
परम योगीराज श्री देवपुरीजी महाराज ने जिस स्थान पर भगवा ध्वज स्थापित किया था, उसी स्थान पर एक आश्रम बनाया गया था। यह स्थान "देवडूँगरी संन्यास आश्रम" के नाम से आज भी विख्यात है। अखण्ड बाल ब्रह्मचारी, अटल वैरागी भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी का प्रभाव वहाँ के निवासियों को पहले से ही मालूम था, अत: ग्रामीण लोग प्रतिदिन हजारों की संख्या में आश्रम आते और दर्शन करके कभी-कभी वहाँ पर सत्संग का भी आयोजन करते। श्री महाप्रभुजी वीणा के तार पर अति मधुर भजन सुनाते। श्रोतागण भजन सुनते-सुनते मन्त्र मुग्ध हो जाते थे। आपकी सुमधुर वाणी में ऐसा आकर्षण था कि कठोर से कठोर हृदय भी खुशी से नाचने लगता। आपकी सुरीली आवाज में लोग बंध जाते थे। आश्रम से पाँच किलोमीटर की दूरी तक आवाज स्पष्ट सुनाई देती थी। सभी लोग इस आवाज को सुनकर प्रसन्न होकर आश्रम की ओर चल पड़ते थे। यह एक ईश्वरीय शक्ति ही थी, जिससे लोग अपने सभी काम छोड़कर भी आश्रम में चले जाते थे। कई बार ऐसा भी होता कि आश्रम में जो भक्त उनके पास आते उनके मन के विचारों को महाप्रभुजी अपनी दिव्य दृष्टि से जान लेते थे और स्पष्ट रूप से उन्हें कह देते थे। इनकी इस शक्ति से प्रभावित होकर लोगों ने उन्हें अन्तर्यामी प्रभु के नाम से संबोधित करना प्रारम्भ किया। भजन गाते समय श्री महाप्रभुजी का ध्यान एकाग्र अर्थात एक ही स्थान पर था। भजन करते समय महाप्रभुजी के सन्मुख कोई भी व्यक्ति नहीं बैठता था। सभी व्यक्ति उनके दायें-बायें एवं पीछे की तरफ ही बैठते थे। कारण कि महाप्रभुजी का दिव्य प्रकाश इतना तेजस्वी था कि साधारण व्यक्ति सहन नहीं कर सकता था।
कुछ ही दिनों बाद दूर-दूर से भक्त गण गुरुदेव श्री महाप्रभुजी के आश्रम में आने लगे। सभी भक्त दर्शन लाभ प्राप्त करते, भजन कीर्तन करते, यथाशक्ति भेंट भी करते और कुशलपूर्वक अपने गाँवों में लौट जाते थे। गुरुदेव श्री महाप्रभुजी की कृपा दृष्टि सभी भक्तों पर समान रूप से थी।