Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

भेषधारी द्वेष का भाण्डा

यह प्राय: देखा जाता है कि गृहस्थी व्यक्तियों से भी ज्यादा अहंकार, अज्ञान भेषधारी साधुओं में होता है। इनमें ईर्ष्या तथा द्वेष की भावना भी अधिक होती है। अत: आत्म-ज्ञान हीन ये भेषधारी बाबा लोग द्वेष का भाण्डा परस्पर एक दूसरे से जलते हैं। वे अपनी मान, प्रतिष्ठा की प्रबल इच्छा के कारण एक दूसरे की प्रतिष्ठा को सहन नहीं कर पाते हैं। वे अपने प्रत्येक प्रतिद्वन्द्वी को बदनाम करने व मारने तक की ताक में रहते हैं। दूसरी ओर सच्चे आत्म-ज्ञानी सन्त जब परस्पर मिलते हैं तो ज्ञानामृत का आदान-प्रदान होता है। इन्हीं भावों की अभिव्यक्ति किसी सन्त ने इन शब्दों में की है-

ज्ञानी से ज्ञानी मिले, तो रस की लूटालूट।
ज्ञानी से अज्ञानी मिले, तो होवे माथाकूट॥

एक साधु स्वयं को धुरन्धर पण्डित समझने वाला, आयुर्वेद का ज्ञाता और अत्यन्त ही ईर्ष्यालु प्रकृति का था। वह श्री महाप्रभुजी के पास आया और कहा, "आपकी तबीयत कुछ नर्म दिखायी दे रही है अत: मैं आपके इंजेक्शन लगाना चाहता हूँ। कृपया आप आज्ञा प्रदान करें।" श्री महाप्रभुजी तो कृपा के सागर थे। आपने उससे कहा, "जो कार्य करने से तुम्हें प्रसन्नता हो, वह कार्य तुम कर सकते हो।" कुछ ही समय पश्चात् उस व्यक्ति ने श्री महाप्रभुजी की पीठ में एक इंजेक्शन लगाया और वहाँ से चला गया।

उसके जाने के पश्चात् श्री महाप्रभुजी के इंजेक्शन से दर्द हुआ और दर्द निरन्तर बढ़ता ही गया। इंजेक्शन वाला स्थान पक गया। जहाँ इंजेक्शन लगाया था वहाँ एक भयंकर फोड़ा हो गया था। असहनीय दर्द होने पर भी परम कृपानाथ श्री महाप्रभुजी के मुखारविन्द पर सदैव अखण्ड मुस्कराहट रहती थी। भक्त लोग गुरुदेव की उस स्थिति के लिए चिन्तित थे। श्री महाप्रभुजी उनसे यही कहते थे कि, "आप लोग मेरी इस शारीरिक पीड़ा के लिए इतनी चिन्ता क्यों करते हैं? मैं तो आनन्द स्वरूप हूँ तथा सदैव आनन्द में ही रहता हूँ। मैं तो शरीर के कष्ट का साक्षी मात्र हूँ, इसलिए मुझे इसकी तनिक भी चिन्ता नहीं है।"

श्री महाप्रभुजी के सगुण स्वरूप की स्थिति ज्यादा बिगड़ने लगी। सर्व भक्त मण्डल को अत्यन्त चिन्ता हुई। सभी भक्तों ने मिलकर श्री महाप्रभुजी को अजमेर ले जाने का निश्चय किया। श्री महाप्रभुजी ने उन्हें स्वीकृति दे दी। जिस समय श्री महाप्रभुजी अजमेर पधारने लगे, तब सभी भक्तगणों व हजारों नर-नारियों की आँखों में आँसू थे। जब भक्तगण अपने इष्ट व परम पूज्यनीय भगवान्‌ श्री महाप्रभुजी के स्वस्थ होने की मनोकामनाएं करने लगे। तब भक्तों को सान्त्वना देते हुए कहा, "आप लोग मेरी चिन्ता मत कीजिये। मैं शीघ्र ही स्वस्थ होकर लौट आऊँगा। वैसे तो सुख-दु:ख, लाभ-हानि, यश-अपयश तथा जन्म-मरण इत्यादि सब कुछ विधि के हाथ है।" ऐसा कहते हुए श्री महाप्रभुजी ने उत्तर दिशा की ओर देखा। श्री महाप्रभुजी ने पाँच मिनट तक आँखें बन्द कर मौन रखा। हम यह कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि इन पाँच मिनट के दौरान श्री महाप्रभुजी ने कुदरत से क्या कहा? हाँ, हमने यह जरूर देखा कि इस प्रक्रिया के ठीक दस मिनट बाद उत्तर दिशा से सफेद बादल आये जो चाँदी के समान उज्ज्वल थे। उस समय खाटू नगर पर दूध जैसी वर्षा हुई। यह दुग्धवृष्टि (दूध वर्षा) खाटू नगर के चारों ओर एक-दो कि.मी. की दूरी पर हुई। पृथ्वी दूध से सफेद हो गयी थी। इस लीला को देखकर भक्तजनों को अपार हर्ष हुआ। हर्षमय वातावरण में अति प्रसन्न होकर भक्तगण श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिर गये।

तब श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट के साथ कहा, "देखो, यह तुम्हारी इच्छा पूर्ण होने का प्रमाण है।" किसी कार्य की पूर्ण सफलता को देखकर लोग कहते हैं कि 'दूध वूठा मेह' अर्थात दूध की वर्षा।

आपको धीरज बंधाने के लिए ही मैंने यह लीला दिखायी है। इस लीला से भक्तजनों को विश्वास हो गया कि श्री महाप्रभुजी अब शीघ्र ही अपने को वापस संभालेंगे।

श्री महाप्रभुजी अपने भक्तों के साथ अजमेर पधारे। उनके वहाँ पधारने से खाटू के लोग पुन: व्याकुल हो गये। उनकी दशा वैसी ही हो गयी जैसी कि राम, लक्ष्मण व सीता के वनवास गमन के समय अयोध्या निवासियों की हुई थी। साक्षात् परमात्मा, परमानन्द, ब्रह्मानन्द तथा अमृत के महा सुखसागर से भला कौन ऐसा अभागा होगा जो बिछुड़ना चाहेगा। समस्त अजमेर नगर में श्री महाप्रभुजी के शुभागमन की सूचना सुगन्ध की तरह फैल गयी। हजारों नर-नारी, सेठ, अफसर इत्यादि सभी वर्गों के लोग वहाँ पर गुरुदेव के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सभी ने गुरुदेव के दर्शन कर अपने अहोभाग्य की सराहना की।

डॉ. श्री अम्बालालजी ने, श्री महाप्रभुजी के इलाज का कार्य अपने हाथ में लिया। एक ईसाई नर्सिंग होम में श्री महाप्रभुजी को भर्ती करवाया गया। बड़े-बड़े डॉक्टरों ने अत्यन्त सावधानीपूर्वक उनके ऑपरेशन को प्रारम्भ किया। श्री महाप्रभुजी की बीमारी के कारण शरीर अत्यन्त कमजोर हो गया था। अत: सभी डॉक्टर बड़ी सतर्कता से कार्य कर रहे थे। जैसे उन्होंने ऑपरेशन प्रारम्भ किया वैसे ही श्री महाप्रभुजी ने अपने शरीर का संचार बन्द कर दिया। ऑपरेशन हुआ भी परन्तु डॉक्टरों के होश उड़ गये। उन्होंने सोचा कि श्री महाप्रभुजी ने शरीर त्याग दिया है। मगर श्री महाप्रभुजी की योग शक्ति का किसी को पता नहीं था। डॉ. श्री अम्बालालजी अत्यन्त दु:खी होकर प्रार्थना करने लगे कि, "हे गुरुदेव! आज दिन तक मुझसे कोई ऑपरेशन असफल नहीं हुआ है। आज आपकी पवित्र सेवा का क्या यही फल मिलेगा? यदि आप परलोक चले जायेंगे तो पूरे विश्व में मेरी बदनामी हो जायेगी। हे नाथ! मेरी लाज बचा लो।"

तभी एकाएक श्री महाप्रभुजी ने आँखें खोलीं। यह देखकर सभी डॉक्टरों के मुरझाये हुए चेहरों पर अचानक मुस्कराहट खिल गयी। डॉक्टरों ने ईश्वर का लाख-लाख धन्यवाद किया। श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराकर कहा, "आप लोग चिन्ता मत कीजिये। मैं तो योग-निद्रा में मग्र था।" ऐसा सुनकर सभी व्यक्ति अत्यन्त हर्षित होकर श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार करने लगे।

डॉक्टर श्री अम्बालालजी ने मुझे अहमदाबाद मे एक पत्र लिखा। उस पत्र में उन्होंने यह भाव-विभोर अभिव्यक्ति की थी कि, "मैंने अपनी जिन्दगी में बहुत से अच्छे से अच्छे महात्मा एवं राजगुरु देखे हैं परन्तु ऐसे अद्भुत शक्तिशाली, परम योगेश्वर, साक्षात् नारायण स्वरूप श्री महाप्रभुजी जैसा आज दिन तक नहीं देखा। आपके अहोभाग्य हैं, जो ऐसी महान्‌ ईश्वरीय विभूति का वृहद हस्तकमल आपके सिर पर है। तब भला आपको किसी भी चीज की कमी कैसे हो सकती है? आपको श्री महाप्रभुजी ने याद किया है अत: यथाशीघ्र अजमेर चले आइये।" डॉ. अम्बालालजी का यह पत्र पढ़ते ही मैं अपने साथ कुछ सेवकों को लेकर, अजमेर पहुँचकर श्री महाप्रभुजी के दर्शन करके अपनी नयनों व मन की प्यास को तृप्त किया।

कुछ ही दिनों में श्री महाप्रभुजी का स्वास्थ्य बिलकुल ठीक हो गया। इसके पश्चात् पूर्व की भाँति सत्संग का कार्यक्रम होने लगा। उसमें हिन्दू, मुसलमान, सिक्ख, ईसाई सभी धर्मों व वर्गों के भक्तगण आते थे। श्री महाप्रभुजी के मानव हितकारी आदेश, मनोहर अमृत ज्ञान को सुनकर सभी श्रोता श्री गुरुदेव की जय-जयकार करते तथा अपने अहोभाग्य पर गर्व का अनुभव करते।

मुसलमान लोग श्री महाप्रभुजी को सच्चा पीर मानते एवं ईसाई लोग श्री महाप्रभुजी को साक्षात् ईसा मसीह का अवतार मानते तथा सिख लोग श्री महाप्रभुजी को गुरु नानक के तुल्य मानकर श्री महाप्रभुजी का आदर करते थे। अन्य धर्मो के लोग श्री महाप्रभुजी के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते थे।