यहीं पर तुम्हारा आश्रम बनना चाहिए।" इतना कहकर श्री देवपुरीजी महाराज ने कैलाश की तरफ प्रस्थान कर दिया।