Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

सारांश

अन्त में सबको यह प्रेरणा मिली कि यहाँ पर तो कुछ भी करने के लिए स्वतन्त्र हो। परन्तु यह मत भूलो कि तुम्हारे समस्त कर्मों पर मेरी निगाह रहती है। बुरे व अच्छे कर्मों का फल आगे आपको ही मिलेगा। इस प्रकार नित्य सत्संग पान करते रहो।

श्री महाप्रभुजी की सेवा में एक माह तक रहा। श्री महाप्रभुजी ने कहा, "एक बार तुम अपने घर चले जाओ।" परन्तु मेरी इच्छा घर जाने की नहीं थी। गुरुदेव के बार-बार आदेश देने पर मैं घर आया। तत्पश्चात् महाप्रभुजी ने भी प्रस्थान किया। घर पर मेरा जी नहीं लगता था। रात-दिन श्वासों-श्वास मेरी आँखों में वही मनोहर मूर्ति समायी रहती। घर वालों ने मेरी दीवानी हालत देखकर सोचा लड़का बिगड़ गया है। मुझे कई प्रलोभन भी दिखाये परन्तु मैंने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया। मेरे मन में तो उस श्यामसुन्दर श्री महाप्रभुजी के चरण कमल समाये हुए थे। एक दिन चुपचाप मैं अचानक ही घर से निकल गया और सीधा खाटू पहुँचा। मेरे प्राणनाथ प्रभुजी के दर्शन से मेरे नयनों की प्यास बुझी। श्री पूज्य महाप्रभुजी से प्रार्थना की कि, "हे प्रभु! अब इस दास को अपने दरबार का भिखारी स्वीकार कर लें।"

दीनन हितकारी अनाथों के नाथ ने हाथ पकड़ कर मुझसे कहा, "तू मेरा है और मैं तेरा हूँ आज से तुम्हारा दैनिक कार्य होगा, सर्वप्रथम इस आश्रम की सफाई करना, फिर जंगल से लकडिय़ाँ एकत्रित कर लाना तथा धूणी लगाना।" मैंने गुरुदेव की आज्ञा को शिरोधार्य किया।

उस समय श्री पूज्य महाप्रभुजी खाटू के पास ही एक बगीची में विराजते थे। अनेक भक्तगण प्रतिदिन वहाँ पर सत्संग सुनने आते थे। श्री पूज्य महाप्रभुजी के मुखारविन्द से ज्ञानामृत सुनकर लोग मंत्र-मुग्ध हो जाया करते थे। मुझे भी उस सत्संग में अनोखा आनन्द मिलता था। मुझे वह सत्संग हमेशा याद आता है। मैं तो सदैव प्रभु से यह प्रार्थना करता हूँ कि ऐसा ही सत्संग मुझे जन्म-जन्म देने की कृपा करें। ऐसा अलौकिक आनन्द एवं सत्संग मैंने कहीं पर भी नहीं देखा था।

मैं देवडूँगरी संन्यास आश्रम में गया। यह आश्रम खाटू से दो किलोमीटर दूर जंगल में स्थित है। वहाँ पर सत्संग किया। रात के बारह बजे जब वहाँ से सब भक्तगण चले गये तब मैं विश्राम करने लगा। अचानक ही मेरा स्वास्थ्य बिगड़ गया। कुछ समय पश्चात् मैं दर्द से तड़पता हुआ बेहोश हो गया। दूसरे दिन प्रात: एक भक्त ने जाकर श्री महाप्रभुजी से कहा, "हे गुरुदेव! माधवानन्द की हालत नाजुक है। अब तो उसके बचने की आशा भी नहीं है। तब श्री महाप्रभुजी से उनसे कहा, "आप चिन्ता न करें। उसके कुछ भी नहीं होगा। मेरी आज्ञा बिना काल उसका बाल भी बाँका नहीं कर सकता। इसके पूर्व भी मृत्यु ने तो दो बार माधवानन्द को ले जाने का प्रयास किया, परन्तु मेरे ऊपर उसकी एक न चली। माधवानन्द पर हर पल मेरा पहरा रहता है फिर उसे कोई कैसे ले जा सकता है?"

उसके पश्चात् कुछ लोग मुझे रुग्णावस्था में ही श्री महाप्रभुजी के पास ले गये। श्री महाप्रभुजी ने अपना वृहद हस्तकमल मेरे सिर पर रखकर कहा, "मैंने जिस कार्य के लिए नियुक्त किया है वह सब तुम्हें ही करने हैं।" उसके पश्चात् विद्युत गति से मेरे स्वास्थ्य में सुधार होता गया। कुछ ही दिन पश्चात् मैं बिलकुल ठीक हो गया।

श्री महाप्रभुजी के पावन चरणों में बैठा था। बगीची मे एक कमरे के आगे स्थित चबूतरे पर श्री महाप्रभुजी विराजमान थे। उनके सामने बहुत से भक्तगण भी थे। वहाँ पर अति सुन्दर सत्संग चल रहा था। उस समय श्री बालजी राजपूत का लड़का आसाराम वहाँ आया। वह सीढ़ी पर चढ़ ही रहा था कि तभी सीढ़ी के नीचे बैठे भयंकर जहरीले काले सर्प ने उसे डस लिया। उसी समय वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सर्प बहुत जहरीला (किंग कोबरा) था। उस लड़के के बचने की कोई आशा नहीं थी उसके माता-पिता भी वहाँ आ गये। रोते-बिलखते उसके माता-पिता ने महाप्रभुजी के चरणों में शीश नवाकर कहा, "हे प्रभु! आपके दरबार में उपस्थित हुए इस बालक की यह दशा कैसे हो गयी? इसे बचा लो प्रभुजी।" तब श्री महाप्रभुजी ने उनको सान्त्वना देते हुए कहा, "आप चिन्ता मत कीजिये केवल आधा पाव तेल इसको पिला दीजिये। उसके पश्चात् वह शीघ्र ही ठीक हो जायेगा।" लोगों को विश्वास ही नहीं था कि यह बच भी सकेगा। उस लड़के को गुरुदेव की आज्ञानुसार आधा पाव तेल पिलाया गया। उसके बाद शीघ्र ही उस लड़के के स्वास्थ्य में सुधार होता गया। वह बिल्कुल स्वस्थ हो गया। वह आसाराम आज भी जीवित है तथा गुरुदेव का भक्त है। वह वैद्य है।

चातुर्मास में बगीची में पूज्य श्री महाप्रभुजी सत्संग कर रहे थे। शाम के आठ बजे थे। बहुत से भक्तजन बैठे थे। मैं भी पास में ही बैठा था। चातुर्मास के दिन थे।

तभी एक कानाराम नाम का हरिजन आया। वह हाथ जोड़कर गुरुदेव को प्रणाम करने लगा। तब श्री महाप्रभुजी ने उससे पूछा, "कानाराम! इस वक्त तुम कहाँ जा रहे हो?" तब कानाराम ने विनम्र स्वर में बताया, "प्रभुजी! खाटू की पहाड़ी पर टिड्डी दल आया हुआ है जो प्रात: ही मेरी फसल खा डालेंगे। मेरा खेत इस पहाड़ के समीप ही है। टिड्डी दल के रास्ते में पहला खेत मेरा आयेगा। अत: सर्वप्रथम तो वह मेरी फसल उजाडेंग़े। आज रात को खेत के पास आग जलाऊँगा, सो सब टिड्डी आग में आकर गिरेंगी और जल जायेंगी तो मेरा खेत बच जायेगा।" यह सुन करूणा सागर जीवों के रक्षक श्री महाप्रभुजी ने उनसे कहा, "कानाराम! तुम्हारे खेत टिड्डी नहीं खायेगी, कुछ भी नुकसान नहीं होगा। तुम चिन्ता मत करो, जीवों को मत जलाओ।"

दूसरे दिन प्रात: असंख्य टिड्डी दल कानाराम के खेत के ऊपर उड़ने लगा। तभी अचानक एक चमत्कार हुआ, न जाने कहाँ से हजारों कौओं का एक झुण्ड उस खेत पर आ गया। कौओं ने कानाराम के खेत पर चारदीवारी का काम किया। कतारबद्घ खेत के चारों तरफ फैल गये, परिणामस्वरूप एक भी टिड्डी कानाराम के खेत में न जा सकी। कानाराम ने यह घटना अपनी आँखों से देखी। इस चमत्कार को देखते ही श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने लगा। गुरुदेव की माया भी अजब है। अपने शरण आये भक्त की सेवा को लिए हजारों पक्षियों को बुला दिया और खेत की पूर्ण रक्षा करवायी। ईश्वरीय विभूतियाँ ही कर सकती हैं।

कुछ दिनों पश्चात् पूज्य श्री महाप्रभुजी अपने मुख्य आश्रम देवडूँगरी पधारे। वहाँ पर भी बहुत से भक्तजन आपके दर्शनार्थ आते रहते थे। मैं श्री महाप्रभुजी के भजनों व उपदेशों को लिखता रहता था।