सन् १९५३ में श्री महाप्रभुजी का चातुर्मास गाँव बोलागूड़ा में था। वहाँ पर मैं श्री महाप्रभुजी की सेवा में ही था। मेरे साथ अन्य गुरुभाई संन्यासी भी उपस्थित थे। सत्संग मेला प्रतिदिन लगता था। उन दिनों वर्षा भी प्राय: हो जाती थी। लगातार पन्द्रह दिनों तक वर्षा की एक-सी झड़ी लग गयी। मैं एक कमरे में बैठा विचार-मग्न था। मैंने सोचा मुझे जामनगर (गुजरात) जाना चाहिए। यह सब प्रभु ने जान लिया, अचानक ही श्री महाप्रभुजी मेरे कमरे में पधारे और मुझसे कहने लगे, "जामनगर जाना चाहते हो तो जा सकते हो?" तब मैंने प्रार्थना की, "हे प्रभुजी! वर्षा बहुत हो रही है। यहाँ आश्रम से सोमेसर १० कि.मी. दूर है। मैं इस वर्षा में वहाँ तक कैसे जाऊंगा?" तब श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराकर कहा कि, "कल प्रात: वर्षा बन्द हो जायेगी। तुम्हारे सोमेसर जाकर गाड़ी में बैठने के बाद पुन: प्रारम्भ हो जायेगी। तुम्हारे पास किराये के लिए पैसे नहीं हों तो मुझसे ले लो।" तब मैंने हाथ जोड़कर कहा, "हे प्रभुजी! आप तो अन्तर्यामी हैं इसलिए जहाँ पर मुझे पैसों की आवश्यकता पड़े वहाँ पर दे देना।" फिर प्रभु ने कहा, "माधवानन्द इस पूर्णानन्द को रानी स्टेशन तक साथ ले जाओ, वहाँ से इनके साथ १ किलो हल्दी, कुछ हरी सब्जी भेजना और इस छाते के कवर को दीमक खा गई है सो इस छाते पर नया कवर चढ़ाकर भेज देना, वर्षा में काम आयेगा। अब बोलो, पैसा दूं।" मैंने हाथ जोड़कर कहा, "प्रभुजी, मैं पहले भी आपसे प्रार्थना कर चुका हूँ। जहाँ पर मुझे जरूरत पड़े वहाँ देना।"
मेरी जेब में मात्र दो रुपये ही थे, लेकिन मुझे पूर्ण विश्वास था कि श्री महाप्रभुजी आवश्यकतानुसार हर जगह पैसे देते हैं। वे हर पल मेरी संभाल रखते हैं।
दूसरे दिन प्रात: हम व पूर्णानन्द जल्दी पैदल ही सोमेसर गये वहाँ से रेल द्वारा चले। कुछ समय बाद दो टी.टी.आई. टिकट चैक करने के लिए हमारे डिब्बे में आये, उन्होंने प्रणाम किया तथा चाय-नाश्ते के लिए आग्रह करने लगे। मैंने उनसे मना कर दिया। कुछ देर बाद रानी स्टेशन पर पहुँचे। वहाँ उतर कर हम बाजार में छाते का कवर खरीदने के लिए गये। एक दुकानदार से पूछा, "छाते के कवर का मूल्य कितना है?" तब उसने उसका मूल्य तीन रुपये बताया। मेरी जेब में मात्र दो रुपये ही थे इसलिए कवर नहीं खरीद सका। उस समय रानी स्टेशन पर मेरी जान-पहुँचान नहीं थी। अत: परेशानी हुई कि कहाँ ठहरेंगे? कहाँ खायेंगे, पीयेंगे इत्यादि? सूर्यास्त होने ही वाला था। ठण्डी हवा और भी तेज हो गयी थी। इस परिस्थिति में पूर्णानन्द तो निराश होकर घबराने लगा। वह सोचने लगा नहीं आता तो अच्छा रहता। उसने मुझसे कहा कि, "आपने मुझे साथ क्यों लिया? अब जबरदस्ती उपवास करना पड़ेगा।" तब मैंने पूर्णानन्द से कहा, "तुम्हें श्री महाप्रभुजी पर भरोसा रखना चाहिये। तुम चिन्ता मत करो वे सब व्यवस्था करेंगे। सर्वव्यापी परमात्मा सदैव हमारे साथ हैं।" सामने स्थित पुलिस थाना आ गया। मैंने कहा, "पूर्णानन्दजी, सामने पुलिस थाना है, वहीं चलो।" ऐसा कहकर हम उस थाने में गये। सामने के कमरे में ही पुलिस इन्स्पेक्टर रामसिंह बैठा हुआ था। हमें देखते ही खड़ा हो गया व हाथ जोड़कर प्रणाम किया। हमने भी उसे आशीर्वाद दिया। हम दोनों वहीं पर बैठ गये। कुछ देर तक सत्संग हुआ। इस दौरान हमें पता चला कि इन्सपेक्टर श्री महाप्रभुजी के शिष्य हैं। हमें यहाँ देखकर वह बहुत प्रसन्न हो रहा था। उसने हाथ जोड़कर हमसे वहीं ठहरने व भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया। हमने स्वीकृति दे दी।
उसने एक सिपाही से कहा, "ऊपर वाले कमरे में दो पलंग, बिस्तर, ठण्डे पानी की मटकी तथा दो बाल्टियों में नहाने के लिए पानी रख दो।" भोजन में हलवा, पूड़ी, खीर तथा दो सब्जियाँ बनायी गयीं। हमने प्रेमपूर्वक भोजन किया। भोजन करने के पश्चात् मैंने इन्सपेक्टर से कहा, "हमें इस छाते पर नया कवर लगवाना है तथा मेरे पास दो रुपये हैं। कवर के तीन रुपये लगते हैं। अगर आप उससे कहेंगे तो वह दो रुपये में ही दे देगा।"
यह सुनते ही उन्होंने एक सिपाही को आदेश दिया कि, "जाओ उस दुकान पर जितने भी छाते के कवर हो, सभी को गाँठ बाँधकर ले आओ।" ऐसी आज्ञा पाते ही सिपाही बाजार में गया व्यापारी सहित सब कवर लेकर आया। इन्सपेक्टर ने कहा कि, "श्री गुरुदेव के छाते पर कवर चढ़ाओ। इसके पैसे मैं दे दूंगा। तब दुकानदार ने छाते पर कवर चढ़ा दिया तथा इन्सपेक्टर ने पैसे दे दिये। मेरी जेब में दो रुपये ज्यों के त्यों पड़े रहे। कुछ समय तक सत्संग किया। फिर दूध पीकर सो गये।"
दूसरे दिन प्रात: ब्रह्म-मुहूर्त में उठकर घूमने निकले। रास्ते में श्री वी.आर.शर्मा पी.डब्ल्यू.आई. (रेलवे) का बंगला था। मैंने पूर्णानन्द से कहा, "चलो शर्माजी से मिल लें।" तब पूर्णानन्द ने कहा, "आप तो हर किसी के घर चले जाते हैं। यह साहब लोग हैं पता नहीं हमारे साथ कैसा व्यवहार करें।" तब मैंने कहा, "आप चिन्ता न करें। आप तो मेरे साथ चलें।" बंगले के द्वार पर ही चौकीदार खड़ा था, मैंने उससे कहा, "चौकीदार साहब से कहो कि स्वामीजी आये हैं।" ऐसा सुनकर चौकीदार ने सूचना दे दी। थोड़ी देर में शर्माजी बाहर आये तथा आते ही हमें नमस्कार कर अपने ड्राइंग रूम में ले गये। नाश्ते-पानी का इन्तजाम किया। हमें अपने घर पर देखकर प्रसन्न नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा, "स्वामीजी, आज आपको भोजन हमारे घर पर ही करना होगा।" मैंने उनसे कहा कि, "आपकी इच्छा है तो अवश्य करेंगे। लेकिन कुछ हरी सब्जी व एक किलो हल्दी बाजार से मंगवानी है।" शर्माजी ने कहा, "यह मैं मंगवा देता हूँ।"
यह कहकर उन्होंने अपने नौकर को बुलाया और उसे दस रुपये का नोट देते हुए बाजार से एक किलो हल्दी व कुछ हरी सब्जी लाने का आदेश दिया। कुछ ही समय पश्चात् वह नौकर चार रुपये की दो किलो हल्दी तथा छ: रुपये की हरी सब्जी लेकर आया। मेरी जेब में वह दो रुपये सलामत थे। कुछ समय पश्चात् हमने शर्माजी के घर प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण किया। फिर मैंने पूर्णानन्द को गाड़ी में बैठा दिया। पूर्णानन्द छाता, हल्दी व सब्जी लेकर महाप्रभुजी के पास बोलागूड़ा पहुँचा। मैं अहमदाबाद चला गया।
पूर्णानन्द ने अपने मन में सोचा कि माधवानन्दजी के पास दो रुपये ज्यों के त्यों सुरक्षित हैं इसके बावजूद भी श्री गुरुदेव द्वारा मंगाई गई समस्त सामग्री भी क्रय कर ली गयी। वे स्वयं अहमदाबाद भी गये यह सब कैसे सम्भव हो गया। पूर्णानन्द के मन में सन्देह पैदा हो गया। उसने सब गुरु भाइयों को एकान्त में सब घटनाओं का विस्तारपूर्वक वर्णन सुना दिया। सब हालात सुनाने के बाद उसने कहा, "श्री महाप्रभुजी हम सबसे अधिक उसे चाहते हैं। उन्होंने माधवानन्द को कोई विशिष्ट ताकतवाला मंत्र दे रखा है। वह मंत्र उन्होंने और किसी को नहीं दिया है। तभी तो टी.टी.आई. (टिकट चेक करने वाला) उनसे टिकट नहीं माँगता। नाश्ता-पानी कराता है और अगर हम में से किसी एक के भी पास टिकट नहीं हो तो रेलवे अधिकारी, रेल में पाँव भी रखने नहीं देता है। यह सब किसी मंत्र विशेष का ही प्रभाव है। मैंने तो सोचा था कि माधवानन्द के पास मात्र दो ही रुपये हैं। इन दो रुपये से तो हम केवल सोमेसर से रानी तक ही पहुँच सकेंगे। इसके पश्चात् वस्तुएं कहाँ से खरीदेंगे? कहाँ पर ठहरेंगे, क्या खायेंगे? लेकिन रानी पहुँचने पर सर्वप्रथम तो पुलिस इन्सपेक्टर पर भुरकी डाली जो उनके वश में हो गया और हमारे खाने व ठहरने की व्यवस्था के साथ ही साथ छाते का कवर भी चढ़वा दिया।"
उसके बाद रेलवे पी.डब्ल्यू.आई. पर भुरकी डाली जिसने हमारे प्रात:कालीन भोजन के साथ ही दो किलो हल्दी व हरी सब्जी की व्यवस्था कर दी। माधवानन्द जो जादू जानता है वह हमारे में से कोई नहीं जानता है, ऐसा क्यों? इसलिए आगामी पूर्णिमा के दिन सत्संग के मौके पर श्री गुरुदेव से इस बात पर फैसला करायेंगे। हम भी उनसे कहेंगे कि, "हम भी अपना घर-बार छोड़कर आपके शिष्य बने हैं। आपने माधवानन्द को वशीकरण मंत्र सिखाया हैं, हमें क्यों नहीं? हमारे साथ यह भेदभाव कैसा?" पूर्णानन्द की इस शंका ने सभी शिष्यों में जहर का बीज बो दिया।
कुछ ही दिनों बाद पूर्णिमा का दिन आया। आश्रम में सत्संग का आयोजन हुआ। हजारों दर्शनार्थी आये हुए थे। बड़ा अच्छा सत्संग चल रहा था। प्रात: नौ बजे श्री महाप्रभुजी की आरती व पूजा होने के पश्चात् पूर्णानन्द ने श्री भूरसिंह से कहा, "श्री महाप्रभुजी हम सब शिष्यों में भेदभाव रखते हैं। केवल एक माधवानन्द को ही सब कुछ दे रखा है। अत: आप श्री महाप्रभुजी से कहिये कि हमें भी वही सिद्घि मंत्र सिखायें जो उन्होंने माधवानन्द को सिखा रखे हैं।" इसके पश्चात् श्री भूरसिंहजी ने समस्त भक्तों के सामने श्री महाप्रभुजी से कहा, "हे दयालु! आपके इस शिष्य समुदाय में शंका व ईर्ष्या का बीज उत्पन्न होने लगा है, उसे नष्ट करने का कष्ट करें।"
तब श्री महाप्रभुजी ने पूर्णानन्द सहित सभी शिष्यों को अपने पास बुलाया और कहा, "आप लोगों को किस बात का दु:ख है व क्या शंका है?" तब सभी शिष्यों ने एक ही स्वर में कहा, "आप हम सबको एक नजर से नहीं देखते। आप भेदभाव रखते हैं। आपने जो सिद्घि-मंत्र माधवानन्द को दिया वह हम में से किसी को नहीं दिया। माधवानन्द के पास वशीकरण मंत्र होने से वह जहाँ भी जाता है वहाँ पूजा जाता है, जबकि हमें कोई पूछता भी नहीं, ऐसा क्यों है?"
तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "यह तो माधवानन्द पर मेरी कृपा है।" तब उन शिष्यों ने पुन: संशय व्यक्त किया कि, "यह कृपा हम पर क्यों नहीं ?"
तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "मेरी कृपा तो तुम सभी पर है परन्तु तुम उसका लाभ लेना नहीं जानते जबकि माधवानन्द उस कृपा से आनन्द मग्न रहता है। जिस प्रकार सूर्य का प्रकाश तो समस्त प्राणियों पर रहता है परन्तु सूर्य से ऊर्जा प्राप्त तो केवल विवेकी पुरुष ही करता है। ठीक उसी प्रकार मेरी कृपा आप सभी पर बराबर है अगर आप मेरी कृपा का लाभ औरों से लेना नहीं जानते तो इसमें दोष किसका है? अगर तुम्हें यह कला सीखनी है तो कुछ समय माधवानन्द के साथ रहो।"
इस बात पर शिष्यों में और भी शंका बढ़ गयी। उन्होंने कहा, "हम माधवानंद के गुलाम नहीं हैं जो उसके साथ रहेंगे।"
इस पर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "अगर तुम्हें इस प्रकार का अभिमान है तो यह निश्चित है कि तुम कुछ भी नहीं सीख सकोगे। यहाँ पर तो अभिमान रहित होकर रहने वाले और मेरी आज्ञा का पालन करने वाले को ही सर्वस्व मिलेगा। अहंकारी, अभिमानी व ईर्ष्यालु को कुछ भी नहीं मिलेगा।"