
प्रात:काल ब्रह्म मुहूर्त में हजारों भक्तगण फूल-माला, पूजा, प्रसाद लेकर श्री महाप्रभुजी के पावन दर्शनार्थ आये। पूजा आरती इत्यादि से निवृत्त होकर प्रसाद व चरणामृत लेकर सभी अपने-अपने भाग्य की प्रभु दर्शन की सराहना करते हुए सत्संग के लिए सभा-भवन में उचित स्थान पर बैठ गये। भक्त समाज श्री महाप्रभुजी के सत्संग व वचनामृत से प्यास बुझाने के लिए लालायित हो रहे थे। प्रात: सवा आठ बजते ही परम कृपानाथ श्री दीपनारायण महाप्रभुजी सभा-भवन में पधारे और अपने भक्तों को अमृत -दृष्टि से देखा। समस्त सत्संग सभा में अनूठा व अलौकिक आनन्द छा गया। सभी भक्त सम्मिलित स्वर में श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने लगे। सभी ने श्री गुरुदेव को दण्डवत् प्रणाम किया।
तत्पश्चात् श्री महाप्रभुजी, अपने अति सुन्दर व सुसज्जित आसन पर विराजमान हो गये। समस्त भक्तों ने आरती, पूजा व पुष्प वृष्टि की। इस भवन में हमेशा सत्संग में विभिन्न प्रसंगों पर धार्मिक चर्चायें होती थीं। आज का प्रसंग था "मौन सत्संग'। "मौन सत्संग" का अभिप्राय है कि बिना बोले ही समस्त भक्तों की शंकाओं का समाधान करना। प्रश्रकत्र्ता मन ही मन श्री महाप्रभुजी से प्रश्र करेंगे तथा उसके वांछित उत्तर भी श्री महाप्रभुजी की कृपा से अन्दर मन में कुछ ही समय बाद श्री महाप्रभुजी की दिव्य दृष्टि द्वारा मिल जायेगा।
सभी भक्तजनों की दृष्टि श्री महाप्रभुजी की तरफ लगी हुई थी। एक बार फिर दया के सागर श्री महाप्रभुजी ने अपने भक्तों को अमृत दृष्टि से निहारा। उसी समय सभी उपस्थित भक्तों के अन्तरात्मा में ज्योति-पुंज प्रकाशवान हुआ। श्री मनमोहन महाप्रभुजी मधुर मुस्कुराहट के साथ अपने दायें कर कमल की तर्जनी अंगुली को ऊपर उठाकर अपने शुभ मुखारविन्द पर रखी। सभी भक्तगण बिल्कुल शान्त थे जैसे सब अमृत सागर में समा गये हों। सभी की एक नजर केवल श्री महाप्रभुजी की अंगुली की तरफ थी। सभी ने सोचा शायद श्री महाप्रभुजी कुछ कहेंगे। मगर अन्तर्यामी केवल उस अंगुली द्वारा ही सबके अन्तर घट में दिव्य ज्योति प्रज्वलित करने में लीन थे। एक बार तो सभी ने सोचा कि गुरुदेव अंगुली द्वारा संकेत करके हमें कुछ संदेश दे रहे हैं कि आत्मा परमात्मा एक है। मानव धर्म एक है। "एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति।" अर्थात एक ही ब्रह्म है दूसरा कुछ नहीं है। सब कुछ एक दिन उस एक ब्रह्म में ही समा जायेगा। सब एक ही से आया है और एक ही में समायेगा। एक जहाँ से आये हैं और एक में स्थित हैं। वह एक सर्व में पूर्ण है। वह रास्ता है सत्य मार्ग। भिन्न-भिन्न पंथ-मत एक ही सत्ता से आये हैं यह सब उस एक में ही समायेगा और—
(१) राज्य सत्तावान सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं, राज के मद में स्वधर्म को मत भूलो, यथा राजा तथा प्रजा, बड़ों का अनुसरण छोटे करते हैं। एक राज्य वाले धर्मात्मा हो जायें तो जनता भी धार्मिक हो सकती है।
(२) धनवान सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं धन ही सब कुछ नहीं है। यह यहाँ ही रह जायेगा, इस माया में अंधा मत हो, धर्म रूपी धन ही एक साथ रहेगा। इस धन से देश व दीन-दु:खियों की सेवा करो वरना निर्धनों से भी गये बीते हो।
(३) बलवान विचार कर रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं, यह बल ईश्वरीय देन है। किसी को दु:ख मत दो व धर्म की रक्षा करो। यह गुण नहीं है तो निर्बल से भी नीच हो।
(४) योग के साधक सोच रहे हैं- प्रभु कह रहे हैं कि एक योग के द्वारा ही आत्मा परमात्मा का मिलन हो सकता है। दृढ़ निश्चय से योग साधना करते रहो एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी।
(५) वेदान्ती सोच रहे हैं- हमें प्रभु कह रहे हैं। एक आत्मा ही सत्य है, जगत के पदार्थ सब मोहक मार्मिक हैं। काल्पनिक मिथ्या है।
(६) गायत्री उपासक सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि एक गायत्री मंत्र ही महान् मंत्र है। लोक-परलोक में सकल कामना सिद्घि देने वाली है। लेकिन अपना आचार सुधार कर ब्रह्ममुहूर्त में नियम से अनुष्ठान करो। सत् गुरु द्वारा ही विधि प्राप्त करने से ही सिद्घि मिलेगी।
(७) देवी उपासक विचार कर रहे हैं- कि प्रभु हमको कह रहे हैं कि यह देवी महामाया है। जगत का सुख भोग दे सकती है, मोक्ष नहीं देती है। मोक्ष केवल सतगुरु ही दे सकते हैं।
(८) सगुण-निर्गुण उपासना वाले सोच रहे हैं- प्रभु हमको कह रहे हैं। दोनों में मेरा ही स्वरूप है। दोनों में मैं ही हूँ। मेरे से भिन्न कुछ नहीं है।
(९) आर्य समाजी सोच रहे हैं- स्वामीजी कहते हैं, एक ईश्वर ही सत्य है। वह मैं ही हूँ। लेकिन ईश्वर तो निराकार है। हम साकार कैसे मानें, मगर ऋषि दयानद से ऊंचे से ऊंचे महापुरुषों ने जो लक्षण बताये हैं वो तो श्री दीपदयाल में प्रत्यक्ष रूप में दिखाई दे रहे हैं। जैसे - श्रीराम और श्रीकृष्ण में थे। उनमें से किसी प्रकार की कमी नहीं दिखाई देती है। हम तो कह रहे हैं, सच्चे आर्य बनो। जैसे-श्रीराम और श्रीकृष्ण थे। बाद में बहुत से आर्य समाजियों ने श्री महाप्रभुजी की भक्ति धारण की और सच्चे हृदय से भक्ति करने लगे।
(१०) प्रार्थना समाजी सोच रहे हैं- कि प्रभु हमें कह रहे हैं कि प्रार्थना सब धर्मों का सार है, आत्मा की खुराक है। अहंकार रूपी शत्रु को हटाने में अमोघ शस्त्र एक यही है।
(११) ईसाई सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि प्रभु ईसा ने जो सेवा का मार्ग बताया, क्षमा का पाठ पढ़ाया वह सत्य है। उसका पूर्ण रूप से पालन करो। यह ही तुम्हारे लिए मुक्ति का साधन है।
(१२) सिख सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि गुरु नानक परमात्मा के अवतार थे। उनके नाम रूपी जहाज से बिना जप-जोग, बिना परिश्रम भव सिन्धु पार हो जाओगे। उनका नाम सतत जपते रहो।
(१३) मुसलमान सोच रहे हैं- दाता हमें कह रहे हैं कि एक अल्लाह ही सत्य है। सर्व नाम रूप में वह एक ही है। सबके दिल में वो ही है। इसलिए दिल किसी का मत दु:खाओ। किसी को दु:ख मत दो तथा खुदा की इबादत करो।
(१४) फारसी सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि अग्रि पूजा ही सर्वपूजा है। अग्रि सबको जलाकर अपने समान कर देती है। ऐसे गुरुदेव शिष्य के अज्ञान को ज्ञान अग्रि में जलाकर अपने समान कर देते हैं।
(१५) बौद्घ धर्म वाले सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि बौद्घ धर्म के जो नियम हैं उसे हृदय से पालन करो और सच्चे बौद्घ बनो। इसी में तुम्हारा कल्याण है।
(१६) ब्राह्मण सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि तुम सत्य ब्रह्म को पहुँचानो तभी वास्तविक ब्राह्मण बनोगे। ब्रह्म जाने वही ब्राह्मण है।
(१७) क्षत्रिय सोच रहे हैं- कि प्रभु हमें कह रहे हैं। कि जीवों की रक्षा करना ही तुम्हारा धर्म है। जीवों को मारना व खाना अधर्म है। जो धर्म से विमुख होते हैं वे अपना सर्वस्व खो देते हैं।
(१८) वैश्य सोच रहे हैं- कि प्रभु हमें कह रहे हैं कि अपना कत्र्तव्य समझ कर जनता की सेवा करो। लालच मत करो। लालच में पड़कर जनता को धोखा मत दो। वह धोखा आखिर में तुम्हारे लिये ही है।
(१९) शूद्र सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि सबकी सेवा करो, सेवा धर्म ही सभी धर्मों में ऊंचा धर्म है। हीन भावना को छोड़ दो, तुम नीच नहीं हो। सभी एक समान हो।
(२०) महिलाएं सोच रही हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि तुम ही घर का स्तम्भ हो, घर की लक्ष्मी, घर की शोभा व भक्त, सन्त, वीर, दानी सब को तुमने ही जन्म दिया। तुम ही महाशक्ति हो। जीवों का तुम ही एक आधार हो।
(२१) विद्यार्थी सोच रहे हैं- प्रभु हमें कह रहे हैं कि तुम लगन से विद्या पढ़ो, देश के सच्चे सेवक बनो, विश्व में बड़े-बड़े पुरुष विद्या से ही महान् बने, पढ़ने में आलस्य मत करो। विद्यावान ही विश्व में आदरणीय होता है।
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'
कोई भक्त कुछ और ही सोच रहा है। उनके अनुसार इस मनुष्य शरीर द्वारा ही मुक्ति का मार्ग अपनाया जा सकता है। अत: एक ही रास्ता अपनाओ।
कई भक्त यह सोच रहे हैं कि प्रभुजी मौन रहकर हमें संदेश दे रहे हैं कि, "एक मात्र सहारा प्रभु स्वयं है।" कोई सोच रहा है, "एक मन को अपने वश में करो।" कोई सोच रहा है, "हर समय एक से रहो। हर्ष-शोक में एक-सा ही अनुभव करो।" कोई यह सोच रहा है कि, "अकेले ही इस जहाँ में आये हो और एक दिन अकेले ही चले जाओगे।" कोई यह सोच रहा है कि, "सदैव मौन रहो। मौन ही सर्वोत्तम साधन है। मौन में समस्त गुण विद्यमान हैं।" कोई सोच रहा है कि, "झूँठ मत बोलो। सदैव सच बोलो।" कोई सोच रहा है, "पाप कभी मत करो, तुम्हारे ऊपर सदैव ईश्वर की दृष्टि रहती है।" कोई सोच रहा है कि, "तुम अपना ही स्वार्थ मत देखो।" कोई सोच रहा है कि "कुसंग का त्याग करो, मात्र सत्संग में ही अपना जीवन लगाओ।" कोई सोच रहा है कि, "अपने धर्म पर अटल रहो।" कोई सोच रहा है कि, "केवल अपने सतगुरु का ध्यान करो।" कोई सोच रहा है कि, "अपने मुँह से किसी की निन्दा मत करो, सदैव मौन रहो।" कोई सोचता है, "आखिर सब का अन्त एक ही है।" लेकिन मैं तो सोच रहा था कि, "श्री महाप्रभुजी मुझे इस अंगुली से संकेत द्वारा कह रहे हैं कि, "तुम चुप रहो, दृढ़ रहो, गुरुसेवा ही सार है।"
कोई सोचता है, "एक अज्ञान ही सभी दु:खों का कारण है।" कोई सोचता है, "सब धर्मों का सार एक ही है।" कोई सोचता है, "सब में ईश्वर को देखो।" कोई सोचता, "एक आत्मज्ञान ही मुक्ति का कारण है।" कोई सोचता, "एक भक्ति ही सार है।" कोई सोचता, "एक ही सत्यकर्म करते रहो।" कोई सोचता, "एक शुभ पुरुषार्थ ही तुम्हारा मित्र है तथा आलस्य शत्रु है।" कोई सोचता, "पीछे जो किया वह अब मिला, अब जो करोगे वह आगे मिलेगा।" कोई सोचता, "एक सिद्घान्त पर अडिग रहो।" कोई सोचता, "एक ही टाइम भोजन करो।" कोई सोचता, "दिन में एक बार तो माला फेरो।" कोई सोचता "एक मात्र धन के पीछे ही मत पड़े रहो।" कोई सोचता, "वहाँ परलोक में तुम्हारा कोई नहीं है।" कोई सोचता कि, "श्री महाप्रभुजी अपनी तर्जनी अंगुली द्वारा यह संकेत दे रहे हैं कि, सर्व लोकों में एक मैं ही हूँ। एक प्रकाश पुञ्ज होने से आप सभी को एक-एक ज्योति किरण मैं दे रहा हूँ।" कोई भक्त सोचता कि, "तू केवल मेरा ही ध्यान कर, मैं तुम्हें सर्व पापों से मुक्त कर दूंगा।"
इस प्रकार जिस-जिस भक्त के मन में जैसी-जैसी भावना थी, वैसी ही सभी को अपने-अपने मन में संदेश मिलता रहा। कुछ समय के पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने अपनी अंगुली हटाली। अपनी मधुर मुस्कराहट के साथ कहने लगे "आप लोग अपने मन में जो कुछ भी सोच रहे हो, वह उचित है। मैं सर्व में हूँ। आप समस्त ही मुझ में समाये हुए हैं। गुरु का ही ध्यान करो। भक्तिपूर्वक गुरुदेव को ही भजो। गुरु की ही प्रार्थना करो। साधना साध्य रूप ज्ञान ग्रहण करो। गुरु की शरण में जाओ। सो ही मैं विज्ञान दीप परिपूर्ण सतगुरु चैतन्य ब्रह्म अनादि प्रकाश स्वरूप हूँ।" श्री महाप्रभुजी ने मुस्करा कर यह भजन गाया--
भजन (पदराग-बारा हंस)
सतगुरु ऐसा, राम ऐसा,
अमृत बूंद हद बरसावे गरजे इन्द्र जैसा ॥ टेर॥
ऊंच-नीच भाव नहीं जाके, सम जाने रंक नरेशा।
जीवों के त्रियताप हरत हैं, तनिक लोभ नहीं लेसा॥ १॥
मोटो की मरियादा अदल हैं, घूम रहा गज जैसा।
जीवन मुक्त परम कृपालु, रखे न राग द्वेषा॥२॥
ब्रह्मनिष्ठ गुरु ब्रह्म अखण्डा, ध्यान धरे शिव शेषा।
बांरो वृति अचल सदाई, स्थिर हैं मेरू जैसा॥ ३॥
अन्तर बाहिर त्यागी पूर्ण, गहे न दारा पैसा।
भव भंजन भगवान् सदा ही, काटे करम कलेशा॥ ४॥
हंस उबारण जग में आये, शुभ अवतार धरेशा।
श्री दीप कहे गुरुदेव नमामि, बारम्बार आदेशा॥ ५॥
यह अमृत वाणी भजन सुनकर सब जय-जयकार करने लगे।
श्री महाप्रभुजी कहने लगे कि, जैसे सूर्य उदय होकर अपने प्रकाश द्वारा सर्व-सृष्टि को बाहरी रूप से प्रकाशवान करता है। जो सर्व विश्व जीवों को प्रकाश देकर बाहरी दृष्टि द्वारा देखने पर सूर्य एक-ही दिखाई देता है। इसी प्रकार सर्वसृष्टि, चराचर, सूर्य,चन्द्र, तारागण, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, सन्त अवतार, ऋषि, आदि नाम रूप इत्यादि में अन्दर-बाहर सर्व को सामान्य प्रकाश द्वारा मैं अनादि चेतन विज्ञान दीप परिपूर्ण अधिष्ठान ब्रह्म हूँ।
"हे शिष्य! मेरे सिवाय दूसरा पुरातन कोई नहीं है और न ही कोई होगा, ऐसा तू जान ले क्योंकि मेरी पुरातन श्रुति भी ऐसा ही कथन करती है।"
श्री महाप्रभुजी के सत्संग की यह विशेषता थी कि उनकी अमृत वाणी को लोग ध्यान मग्न होकर सुनते थे। उनकी वाणी में वह आकर्षण था कि सत्संग में आने वाले विभिन्न धर्मों के लोग अमृत आनन्द में समा जाते थे। सांसारिक चिन्ता, वासना, ताप आदि से पूर्ण शान्त हो जाते थे। हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई, बौद्घ, जैन, फारसी इत्यादि सभी धर्मों को मानने वाले लोग भी आपको अपना परम गुरु मानते थे। वे सभी आपस में कहते, "आज तो हमारे धर्म का साधना का सार रूप, सारांश रूप श्री महाप्रभुजी ने समझा दिया। जैसे हमारे धर्म के संस्थापक आप ही थे। कोई कहते, सच्चे महात्मा सबके हितकारी होते हैं। सम्पूर्ण मानव का हित, कल्याण और उत्थान चाहते हैं। कोई कहते कि, गुरुदेव तो अमृत के सागर हैं। भेद-भाव, दु:ख व शंका होने का सवाल ही नहीं रहता।"