Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

श्री महाप्रभुजी व महाशक्ति का मिलन

संध्या चार बजे श्री महाप्रभुजी का सत्संग चल रहा था। मैं भी सत्संग सुन रहा था। तभी वहाँ पर एक बुढ़िया आयी। यह बुढ़िया करीब १०० वर्ष की आयु की होगी। इसकी वेष-भूषा मर्दाना थी। उसने एक पाँव में चाँदी का कड़ा पहना हुआ था। आते ही उसने सर्वप्रथम श्री महाप्रभुजी की परिक्रमा की। इसके पश्चात २१ बार दण्डवत प्रणाम किया। हमने आश्चर्य किया कि यह रहस्यमयी महिला कौन हो सकती है ? वह शरीर में दुबली पतली परन्तु आत्म शक्ति में बहुत प्रबल एवं उसके मुँह पर बड़ा तेज प्रकाश झलक रहा था। उसकी भाषा भी हमारी समझ में नहीं आयी परन्तु श्री महाप्रभुजी उसकी भाषा को समझते थे। श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "आओ मातेश्वरी, बहुत दिनों पश्चात् आपका यहाँ आना हुआ।" तब उसने कहा,"जब आपकी कृपा तथा आज्ञा होती है तभी तो आ सकती हूँ।" मेरी समझ में केवल यह ही बात आयी थी। इसके पश्चात् मैंने जंगल से लकडिय़ाँ लाने हेतु पूजनीय गुरुदेव से आज्ञा ली। तब उस माताजी ने भी मेरे साथ चलने की इच्छा जाहिर की। गुरुदेव ने हमें इजाजत दे दी। मैंने उस माताजी से कहा, "आप वृद्घा हैं, आपको मेरे साथ में कष्ट होगा क्योंकि मैं अगर आपकी रफ्तार चलूंगा तो वापिस लौटने में विलम्ब हो जायेगा क्योंकि मैं अपनी तेज गति से ही चलूंगा। सो आप यहीं विराजें।"

परन्तु वह तो मेरे साथ रवाना हो गयी। मुझे तब आश्चर्य हुआ जब मैंने देखा कि १०० वर्षीय वह वृद्घा इतनी तेज चल रही थी कि, मैं दौड़ता भी उसके साथ नहीं चल सकता था। वह मुझसे दस कदम आगे ही रही, जहाँ पर मुझे जाना था वहाँ पर वह मुझसे पहले ही पहुँच गयी। जब मैं वहाँ पहुँचा तो उन्होंने मुस्कराते हुए मुझसे कहा, " तुम जवान मर्द होकर भी मेरे साथ-साथ नहीं चल पाये।" यह सुनकर मुझे उन पर आश्चर्य हुआ।

इसके पश्चात् हम लकडिय़ाँ लेकर वापस आश्रम में गये। बाद में मैं नहाकर कपड़े पहन रहा था। इतने में माताजी एक चिमटा लेकर मेरे पास आयीं और मुझसे कहा कि, "तुम शरीर पर भभूति (भस्म) लगाओ। इस पर मैंने कहा, "माताजी मैं तो भभूति लगाता नहीं हूँ अभी नहाकर कपड़े पहन रहा हूँ।" माताजी ने पुन: कहा कि, "भभूति लगाओ"।

इस प्रकार हमारा आपस में विवाद चल रहा था। इतने में श्री महाप्रभुजी पधारे और कहा, "माताजी, रहने दो यह बच्चा है।" तब श्री माताजी ने कहा, "भभूति तो लगानी ही पड़ेगी।" तब श्री महाप्रभुजी ने मुझसे कहा, "कि जाओ धूणी से भभूति का तिलक कर लो और माताजी की आज्ञा शिरोधार्य करो।" तब मैंने भभूति का तिलक लगा लिया।

माताजी ने हँसकर कहा, "मैं इस माधवानन्द को महान् विभूति बनाना चाहती थी, लेकिन यह बच्चा समझता ही नहीं। रात को प्रार्थना के बाद में अच्छा सत्संग हुआ फिर माताजी बाहर जाकर, पानी के हौज के पास में आसन लगाकर बैठ गयीं। पूरी रात श्री माताजी ॐकार के साथ श्री महाप्रभुजी के नाम की ध्वनि करती रहीं। फिर मैंने श्री महाप्रभुजी से पूछा, "यह माताजी कौन हैं?" तब श्री महाप्रभुजी से पूछा, "यह आदि शक्ति अम्बा है यह चाहे तो खाटू के पहाड़ को एक अंगुली पर उठा सकती है।" मैं अकेला ही श्री महाप्रभुजी के पास बैठा था। उस रोज पलंग के पास सेवा में मेरी ही ड्यूटी थी। (हमेशा श्री महाप्रभुजी के पास रात को एक शिष्य की ड्यूटी रहती थी।) प्रात: चार बजे श्री महाप्रभुजी ने मुझे कहा कि, "माधवानन्द, इस समय यह मातेश्वरी जगदम्बा मेरे पास इस कमरे में पन्द्रह मिनट के बाद आयेगी। उनके लिए अच्छा लाल रंग के कपड़े का गद्दीदार आसन मेरे पलंग के बायीं और बिछा दो और दो अगरबत्ती लगा दो। दो घी के दीपक जला दो तथा मेरे पलंग के दोनों ओर रखवा दो। तब मैंने तत्काल ही प्रभुजी की आज्ञानुसार सारी तैयारियाँ कर दीं। फिर मैंने सोचा कि प्रभु कहेंगे तब मैं कमरे के बड़े दरवाजे का किवाड़ खोल दूंगा। लेकिन अचानक कमरे में बिजली जैसा लाल प्रकाश हुआ। उस प्रकाश में से वह माताजी त्रिपुरा सुन्दरी के रूप में प्रकट हो गयीं और नमस्कार करके अपने आसन पर बैठ गयीं।"

तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "पधारो मातेश्वरी, आप तो महाशक्ति हैं, आदिशक्ति हैं, विश्व-व्यापिनी हैं, चार खण्ड चौदह भवन, स्वर्ग, मृत्यु, पाताल, चाँद, सूर्य, तारा, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, सर्वलोक, सर्वदेव नाम रूप, सर्व पदार्थ, दृश्य मात्र आपकी ही रचना है। सतोगुण, रजोगुण, तमोगुण,पंच तत्व शरीर, षट् चक्र कुण्डलिनी, ज्योति आदि आप ही हैं। महान् से महान् शूरवीर का भी अहंकार पतन कर सकती हैं। दीन, भिखारी को भी महान् बना सकती हैं। गायत्री, सरस्वती, सती सीता, राधा, लक्ष्मी, ब्रह्माणी, अम्बा, आशापुरा, नवदुर्गा, चौसठ योगिनी, चामुण्डा, काली कंकाली, कामाक्षी, मीनाक्षी, डाकिनी, शाकिनी, पिशाचिनी, स्त्रीरूप, विश्वमोहिनी, त्रिलोक सुन्दरी, भुवनेश्वरी, बागेश्वरी तथा और भी अनेक नामों से जानी जाती हैं। सर्व जीवों के मन रूपी महान् सिंह हैं जिस पर आप सवार हैं। काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार इत्यादि का तीक्ष्ण भाला मारकर जीवों को अपने अधीन रखती हो। आशा-तृष्णा, भूख-प्यास, भोग-वासना द्वारा जीव को बन्धन कर विभिन्न प्रकार की योनियों में डालती हो। असुर, राक्षस, दैत्य आदि तो आपके खिलौने हैं।"

आपके अनेक नाम हैं। मैं कहाँ तक आपके नाम व गुणों का वर्णन करूं। आपकी लीला आप ही जानें किसी ने पार नहीं पाया क्योंकि आप अनिर्वचनीय हैं। इसलिए आपको कोई कैसे जान सकता है? फिर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "कहो मातेश्वरी, मेरे लिए क्या आज्ञा है?" तब मातेश्वरी ने सुमधुर मुस्कराकर विनयपूर्वक सिर झुकाकर कहा, "हे प्रभो! आप तो चराचर के स्वामी हैं। आदि से अन्त तक जिसको भी ब्रह्म आत्म प्रकाश मिला या मिल रहा है या मिलेगा, वह आपके विश्वदीप का ही प्रकाश है। आप ही उनके घट में प्रकट होते हैं। विश्वदीप के प्रकाश बिना माया का भ्रम अंधेरा नहीं मिटता है जैसे आपने ही "अनुभव प्रकाश" में फरमाया है—

बिना दीप प्रकाशा नाहीं।
वस्तु पड़ी है घर के माहीं॥
ज्योति जागे बिना सूझे कैसे।
सत गुरु मिले बिना अन्धा जैसे॥

हाँ, मैं माया के सुख ऊंचे से ऊंचा दे सकती हूँ। हे प्रभु-

सतगुरु पद पंकज पूजै, सो चौदह भव पूजाय।
ब्रह्मा, विष्णु, शिव, शारद, सतगुरु के गुण गाय॥

हे सतगुरु ! विश्व में जितनी विभूतियाँ हुई हैं ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम, कृष्ण आदि सभी अवतार, सभी देव-देवियाँ जो सतगुरु चरण की पूजा व सेवा, ध्यान, स्मरण किया, उन्हीं की सेवा, पूजा, ध्यान, स्मरण विश्व में हो रहा है, होगा व होता रहेगा।

मेरी शुद्घ सतोगुणी माया महारानी 'मीरा' के रूप में प्रकट हुई जो राधिका का अवतार थी, उसने भी कहा है—

भजन
मोय लागी लगन गुरु चरणन की।
चरणबिना मोय कुछ नहीं भावे, जग माया सब स्वपनन की॥ टेर॥
भवसागर मेरा सूख गया है, चिन्ता नहीं भव तरनन की।
मीरा कहे गुरुदेव दया करी, पीड़ा मिटी भव-भव मरनन की॥

सतगुरु चरण का ध्यान करने से भक्त के अन्तर में जगत का दर्शन रूपी भवसागर सूख जाता है, फिर तरने की कोई चिन्ता नहीं। उन्होंने फिर कहा है—

भजन
पायो जी मैंने राम रतन धन पायो।
वस्तु अमोलक दी मेरे सतगुरु कृपा कर अपनायो॥
खाये खुटे नहीं, चोर लूटे नहीं, दिन-दिन बढ़त सवायो॥

हे दयालु! आप जिनको चाहो विश्वपति बना सकते हो। जहाँ परमात्मा प्रकट होते हैं वहीं मैं आती हूँ और ऋषि-मुनि, अवतार, सिद्घ योगी उनको मैं उनकी भक्ति व तपस्यानुसार सिद्घि व वरदान देती हूँ। लेकिन मैं उनके अधीन नहीं होती हूँ। अधीन तो केवल परमात्मा के रहती हूँ।

अवतार परमात्मा भी लेते हैं और सन्त भी लेते हैं। ये विभूतियाँ दुनिया को ज्ञान के प्रकाश द्वारा राह दिखाते हैं। जैसे चाँद, बिजली, दीपक आदि अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार प्रकाश करते हैं लेकिन सूर्य के बराबर ये कोई नहीं है।

ऐसे परमात्मा सूर्य के समान हैं। अन्य सन्त, महात्मा, ऋषि-मुनि, योगी इत्यादि दूसरी ज्योतियों के समान है। ये सब सूर्य की परिक्रमा करते हैं ऐसे ही परमात्मा की विभूति के देव, ऋषि-मुनि तथा कई उत्तम विभूतियाँ उनका ध्यान, स्मरण व परिक्रमा करते रहते हैं तथा विश्वदीप के सब अधीन हैं।

आपने जो कहा सत्य है विश्व का दृश्य मात्र मेरी रचना व मैं हूँ, मगर यह जड़ हैं इन सब में चैतन्य ब्रह्म तो आप हैं। आप ही सब के संचालक है, आपकी सत्ता से सब चैतन्य होते हैं, आप परब्रह्म परमात्मा के बिना मैं अकेली कुछ नहीं कर सकती हूं। इसलिए कहा है--

"माया ब्रह्म का जोड़ा, जानने वाला है थोड़ा।"

माया का दृश्य नाश होता है मगर, आपके सत्य ब्रह्म का नाश नहीं होता है, अखण्ड अविनाशी परम सुखराशि ब्रह्मात्मा तीनों काल में सदा एक रस रहता है वहीं सबका विश्राम पद है, वह पद समर्थ सतगुरु ब्रह्मनिष्ठ पूर्ण ज्ञानी की कृपा बिना प्राप्त नहीं होता है। मैं रिद्घि-सिद्घि, धन, माया का पदार्थ, राज्य सब दे सकती हूँ, मारूं व तारूं, सब कर सकती हूँ। अत: हे प्रभु! माया का काम ही बन्धन करना है, यही मेरा नियम है, मैं इस नियम को नहीं बदल सकती। चाहे कोई मेरी कितनी ही भक्ति करे मगर अक्षय शान्ति नहीं दे सकती हूँ। वह तो आपके नाम के स्मरण से ही सम्भव है। हे प्रभु! इस घोर भयंकर कलियुग में आप अमृत सागर, आनन्ददाता-परमात्मा, राजा विश्वजीत महान्‌, तपस्या व भक्ति से आप अधम उद्घारण, भक्त भवतारण ने अवतार लिया है। आपके नाम स्मरण व गुणगान से, ध्यान, पाठ-पूजा से जीव परम सुख-शान्ति, लोक-परलोक के सर्वसुखमय अक्षय पद को प्राप्त होता है इसलिए हे प्रभु! इस संसार में जो भी मेरे भक्त (देवी भक्त, गायत्री भक्त) हैं वह शुद्घ भाव से, कपट रहित, छल रहित, आपकी शरण छाया में आवें, उन पर पूर्ण कृपा की अमृत दृष्टि रखें, जिससे वे संसार का सर्व सुख प्राप्त करें, संसार में भयंकर दु:ख त्रिताप से बचें, अन्त में आपके विश्राम पद, मोक्ष पद को पावें।

हे प्रभु ! दो पर से पक्षी उड़कर ऊँचा जाता है परन्तु एक पर से नहीं, इसी प्रकार महामाया व परम गुरु परमात्मा दोनों की उपासना भक्ति बिना सच्ची शान्ति (मोक्ष) सपने में भी नहीं पाता है। हे प्रभु! इस घोर कलियुग में जीव अनेक प्रकार से आदि-व्याधि से पीडि़त हैं। मिथ्या, भ्रम जाल, आसुरी उपासना व तान्त्रिक मत पंथों में

फंसे हुए हैं। बड़े-बड़े आडम्बरधारी दुनिया का धोखा दे रहे हैं। जीवों को जाल में फंसाते हैं। जहाँ देखो वहाँ छल-छिद्र, कपट, लम्पट, विषयी, अनाचार, अत्याचारियों का समय है, सिवाय ठगाई के अन्य बात नहीं है। इतने में श्री महाप्रभुजी मुस्कराये और यह भजन गाना आरम्भ किया।

भजन
सतगुरु स्वामीजी, ठगबाजी ठगड़ां की दुनिया सारो संसार,
सांचो एक कोनी देख्यो, प्रेम ने धिक्कार।
हाले तो ठगाई, बोले तो ठगाई, ठगाई ने मानी मोटी सार।
लेवे तो ठगाई, देवे तो ठगाई, ठगबाजी ने राखे बारम्बार।
ठगाई में बोले, ठगाई में तोले, ठगाई ने राखै ओले धार।
गाँवे तो ठगाई, बजावे तो ठगाई, कुछ ठगणां है नर-नार।
ठगने ठगावें ज्यां को संग न करणों, श्री दीप स्वामी सतगुरु
चरणों में सिर धार।

यह भजन सुन महाशक्ति ने कहा, "आपने सार समझाया। हे प्रभु! माया के बिना अकेला ब्रह्म भी कुछ नहीं कर सकता है, आपका सगुण स्वरूप भी शुद्घ सतोगुणी माया का विभू है। आपके रोम-रोम में दिव्य ब्रह्म ज्योति प्रज्वलित है।"

इसी कारण आपकी अमृत दृष्टि से, चरण स्पर्श से, छाया मात्र से, आप सगुण स्वरूप की हवा मात्र से, अधमी जीवों का जन्म-जन्म का घोर पाप भी जलकर भस्म हो जाता है। आपके नाम स्मरण व ध्यान से महामाया के भयंकर जाल भी आपों-आप अदृश्य हो जाते हैं। जैसे सूर्योदय होते ही रात्रि आप ही चली जाती है।

हे महाप्रभु! इस कलियुग के कलंकी जीवों ने आपको पहुँचाना नहीं। आपको साधारण मानव समझकर "अमूल्य लाभ" नहीं ले रहे हैं।"

यह वार्तालाप सबेरे सवा पाँच बजे तक चलता रहा। उस समय श्री महाप्रभुजी, मातेश्वरी व मैं सिर्फ तीनों ही थे अन्य कोई नहीं था। उनके वार्तालाप अत्यधिक गहन हुए लेकिन सारी कथा का स्मरण नहीं रहा, अत: जितना स्मरण रहा उतना वृत्तान्त लिखा है। तत्पश्चात् माताजी पूर्ववत हो गईं। सबेरे सात बजे सर्व भक्तजन श्री महाप्रभुजी की आरती व पूजा करके साष्टांग दण्डवत प्रणाम करके, चरणामृत पान करके श्री महाप्रभुजी के पास सत्संग हेतु बैठ गये। उस समय मातेश्वरी सिर्फ इतनी बोलीं कि, "ओ भोले भक्तों! तुम्हारे सामने साक्षात् त्रिलोक वन्दनीय परमात्मा विराजमान हैं, मगर तुमने पहुँचाना ही नहीं। तुम लोग मात्र अपनी लौकिक वासनाओं (स्वार्थों) की पूर्ति हेतु आये।" इतना कहकर माताजी चुप हो गई फिर प्रभुजी ने सत्संग शुरू किया। श्री महाप्रभुजी का सत्संग आज कुछ अनूठा ही था।

श्री महाप्रभुजी ने मातेश्वरी के स्वागतार्थ विविध प्रकार का अमृत तुल्य स्वादिष्ट भोजन बनाया। मैं पास ही गाँव में हमेशा की तरह भिक्षार्थ गया। भिक्षा में बाजरे की पाँच रोटी लेकर आया। मैंने ज्योही आश्रम के द्वार में प्रवेश किया, मातेश्वरी ने मेरी झोली छीन ली तथा कहने लगी, "आज तो श्री महाप्रभुजी के दरबार का प्रसाद लूंगी।" मैंने मातेश्वरी से कहा, "माताजी नहीं, ये भिक्षा का प्रसाद है इसे खाने का मेरा ही नियम है। यह मैं नहीं दे सकता हूँ।" यह कहते मैंने झोली वापिस लेने हेतु प्रयत्न किया। उधर झोली को माताजी ने पकड़ लिया और खींचने लगीं तथा इधर से मैं खींचता रहा। इतने में श्री महाप्रभुजी आ गये और हम दोनों को आधी-आधी रोटियाँ दे दीं। एक युग अर्थात १२ वर्ष तक जो भिक्षा का भोजन करता है वह निराहारी तपस्वी होता है एवं सिद्घि प्राप्त करता है।

तत्पश्चात् सभी को भोजन कराया। भोजन कराने के बाद मातेश्वरी श्री महाप्रभुजी की परिक्रमा करके ओर साष्टांग दण्डवत प्रणाम करके अचानक अदृश्य हो गयीं।