Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

माला के फल

श्री महाप्रभुजी और स्वामी माधवानन्दजी

दिन के ४ बजे तारीख १६ जनवरी को मैं अपने कमरे में बैठा था। एकदम श्री महाप्रभुजी ने मुझे बुलाया और कहा, "माधव, तुम्हें माला चाहिए थी।" मैंने कहा, "प्रभु, मैं सोच ही रहा था कि कहीं से माला लाऊँगा, इतने मैं श्री महाप्रभुजी ने अपना पावन हाथ ऊपर किया और कहा, ले यह माला फेरते रहना। मैं भी विचार में पड़ गया कि प्रभु के पास माला तो नहीं थी, यहाँ कहाँ से आई मगर मुझे तो प्रभु ने दिया है। यह तो मेरा अहोभाग्य है। संध्याकाल श्री महाप्रभुजी आसन पर विराजमान थे। मैंने उस समय श्री महाप्रभुजी से पूछा, "हे महाप्रभुजी! लोग माला फेरने को गलत समझते हैं और कहते हैं कि अब अपना मन ही अपने वश में नहीं रहता है, और माला को योंही हाथ में फेरता रहता है।"

जैसे--

"कर का मणका डाल दे, मन का मणका फेर"

यह सभी लोग इस प्रकार की बातें करते हैं तो क्या यह बात सही है। यह सुनकर श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराहट के साथ कहा "हे माधव! यह सत्य नहीं है, मन चाहे किधर भी जाये परन्तु सदैव माला फेरते रहना चाहिये। जैसे एक दर्जी होता है। उसको हम कोट सिलाई के लिए दे देते हैं। कोट सिलाई के वक्त उनका मन घर व अन्य स्थानों पर चला जाता है। मगर उसकी मशीन बन्द नहीं होती है। और वह कोट की सिलाई करके दे देता है। कोट तैयार हो जाने पर उसकी सिलाई के पैसे देने ही पड़ते हैं। ऐसे ही चाहे मन किधर ही क्यों न जाये, मगर माला तो जपते ही रहना चाहिए।"

माला का फल तो अवश्य मिलता है, माला जपने से कोटि पाप नष्ट हो जाते हैं। और जो व्यक्ति माला फेरता है, वह या तो स्वर्ग में जाता है या मोक्ष प्राप्त करता है। अगर मोक्ष प्राप्त नहीं करता तो फिर किसी राजा महाराजा या धनिक परिवार में जन्म लेता है। माला के प्रताप से ही अनेकों व हजारों नर-नारी उन्हें प्रणाम करते हैं तथा उनकी आज्ञा के लिए लालायित रहते हैं। सभी प्रकार की सुख-सम्पत्ति उनको प्राप्त होती है। इसलिए माला महान्‌ जप-योग है, त्यागना नहीं चाहिए।

तब मैंने पूछा, "प्रभु, माला ध्यान करते समय अच्छे विचारों को रखते हुए भी चले जाते हैं तथा बुरे विचारों को निकालते हुए भी पुन: आ जाते हैं। इसका क्या कारण है।" यह सुनकर श्री महाप्रभुजी ने मुझसे कहा, "हे माधव! यही हरि की माया है पैसे व धन तो रखते-रखते भी चले जाते हैं और कचरा निकालते हुए भी वापिस आ जाता हैं। इसलिए प्रबल पुरुषार्थ की जरूरत है। पुरुषार्थ ही मनुष्य का सच्चा मित्र है तथा आलस्य ही मनुष्य का प्रबल शत्रु है। पुरुषार्थ भी दो तरह का होता है। पहला शुभ तथा दूसरा अशुभ। चोरी, हिंसा व अनेक बुरे कार्य अशुभ पुरुषार्थ हैं, यह सभी त्यागने योग्य हैं। महान् से महान् जो भी व्यक्ति हुए हैं, वे सभी उनके शुभ पुरुषार्थ से हुए हैं। आलसी व्यक्ति नीच गति को प्राप्त हुए हैं। पुरुषार्थ से संसार का प्रत्येक कार्य सिद्घ होता है।"

दूसरे दिन सबेरे ११ बजे पण्डित लीलाधर विद्यालंकार काशी निवासी साधन-पूजा से निवृत होकर श्री महाप्रभुजी के समक्ष मेरे पास आकर बैठे। श्री महाप्रभुजी को प्रणाम कर हाथ जोड़ पण्डित बोला, "प्रभु, मैं बहुत वर्षों से सबेरे चार बजे से दस बजे तक ध्यान, जप, तप, पूजा, योग-साधना करता हूँ, मगर मेरा मन नहीं ठहरता है और समय की अपेक्षा, साधना के समय ज्यादा ही भागता है। विविध प्रकार के प्रयत्नों से मन को वश में करने के जतन किये, लेकिन यह मन वश में नहीं हुआ, तो कैसे मन वश में होता है या नहीं? यह सत्य फरमावें।"

इस पर श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट के साथ फरमाया, "पण्डित, यह मन महान् ठग है, विश्व के जीवों का गुरु है, सबको अपने अधीन कर रखा है। मन की सेना भी जबरदस्त है, काम, क्रोध, लोभ, मोह, शोक, हर्ष, चिन्ता, तृष्णा, आशा, निराशा, दुर्वासना इत्यादि।"

साधना इन सभी असुरी फौज को मारने का उपाय है। जब तुम उनको मारने का उपाय करते हो, जब वह भी तुम्हारे ऊपर बड़े जोर से आक्रमण करते हैं कि हमारा अनादि कब्जा नहीं छोड़ेंगे।

इसलिए बड़े-बड़े सिद्घ, साधक, योगी, जती, फकीर, पीर, औलीया को गिरा देते हैं। पण्डित तुम किस गिनती में हो, लेकिन उनसे भी शक्तिशाली, महान्‌ प्रभु का सहारा मिल जाये तो अवश्य विजय होती है, वर्ना नहीं।

पण्डित जब तुम कल सबेरे ध्यान में बैठो, तब मुझे याद करके, अपने मन को मुझे सौंपकर ध्यान-साधना शुरू करना एवं बाद में बताना कैसा रहा।

दूसरे दिन सवेरे पण्डित साधना में बैठा जब श्री महाप्रभुजी को प्रणाम किया एवं अपने मन को उन्हें सौंप दिया। उस रोज मन बड़ा शान्त रहा तथा बड़ा आनन्द आया। जैसे सूर्य उदय होते ही तारे अदृश्य हो जाते हैं, वैसे विश्वदीप, सूर्य के स्मरण मात्र से आसुरी फौज अदृश्य हो गई। पण्डित को बड़ा आश्चर्य हुआ अपनी साधना से निवृत हेाकर प्रसन्न मन से श्रीमहाप्रभुजी को साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया, गद्-गद् होकर बोला, "हे दयाल! वर्षों की साधना के फलस्वरूप आपके दर्शन हुए, आज जैसा आनन्द एवं शांति कभी भी नहीं मिली। आपका अमृत आनन्द मेरे अन्दर-बाहर भास रहा है, क्या कारण है? आपने कोई जादू किया है या शक्तिपात?" प्रभु ने कहा, "सच्चे सत गुरु के साक्षी बिना सब साधन निष्फल हैं, सतगुरु की महान्‌ दिव्य शक्ति ही शिष्य के मन की गति स्थिर कर सकती है।"