
बहुत से भक्तों ने मुझसे बार-बार यह आग्रह किया, "आप अपना परिचय एवं श्री महाप्रभुजी की आप आँखों देखी सत्य लीलाओं का वर्णन करने की कृपा करें।" तब मैंने उनसे कहा कि इसी प्रकार राजा कर्ण से भी प्रश्न किया गया था । राजा कर्ण ने अपना आत्म परिचय देते हुये कहा था--
सुतों वा सूत पुत्रों वा यो को वा अगम्यहम् ।
देवांयत् कुले जन्म मदायन्तु पौरुषम् ॥
अर्थात् चाहे सूत पुत्र हूँ या सूत हूँ अथवा जो कोई भी हूँ इससे क्या? किसी भी कुल में जन्म होना देवाधीन है। लेकिन पुरुषार्थ तो मेरे आधीन है। अत: पुरुषार्थ ही मेरा सच्चा सही परिचय है।
सन्तों का परिचय तो उनका त्याग, वैराग्य, भक्ति, योग, आत्मज्ञान और आध्यात्मिक उपलब्धि ही है। जिससे मानव को उत्तम प्रेरणाएँ मिलती हैं।
सज्जनों—
आप तो उन हंसों के समान हो जो असार छोड़ सार ही ग्रहण करते हैं। अमूल्य मोतियों से भरा क्षीर सागर ही चाहते हैं। इसी प्रकार भी महाप्रभुजी की अमृत लीला रूपी सुख सागर व प्रभु के शब्द रूपी मोती चाहते हैं। संसार की असार वासना को त्याग कर श्री महाप्रभुजी ज्ञान-गुण रूपी सार ही चाहते हैं, इसके लिए धन्यवाद।
आपकी यह पवित्र भावना आपके पूर्व के उत्तम पुण्य व श्री महाप्रभुजी की भक्ति से उनकी परम कृपा का प्रसाद है।
हे प्रभु प्रेमी भक्तों! भारत के ऐतिहासिक प्रान्त राजस्थान के पाली जिले की देसूरी तहसील में गाँव नीपल में महर्षि गर्गाचार्य के वंश में पंडित श्री लालचन्दजी के यहाँ विक्रम सम्वत् १९८० के माह भाद्रपद् सुदी एकम् मंगलवार तदनुसार ११ सितम्बर, १९२३ को प्रात: ९ बजे मेरे शरीर का जन्म हुआ। पंडित लालचन्दजी ज्योतिषाचार्य थे। वे विनम्र व सरल स्वभाव के तथा भगवान् शिव और राम के भक्त थे। उनका जीवन एक ब्रह्म ऋषि की तरह था।
मेरी माताजी श्रीमती सरस्वती देवी पवित्र स्वभाव व दया की साक्षात् मूर्ति थी। अतिथि सत्कार उनका महान् धर्म था। स्वयं भूखी रहकर भी आये हुए अतिथि को कभी भूखा नहीं जाने देती थी। वे भगवान् श्री कृष्ण की अनन्य उपासिका थी। बचपन से मेरी माताजी ने मुझे प्रभु भक्ति की शिक्षा दी। वे मुझे उपदेश देती हुई कहती, "भगवान् की भक्ति सदैव नि:स्वार्थ व पवित्र भावना से करोगे तो एक दिन अवश्य ही तुम्हें भगवान् मिलेगा। अत: अगर प्राण चले जायें तो भी ईश्वर भक्ति एवं अपने धर्म पर अटल रहना चाहिए। यह मानव शरीर ईश्वर की भक्ति के लिए है। इसे व्यर्थ नहीं खोना चाहिए। अपने देश व गरीबों की सेवा ही परम धर्म है।"
बच्चों के सच्चे गुरु माता-पिता होते हैं। बच्चों को प्रारम्भ से ही जिस साँचे में ढालना हो ढाल सकते हैं।
*
हम दो भाई व चार बहिनें हैं। मेरे बड़े भाई साहब श्रीपुखराजजी बहुत सुशील व पवित्र स्वभाव के हैं तथा ज्योतिषशास्त्र के विद्वान हैं। हमारी ५ पीढ़ी पहले हमारे पूर्वजों में श्री अमीचन्दजी एक आदर्श कर्मयोगी व सिद्घ पुरुष हुए थे। उनकी कहानी मैंने अपनी माताजी द्वारा सुनी थी। कहानी सुनाकर मेरी माताजी कहा करती थीं, "तुम भी उनके जैसे महान् बनो।"
श्री अमीचन्दजी एक ख्याति प्राप्त सदपुरुष हुए थे। उन्होंने गृहस्थ जीवन व्यतीत करते हुए भी ईश्वर साधना के साथ-साथ अपने कर्तव्य के प्रति उदार एवं सिद्घ पुरुषता के गुण को साकार किया। उनके चमत्कारों को देखकर राजा से लेकर रंक तक तथा बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सभी के मुंह से प्रशंसा की जाती थी। उनके वचन कभी व्यर्थ नहीं जाते थे। उनकी महान्ता से प्रभावित होकर राजस्थान राज्य के प्रसिद्घ राज्य घाणेराव के राजा ने उन्हें कुँआ व भूमि पुरस्कार स्वरूप भेंट दी थी। यह कुँआ व जमीन आज भी हमारे परिवार के पास है। उक्त राजा द्वारा उन्हें एक हाथी भेंट किया था, उस हाथी को श्री अमीचन्दजी ने अपने लड़के के विवाह के शुभ अवसर पर एक भाट को दान में दे दिया। इस प्रकार आप महादानी पुरुष थे। श्री अमीचन्द जी अलौकिक जीवन-यापन करते हुए भी अन्त में भौगिक विधि द्वारा ब्रह्मलीन हो गये। उस समय उनकी धर्म पत्नी श्रीमती लक्ष्मीदेवी भी उनके साथ ही सती हो गयी। उन सतीजी का चबूतरा आज भी नीपल गाँव के बीच में मौजूद है। यह चबूतरा संगमरमर के पत्थर का बना हुआ है। हजारों श्रद्घालु पूजा-प्रार्थना करके इच्छित फल प्राप्त करते हैं।
श्री अमीचन्दजी पक्के गौभक्त थे। राजा ने हजारों गायें आपको भेंट की थी, अपने पास वह गायें रखते एवं उनकी सेवा करते। उन्होंने गायों के पानी पीने के लिए एक तालाब खुदवाया था। यह तालाब नीपल में आज भी मौजूद है। इस तालाब को श्री अमीचन्दजी ने बनवाया था। अत: यह तालाब उन्हीं के नाम से, "अमर तालाब" के नाम से जाना जाता है।
*
अच्छे संस्कारों के कारण मुझे बाल्यकाल से ही श्रीकृष्ण के मनमोहन रूप से अत्यन्त प्यार था। मैं उनके दर्शन के लिए एकान्त में आँसू बहाया करता था। घर वालों ने मुझे पढ़ाने के लिए विद्यालय में प्रवेश दिलाया। परन्तु मेरा मन पढ़ाई में नहीं लगा तो मैं अपने घर पर ही गीता का पाठ एवं स्वाध्याय करने लगा । प्रात:काल मैं सूर्य भगवान् की आराधना करता था। कभी-कभी दुर्गामाता के नौ रात्रि व्रत करता था । अपने ध्यान में भगवान् श्रीकृष्ण से प्रत्यक्ष दर्शन देने की प्रार्थना करता था और विरह में आँसू बहाता। तब कई बार मेरी अन्तर्रात्मा से आवाज आती कि अवश्य ही भगवान् के दर्शन होंगे।
एक दिन मैंने अपनी कल्पना की दृष्टि से अपने आराध्य इष्ट देव श्री कृष्ण से कहा, "हे प्रभु! आप शीघ्र ही साक्षात् दर्शन दीजिये। मेरी यह इच्छा कब पूरी होगी? कृपया यह तो आज्ञा प्रदान करावें कि आपके दर्शन के विरह में कब तक मुझे इंतजार करना होगा? तब मेरे समक्ष ही श्रीकृष्ण की काल्पनिक मूर्ति ने मुस्कराते हुए कहा, "आज से साढ़े तीन महीने पश्चात् रात के दस बजे तुम्हारी इच्छा पूर्ण होगी।" ऐसा कहते-कहते श्रीकृष्ण की काल्पनिक मूर्ति विशाल ब्रह्माण्ड में अदृश्य हो गयी। तब से मेरा विश्वास और भी बढ़ गया।
मैं अपने गाँव में ही कुछ बच्चों को पढ़ाया करता। उस समय हमारे गाँव में राजकीय विद्यालय नहीं था। एक दिन हमारे पड़ौस के गाँव "केशरसिंहजी का गूड़ा" के श्रीरघुनाथसिंहजी के कुएं पर उनसे मिलने गया। आप पूज्य भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभु के परम भक्त थे। कुएँ पर ही श्री दीपनारायण भगवान् के शिष्य श्री बौद्घानन्दजी महाराज के दर्शन हुए। श्री बौद्घानन्दजी महाराज ज्ञानी महात्मा थे। जब मेरा उनके साथ सत्संग हुआ तो, प्रथम दृष्टि से ही मैं उनके व्यक्तित्व व ज्ञान से मोहित हो गया। उसके पश्चात् मैं सदैव ही सत्संग के लिए उनके पास जाने लगा।
मेरे घर वालों के मना करने पर भी न जाने कौन-सी शक्ति थी जो मुझे उनके पास जाने के लिए प्रतिदिन उत्साहित करती और मैं श्री बौद्घानन्दजी के पास खिंचा चला जाता। रास्ते में घना जंगल था। ग्रामवासियों को शक था कि इस जंगल में भूत-प्रेत रहते हैं मगर मैंने कभी भी कुछ नहीं देखा। मुझे श्री बौद्घानन्दजी महाराज ने बताया था कि भूत-प्रेत केवल मन का भ्रम मात्र हैं एवं मिथ्या हैं। पूर्ण ज्ञान के प्राप्त हुए बिना भूत के भ्रम में संसार भयभीत रहता है। सच्चा आत्मज्ञान ईश्वर तुल्य सदगुरु मिलने पर ही होता है। जिस जीव में पूर्ण निष्काम तपस्या का उदय हो तब सच्चे पूर्ण ब्रह्मवेत्ता व ब्रह्मरूप सतगुरु के दर्शन होते हैं। सच्चे सतगुरु के मिलने पर भी भाग्यशाली व्यक्ति ही उनको पहचान सकते हैं। ऐसे परमात्मा स्वरूप साक्षात् प्रभु के अवतार इस समय गाँव खाटू में वैदिक धर्माचार्य परमहंस स्वामी श्री श्री १००८ श्री भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी विराजमान हैं, भक्त भव-भंजन दीनन हितकारी की कृपा से सहज ही बिना परिश्रम के जीव अपने आप को जानने लगता है। वही सकल कामना सिद्घि दाता हैं। तुम उनके चरणों में जाकर उनकी शरण ग्रहण करो वही अधम उद्घारक हैं।'
उसी दिन से मेरे मन में श्री दीपनारायण महाप्रभुजी से मिलने की जिज्ञासा जाग्रत हुई, कुछ महीनों पश्चात् श्री महाप्रभुजी जोधपुर महाराजा के यहाँ पधारे हुये थे। जब मुझे इसकी सूचना मिली तो मैं शीघ्र ही नीपल से जोधपुर जा पहुँचा। रात के दस बजे मैं श्री परम कृपानाथ श्री पूज्य महाप्रभुजी के चरणों में उपस्थित हुआ। भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के दर्शन करते ही मैं अत्यन्त प्रसन्न हुआ। मन ही मन में कहने लगा, "अरे, ये तो मेरे इष्टदेव मनमोहन श्रीकृष्ण भगवान् ही हैं। मैं तो उनके दर्शनों के लिए दीवाना था। उनका नित्य ध्यान करता था। हाँ, बिलकुल वही।" मुझे साक्षात् श्रीकृष्ण भगवान् का रूप श्री पूज्य दीपनारायण महाप्रभुजी में दिखाई दिया। दर्शन करते ही मेरे शरीर में अद्भुत रोमांच होने लगा। आँखों से अश्रुधारा बहने लगी और मैं श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिर पड़ा।
तब प्रभु ने कहा, "तू कौन है", मैंने कहा, "मैं गुरु हूँ" प्रभु बोले, "अरे, एक तो मैं गुरु हूँ, दूसरा गुरु कहाँ से आया" मैंने कहा, "कहाँ से आया कहाँ जाऊंगा। वह तो आप ही जानो।" फिर श्री महाप्रभुजी ने अपना वृहद हस्तकमल मेरे सिर पर रखा और मधुर मुस्कान के साथ मुझसे कहने लगे।
"मैं वही तुम्हारा अनादि इष्टदेव हूँ । उठ खड़ा हो, वह मेरा वचन याद करो, जिसके द्वारा मैंने तुम्हें कहा था कि, आज से साढ़े तीन माह पश्चात् तुम्हारी इच्छा रात दस बजे अवश्य पूर्ण होगी।" श्री महाप्रभुजी के यह वचन सुनते ही मुझे वह श्रीकृष्ण भगवान् का काल्पनिक रूप याद आया। जिसने मुझे उस दिन से साढ़े तीन माह पूर्व साक्षात्कार किया था। प्रभु का वचन सत्य सिद्घ हुआ। उस समय मैंने यह दृढ़ निश्चय कर लिया था कि मेरी मंजिल यही है। इन्हीं की छत्र-छाया में मुझे शेष जीवन व्यतीत करना है।