उस रोज शाम को श्री महाप्रभुजी के पास में एक नाथ बाबा बैठे थे। नाथ बाबा बोले कि, "भगवान् हमको मूल बंध योग का साधन बताओ।"
श्री महाप्रभुजी ने थोड़ा मुस्कराकर कहा कि, "नाथजी ! तुम एक चेली रखते हो, तो मूल बंध कैसे रहेगा? तुम्हारा मूल तो धूल में मिल रहा है। ब्रह्मचर्य पालन ही योग का मूल साधन है। ब्रह्मचर्य के पालन बिना वह योग का अधिकारी नहीं है वह तो रोग का अधिकारी है। आप पहले अपना यह मूल बंध का साधन करो फिर दूसरा मूल बन्ध सीखना।"
यह सुनकर नाथ बाबा शर्मिन्दा होकर श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिरकर बोला, "महाप्रभुजी मेरी चेली भी है, आप तो अन्तर्यामी हो। मेरी लीला मैं आपसे कैसे छुपा सकता हूँ? हे प्रभु! आप ही मुझे इस महामाया के जाल से बचा सकते हो।"
एक भक्त ने कहा, "हे महाप्रभुजी! यह नाथजी विरक्त साधु होकर भी औरत रखते हैं। यह इन्होंने अच्छा नहीं किया।"
तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "यह ठीक ही किया है। जैसे एक कुत्ता घर-घर की हाँडी चाटता व बिगाड़ता रहेगा तो उसे सभी जगह की मार खानी पड़ेगी। इससे अच्छा तो यही रहेगा कि एक हाँडी वह अपने गले में बाँध लेवे ताकि उसी को चाटता रहे।"
यह माया रूपी नारी तो महाशक्ति है। ब्रह्मा से लेकर समस्त देहधारी जीव इसके ही बन्धन में हैं। इस नारी ने किसको नहीं रुलाया। इसके कारण शिवजी रोये, ब्रह्मा रोये, कृष्ण रोये व राम भी इसी के विरह में रोये। जो-जो भी व्यक्ति इस नारी के सम्पर्क में आये उन सभी की यही फजीती हुई।
कविता
विष्णु को रुलाये दियो, ब्रह्मा को भ्रष्टकर
इज्जत गंवाई हैं।
शिवजी की शान खोय दीनी,
कृष्ण को कर्म में उलझायो है।
राम पड़े लड़ाई के पाने, अति घणो दु:ख पायो है।
स्वामी दीप कहे सुनो भाई सन्तों,
इस कामणी के खेल को पार कोई नहीं पायो है।
इस शंखणी के फंक में आयो सो,
आखिर घणो पछतायो है।
पीर तीर्थ कर औलिया सारा,
गोरखनाथ भी देख, घणों घबरायो है।
और भी अनेक सन्त, महन्त जिनसे,
इणने धोखो, कपट कमायो है।
रिझाय के खिझाय के,
धैर्य को धन गंवायो है।
स्वामी दीप कहे सुनो भाई साधो,
इस नागिन ने सारो ही जग खायो है।
प्यारी-प्यारी यारी-यारी सुरंग लागे सुहावनी,
इसका संग करे उसको यह नरक भगवान्ी।
पुरुष और स्त्री एक दूसरे के पूरक होते हुए भी, एक दूसरे के लिए हानिकारक भी सिद्घ हो सकते हैं। इसलिए संयम ही महान् है। गृहस्थ में रहकर भी पुरुष महान् बन सकता है परन्तु इसके लिए गुरु आज्ञा सर्वोपरि है।