पंजाब का सेठ सपरिवार श्री महाप्रभुजी के पास दर्शनार्थ आया और चरणों में साष्टांग दण्डवत प्रणाम करके परिक्रमा कर हाथ जोड़कर बोला, "हे कृपानाथ! हमारे कुल में दस घरों में यह एक बच्चा है और यह भी गूंगा, बोलता नहीं है। हमने बहुत इलाज कराया, देवी-देवता मनाये, मगर कुछ नहीं हुआ। हम बड़े दु:खी हैं। आपका नाम सुना है कि बड़े-बड़े दु:ख भी आपकी कृपादृष्टि से दूर हुए हैं और हो रहे हैं। हम दीन-गरीबों को शरण दीजिये और हमारी चिन्ता दूर कीजिए। हम आपकी शरण में हैं और शरण आये की रक्षा करना आपका धर्म है।"
श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट के साथ कहा कि, "घबराने की कोई बात नहीं है। भाव से सब मिलता है। ऐसा कहकर गेरू का टुकड़ा मंगाया और उस गूंगे लड़के की जीभ पर कुछ लिखा। लिखते ही गूंगे बच्चेकी जबान खुल गई तथा "ॐॐ" बोला।
यह चमत्कार देखकर उस लड़के के माता-पिता तथा सभी परिवारजन खुशी से फूले नहीं समाये तथा श्री महाप्रभुजी की चरण रज सिर चढ़ाई।
श्री पूज्य महाप्रभुजी ने कहा कि लड़का दसवीं कक्षा तक पढ़ जायेगा और एक कुशल व्यापारी बनेगा।
उसके बाद परिवारजनों ने श्री महाप्रभुजी की आरती की, पूजा तथा भेंट चढ़ाकर अपने घर पंजाब लौटे।
इस प्रकार बहुत से अन्धे, बहरे, गूंगे, लूले, लंगड़े, कोढी तथा कई असाध्य रोगी भी आपकी कृपा दृष्टि से ठीक हुए हैं। कहाँ तक लिखे आपकी लीलाओं का पार नहीं है।
भजन
श्री पूज्य दीप दयालू दाता, लाखों प्रणाम।
चरण में लाखों प्रणाम।
बिगड़ी बनाने वाले दाता, लाखों प्रणाम॥ १॥
हरिवासणी अवतार लिया है,
गोस्वामी कुल को पावन किया है।
मात-पिता का नाम बढ़ाया, लाखों प्रणाम ॥ २॥
देश मरुधर खाटू नगर है,
जहाँ प्रभुजी का आसन सदर है।
धुणे-धाम बनाई दाता, लाखों प्रणाम ॥ ३॥
निपुत्रों को पुत्र दिया है,
निर्धन को धनवान किया है।
कोढ़ियों का कलंक मिटाया,
प्रभुजी लाखों प्रणाम ॥ ४॥
अन्धों को प्रभु आँखें दिया है,
लंगड़ों को हरि पाँव दिया है।
गूंगे को जुबान दिया है, लाखों प्रणाम ॥ ५॥
रोगी-जन का रोग मिटाया,
भूत-प्रेत का फन्दा कटाया।
दीन-दु:खी को गले लगाया, लाखों प्रणाम ॥ ६॥
जात-पाँत का भर्म मिटाया,
सबको प्रभु ने एक बनाया।
अछूतों का उद्घार किया है, लाखों प्रणाम ॥ ७॥
जो जिज्ञासु शरण में आया,
उसको जीवन-मुक्त बनाया।
जन्म-मरण का फन्दा मिटाया, लाखों प्रणाम॥ ८॥
श्री पूज्य दीप दयालु मोटा,
भक्तों के नहीं रहता टोटा।
माधवानन्द चरणों में लोटा, लाखों प्रणाम॥ ९॥