Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

पण्डितजी का गर्व खण्डन

श्री महाप्रभुजी के पास एक पण्डितजी आये। तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "आप कौन हैं।" उन्होंने श्री महाप्रभुजी से कहा, "प्रभु हम सर्वश्रेष्ठ व उच्चकोटि के ब्राह्मण हैं।" तब श्री महाप्रभुजी ने पूछा, "आप कैसे कहते हैं कि हम उच्चकोटि के ब्राह्मण हैं।" पण्डितजी बोले, "हम भगवान्‌् के मुख से पैदा हुए हैं।" ऐसा कहने पर प्रभु ने हँसकर कहा कि, "पण्डितजी, ब्राह्मण तो भगवान्‌् के मुख से ही पैदा होते थे लेकिन अब नीचे नरक द्वार से किस तारीख से पैदा होने लगे, किस कारण से मुख से पैदा होना बन्द हुआ यह बताइये।" तब पण्डितजी चुप हो गये। तब प्रभुजी ने पूछा, "पण्डितजी, आपने कभी गीता का अध्ययन किया है।" तब पण्डितजी बोले, "हाँ प्रभु, कई बार किया है। गीता में लिखा है -- कि मनुष्य का सिर ब्राह्मण है जो वेदों के पठन का कार्य करता है, हाथ क्षत्रिय हैं जो शरीर की रक्षा का कार्य करते हैं। पेट वैश्य है जिसके लिए कृषि, व्यापार आदि किया जाता है तथा पाँव शूद्र है जो उपरोक्त तीनों वर्णों की सेवा करता है। इस प्रकार स्पष्ट है कि हम ब्राह्मण लोग भगवान्‌ के मुँह से पैदा हुए हैं। अत: हम सर्वोच्च हैं।" ऐसा सुनकर श्री महाप्रभुजी ने उस पण्डित से कहा कि, "पण्डितजी, ब्राह्मण भगवान्‌् के मुँह से पैदा होते हैं फिर लोग आपको प्रणाम करते समय 'पण्डितजी मुँह लागूं' क्यों नहीं कहते हैं, वे ऐसा क्यों कहते हैं कि पण्डितजी पाँय लागूं। पाँय लागू का अर्थ तो यह हुआ कि लोग आपको प्रणाम न करके शूद्रों को प्रणाम करते हैं। आपके कहने के अनुसार पैर तो शूद्र हैं। ब्राह्मण तो सभी के लिए समान हैं। फिर आप शूद्रों के हाथ का खाना क्यों नहीं खाते?" तब पण्डितजी ने कहा, "शूद्र लोग जनेऊ धारण नहीं करते इसलिए उनका बनाया भोजन हम नहीं करते।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तेरी औरत के कहाँ जनेऊ है उनका क्यों खाते हैं।" पण्डितजी चुप हो गये। तब श्री महाप्रभुजी ने पीने का पानी मंगवाया तथा जल पीने का आग्रह पण्डितजी से करने लगे। तब पण्डितजी ने यह कहते हुए पानी पीने से मना कर दिया कि यह पानी तो चरस (चमड़े की बड़ी थैली) द्वारा निकाला हुआ है। अत: यह अशुद्घ जल मैं कैसे पी सकता हूँ? तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तुम यह पानी किस में डालते हो, यह सम्पूर्ण शरीर भी तो चमड़े का ही है। जिस थैली से पानी लाया गया है वह तो शुद्घ किया चमड़ा है लेकिन तुम्हारे चमड़े में मल, मूत्र, खून, माँस इत्यादि सभी प्रकार की गन्दगी होते हुए भी तुम पानी पीते हो, खाते हो ऐसा क्यों?"

यह सुनकर पण्डितजी को चुप रहना पड़ा। पण्डितजी के पास इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं था, तब श्री महाप्रभुजी ने आगे कहा, "हे पण्डितजी! आप झूठे आत्माभिमान से अन्धे हो गये हो इसलिए आपको सत्य का रास्ता दिखायी ही नहीं देता। जो ब्राह्मण हैं वे आज भी भगवान्‌् के मुख से पैदा होते हैं।" सुनो, भगवान्‌् कहते हैं,जो अपने अज्ञान अन्धकार को भगाकर ब्रह्म सत्य का साक्षात्कार करवा देते हैं, जो सतगुरु देव का सच्चा साक्षात्कार कर लेता है,वही ब्रह्म जानने वाला ब्राह्मण है। इसलिए कहा भी है, "ब्रह्म जाने सो ब्राह्मण।" यह सतगुरु भगवान्‌् के श्री मुख द्वारा ही ब्राह्मण होता है, जाति से नहीं। जाति तो समस्त मानवों की एक ही है और वह है मनुष्य जाति। उसमें ऊंच-नीच मानना ही अज्ञान है। गुण, कर्म, स्वभाव से ही जाति बनती है जैसे-- सोने, चाँदी का कार्य करने वाला सुनार है, लकड़ी का कार्य करने वाला खाती है, चमड़े का कार्य करने वाला चमार है तथा ब्रह्म को जानने वाला ब्राह्मण है, जीवों की रक्षा करने वाला क्षत्रिय होता है तथा हत्या करने वाला अधर्मी है।

पण्डित अहंकार में चूर थे, वे कहने लगे, "मैं काशी का विश्वविजयी पण्डित भवानीशंकर! सर्व शास्त्रों का ज्ञाता! आज तक तर्क-वितर्क में मुझसे कोई नहीं जीत सका। आप कैसे जीत सकेंगे? मेरे प्रश्न बहुत ऊंचे हैं। सुनिए-गृहस्थाश्रम सबसे बड़ा है गृहस्थ जीवन व्यतीत करते हुए भी हम बड़े त्यागी हैं, हमारे तुल्य आपके त्याग भाग्य कहाँ हैं?" तब श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराकर कहा, "आप सही कह रहे हैं। चौरासी लाख जीव जूण में सभी गृहस्थी हैं, इसलिए गृहस्थाश्रम बहुत बड़ा है जिसका समूह बहुत बड़ा हो वही बड़ा कहलाता है और हम साधु लोग तो इने-गिने कुछ ही हैं और गृहस्थी सच्चे व त्यागी भी हैं। सत्य धर्म व परमात्मा सच्चा है उसको गृहस्थी लोगों ने त्याग दिया इसलिए बड़े त्यागी हैं और बड़े भी हैं क्योंकि संसार भर में माया का आडम्बर व जंजाल जन्म-जन्म आपके साथ रहने वाला आपके भाग्य में है इसलिए आप बड़े भाग्य वाले हैं और यह सब हमारे भाग्य में नहीं है पण्डितजी।"

महाभारत के वन पर्व में लिखा है कि, "चाण्डाल होकर ब्राह्मण का काम करे तो वह ब्राह्मण तथा ब्राह्मण होकर भी चाण्डाल का काम करे तो वह चाण्डाल ही कहलायेगा। इसलिए आत्मा में खोजो मिथ्या अहंकार मत करो।"

तब पण्डितजी बोले, "स्वामीजी! हम श्राद्घ तृपण करके जीवों को मोक्षधाम पहुँचाते हैं तथा पितृ आदि को हम ही तृप्त कर सकते हैं। यह बातें तो आप भी जानते ही होंगे।"

तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हाँ, मैं जानता हूँ लेकिन आपकी तरह नहीं। मैं जिस तरह जानता हूँ उसे सुनो-- जीवित माता-पिता के वचनों में श्रद्घा रखना ही सच्चा श्राद्घ है और जो जीवित माता-पिता की अच्छी सेवाएं कर तृप्त करता है वही सच्चा तर्पण एवं श्राद्घ है। क्या सभी के माता-पिता कौए हो गये जो आप कौओं को "कौवंश-कौवंश" कहकर बुलाते हैं। यह भी मिथ्या भ्रम ही है।

आसोज महीने में मनुष्य का नया खून बनता है इसलिए आप लोगों ने अच्छा व स्वादिष्ट भोजन पराये घर जीमने का एक साधन बना रखा है। मोक्ष तो केवल आत्म-ज्ञानी सन्त, महात्मा ही कर सकते हैं। मोक्ष का अभिप्राय है मोह का क्षय अर्थात मोक्ष।

जो मरते हैं वे अपने-अपने कर्मों के अनुसार अलग-अलग योनि में चले जाते हैं, सब कौए बनकर नहीं आते हैं। यह भ्रम तो आप पण्डित लोगों द्वारा फैलाया हुआ है। जिससे आपका पेट भरता रहता है।

यह सुनकर पण्डितजी कहने लगे, "मैं वेद वेदान्तों का ज्ञाता हूँ, ष्टरहित ब्रह्म हूँ। मैंने पंचीकरण योग वशिष्ट, विचार-सागर तथा पंचदर्शी ग्रन्थों का अच्छी तरह से पठन किया है।" यह सुनकर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तब फिर आपको इतना भ्रम क्यों है?" तब पण्डितजी बोले कि, "हे महाप्रभुजी! लौकिक में सब होता है अलौकिक आत्मा में कुछ नहीं।"

तब श्री महाप्रभुजी ने उस पण्डित को यह भजन सुनाया-

भजन (पद राग लावणी)
हाँ वाचक ज्ञान सीखकर, मूर्ख पंचीकरण का पाठ करे।
नवीन सीख वेदान्त अज्ञानी, महामूर्ख उपदेश करे ॥ टेर॥
मर्यादाहीन सब वाचक ज्ञानी, कड़-कपट अभिमान करे।
विमुख पापी फिरे भटकता, भ्रष्ट व्यवहार आचार करे॥ १॥
नहीं लखे ज्ञान लौकिक, सनातन अलौकिक प्रचार करे।
ऐसे कली में साधु ब्राह्मण, कुल डूबन के काम करे॥ २॥
लिंग शरीर नाश नहीं होता, आद अनाद जन्मा ही करे।
अलख मात्र ही अविनाशी, नहीं लिखने में यह आया करे॥ ३॥
नभ माय नहीं चित्र लिखिये, लिख पोथा पाखण्ड करे।
अपने आप आत्मा जागे, अनुभव अपना आप करे॥ ४॥
स्वामी दीप कहे सुन पंडित, क्यों वृथा बकवास करे।
सद विद्या बिन भेद न पावत क्या कोई उपकार करे॥ ५॥
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

यह भजन सुनकर उस अहंकारी पण्डित का अहंकार मिट गया। तर्क-वितर्क में वह पण्डित असफल हो गया। वह मन में सोचने लगा कि इतने दिन तक मैं मिथ्या भ्रम में ही, ब्रह्मज्ञानी बना हुआ था। सत्य ज्ञान तो आज श्री महाप्रभुजी ने बताया है। फिर श्री महाप्रभुजी की भक्ति धारण की।