चातुर्मास में श्री महाप्रभुजी खाटू, राज-भवन में सत्संग कर रहे थे। वहाँ मैं भी उपस्थित था। उन दिनों वर्षा नहीं हो रही थी। अत: कृषकों की खेती सूख रही थी। पशु, पक्षियों के भी पीने के लिए पानी नहीं था। नहर, तालाब तथा कुओं में भी पानी सूख गया था।
गाँव कचरास के कृषक जाट लोग श्री पूज्य महाप्रभुजी के पास आये और प्रार्थना करने लगे, "हे दयालु! आसमान पर हर समय घटाटोप बादल छाये रहते हैं, लेकिन बरसते नहीं। अत: आप बारिश बरसाने की कृपा कीजिए। जिससे हमारा जीवन बच जायेगा।"
तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "इस वर्ष आपके अच्छी पैदावार होगी। आप चिन्ता मत कीजिए। अपने तालाब में हवन करवाइये। इसके पश्चात् तुरन्त ही वर्षा हो जायेगी।"
श्री गुरुदेव के यह बचन सुनते ही गाँव वाले हवन सामग्री लेकर श्री महाप्रभुजी के पास पहुँचे तो श्री महाप्रभुजी ने उनसे कहा, "आप लोग पण्डित मथुराप्रसाद व माधवानन्द को ले जाकर तालाब में हवन करवाओ। आप लोग चिन्ता मत कीजिए, आपका काम मैं स्वयं करूंगा।"
श्री गुरुदेव की आज्ञानुसार, मैं और पं. मथुराप्रसादजी गाँव कचरास के तालाब पर गये और हवन शुरू किया। हवन का कार्य प्रारम्भ होते ही बादल फटने लगे। लोग कहने लगे कि, "आसमान से सभी बादल साफ होकर चले गये। अब वर्षा कैसे होगी? कुछ ही समय पश्चात् श्री महाप्रभुजी भक्त-मण्डल सहित सुन्दर रथ में वहाँ पधार गये। सभी लोगों ने श्री महाप्रभुजी का हार्दिक स्वागत किया तथा सभी ने दण्डवत प्रणाम किया।" श्री महाप्रभुजी ने अपने कर-कमलों से हवन में कुछ आहूतियाँ दीं। फिर उन्होंने कहा कि, "अब कुछ ही समय पश्चात् वर्षा हो जायेगी। आप लोग कुछ प्रसाद लाकर सभी भक्तगणों व उपस्थित सज्जनों में बाँट दो।"
तब श्री गुरुदेव की आज्ञा पाते ही भक्तगण प्रसाद ले आये। वहाँ उपस्थित सभी स्त्री-पुरुषों तथा बालकों में प्रसाद बाँटा जा रहा था तभी आसमान पर पुन: बादल छाने लगे। देखते ही देखते उत्तर दिशा से बादल आये। कुछ ही समय में बादल समस्त गाँव पर छा गये। वर्षा प्रारम्भ हुई। मूसलाधार वर्षा हो रही थी। सभी लोग बहुत हर्षित हुए। तालाबों व खेतों में पानी भर गया। यह वर्षा केवल उस गाँव पर ही तथा उसी गाँव के तालाबों तथा खेतों पर थी। चारों ओर करीब चार मील के क्षेत्र में ही यह वर्षा हुई। इस रचना को देखकर सभी गाँव वाले श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने लगे। वे श्री महाप्रभुजी से कहने लगे, "आप ही हमारे रक्षक हैं तथा आप ही की कृपा से हमारी फसलें अच्छी हो जायेंगी।" गाँव वाले श्री महाप्रभुजी के गुणगान करते रहे।