दिनांक २६ जनवरी १९४५ को मैंने ब्रह्मचारी की दीक्षा ग्रहण करने के पश्चात् मेरी अन्तरात्मा में विचार हुआ कि अब सत्संग व धर्म प्रचार के लिए मुझे बाहर जाना चाहिए। इससे पहले कभी मैं बाहर नहीं गया था। अत: मेरे मन में चिंता हुई कि किसके यहाँ जाऊंगा? कहाँ जाऊंगा? उस समय मेरी कम उम्र थी। मैं चुपचाप आश्रम के पीछे जाकर रोने लगा। मेरे मन की यह कल्पना श्री महाप्रभुजी से क्या छिपी रह सकती थी। शाम आठ बजे थे। श्रीमहाप्रभुजी अचानक उठकर मेरे पास आये और मुस्कराकर कहने लगे, "हे माधव! तू रो क्यों रहा है?"
मैंने कहा, "प्रभु कहाँ रो रहा हूँ। मैं तो एकान्त में बैठा हूँ?" तब अन्तर्यामी ने कहा, "माधव, तू झूठ क्यों बोल रहा है। यह झूठ रूपी खोटा माल मत रखो।" उस समय मैं कुछ भी नहीं बोल पाया। श्री महाप्रभुजी के चरण-स्पर्श करके उनके चरणों में बैठ गया। श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तू किसका है? यह विश्व किसका है?" तब मैंने विनम्र शब्दों में कहा, "मैं आपका हूँ और ये विश्व भी आपका है।" इस पर श्री गुरुदेव ने आश्वासन देते हुए कहा, "अब तू चिन्ता मत कर। तू जहाँ भी जाएगा मैं तेरे साथ हूँ। तू दु:खी नहीं रहेगा। जहाँ भी तू जाएगा मैं तेरे लिए भोजन लाऊंगा। चाहे जंगल हो या पहाड़, चाहे देश हो या विदेश। यह मेरी तुम्हें अमर आशीष है।" यह वरदान देकर श्री महाप्रभुजी ने मुझे चिन्ता रहित करने के लिए यह भजन सुनाया-
भजन (पद-राग विलंग)
करदूं अजर-अमर तन काया, करदूं अजर-अमर तन काया।
भक्त हरि का सच्चा हो, तो क्यूं मन में घबराया॥ टेक॥
भक्त हुआ प्रहलाद हरि का, राम नाम गुण गाया।
बालापन में धु्रवजी धणियों ने, नारायण कर ध्याया॥ १॥
राजा हरिचन्द्र और चंदन सी, सतवादी कहलाया।
धर्म हेतु राज सब त्यागियो, तीन लोक जस छाया॥ २॥
नरसी भक्त नाम के लारे, सर्व द्रव्य त्यागी आया।
जिसकी हुण्डी चले आज तक, उनका पार न पाया॥ ३॥
काशी में हुए दास कबीरा, जिनके बालद लाया।
मीराबाई को जहर पिलायो, अमृत कर दरसाया॥ ४॥
राजा पाण्डु के पाँच पुत्र थे, सत का सुत कहलाया।
अनन्त कोटि हरि भक्त हुए हैं, सबका नाम बढ़ाया॥ ५॥
श्री सतगुरु साहब देवपुरीजी, पुण्य पूर्व से पाया।
श्री स्वामी दीप चरन पद चाकर, अजर अमर पद पाया॥ ६॥
मेरे परम हितकारी यह मनोहर भजन को श्री महाप्रभुजी की अमृत वाणी में सुनकर मैं मंत्र-मुग्ध हो गया तथा श्री गुरुदेव के चरण में मस्तक नवाया। मेरे हितार्थ अनेक अमूल्य उपदेश श्री महाप्रभुजी ने मुझे समझाए। वे सब मेरे हृदय में अभी तक अंकित हैं। फिर मैंने यह भजन गाया।
भजन
श्री दीप दयाल दीनन हितकारी।
स्वार्थ बिना परम उपकारी ॥ टेर॥
धर्म हेतु अवतार धार हरि।
अपने जन को लेत उबारी॥ १॥
जो जन ध्यावे, परम सुख पावे।
दु:ख दरिद्र दूर निवारी॥ २॥
प्रभु का विरद है आदि अनादि।
भक्तजनों का संकट टारी॥ ३॥
दीन दुखियारी शरणागत होवे।
अभयदान दे भव भय हारी॥ ४॥
नुगरा जीव नहीं जान सकेगा।
भव-भव भोगे महा दु:ख भारी॥ ५॥
श्री दीप दयालु परम कृपालु।
अनाथ के नाथ प्रभु आनन्दकारी॥ ६॥
माधवानन्द नित शरण गुण गाँवे।
चरण कमल पर जाऊं बलिहारी॥ ७॥
दूसरे दिन ढाई बजे मुझे पूर्व दिशा में धर्म प्रचारार्थ हेतु जाने की आज्ञा दी। तब मैंने श्री महाप्रभुजी को साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया तथा चरण रज को मस्तक पर चढ़ाया। श्री महाप्रभुजी का हृदय में ध्यान करता हुआ मैं श्री देवडूँगरी से चला।
कई गाँवों में सत्संग करता हुआ मैं सुजानगढ़ गया। वहाँ पर कुछ समय तक ठहरने के बाद रतनगढ़ के सेठ श्री शिवचन्दरायजी खेमका के यहाँ गया। मैं उनके सत्संग भवन में ठहरा। वहाँ पर अच्छा सत्संग हुआ। श्री खेमकाजी ने मेरी बहुत सेवा व आदर-सत्कार किया। वहाँ से मैं कुछ समय बाद डूंगरगढ़ होता हुआ बीकानेर गया। मैं बीकानेर कॉलेज के प्रिंसिपल श्री मोहनसिंहजी राजपुरोहित के यहाँ ठहरा। वहाँ पर भी कई स्थलों पर भजन तथा सत्संग चलता रहा। मैं वहाँ से जगन्नाथसिंहजी मेहता जिलाधीश चूरू के यहाँ ठहरा। श्री मेहताजी ने मुझे ऋषिकुल आश्रम की गतिविधियों से परिचित करवाया। कलेक्टर साहब ने मेरा बहुत प्रेमपूर्वक आदर-सत्कार किया।
मैं चूरू से आनन्दपूर्वक यात्रा करता हुआ श्री देवडूँगरी आश्रम बड़ी खाटू में श्री महाप्रभुजी के पास गया। मेरा यह भ्रमण बहुत ही आनन्ददायक रहा।
कुछ समय तक श्री महाप्रभुजी के पास ही ठहरा। फिर मैंने उनसे धर्म प्रचारार्थ मेवाड़ भ्रमण हेतु इजाजत चाही। श्री महाप्रभुजी ने इसके लिए स्वीकृति दे दी। आज्ञा पाकर मैं जोधपुर होता हुआ (मेवाड़) सरदारगढ़ पहुँचा। मैं वहाँ पर स्टेट के कामदार श्री काशीलाल जी अग्रवाल के यहाँ ठहरा। वहाँ पर गाँव-गाँव में सत्संग व सेवा का सुन्दर संगम आयोजित हुआ। वहाँ से कामदार साहब मुझे अपने गाँव पोटलां ले गए। उस स्थान पर भी अच्छा सत्संग रहा। अब उसके सुपुत्र श्री पूर्णलालजी अग्रवाल महाप्रभुजी के परम भक्त हैं।
तत्पश्चात् श्री देवीलालजी डिप्टी कलेक्टर मुझे आग्रहपूर्वक उनके यहाँ ले गए। वहाँ पर काँग्रेसी जन-सेवक गाँव सहाड़ा के श्री गोकुल प्रसाद शर्मा से मेरा परिचय कराया गया। श्री शर्मा अभ्रक की खानों के मैनेजर थे। उन्होंने तथा श्री जसवन्तसिंहजी फॉरेस्ट ऑफीसर ने मेरी बहुत सेवा व आदर-सत्कार किया। उन सभी ने "गुरु दीक्षा" ग्रहण की और लगभग एक माह वहाँ ठहरा। श्री जसवन्तसिंहजी सोलंकी एक सदगृहस्थ होते हुए भी विद्वान व अच्छे ज्ञानी पुरुष थे। वे श्री महाप्रभुजी की सेवा में बहुत समय तक रहे थे। इनके शिष्य भी प्रतिष्ठित लोग थे। उनके मुख्य शिष्य डॉक्टर श्री रामलालजी धानुका तथा उनका सुपुत्र श्री पवनकुमार धानुका भी श्री महाप्रभुजी के शिष्य हैं। इसके पश्चात् मैंने श्री गौरीशंकरजी जीन मिल्स गंगापुर की एक गुफा में दो माह तक निवास किया। वहाँ पर सेठ व सेठानी ने मेरी बहुत अच्छी सेवा की।
इसके बाद श्री जसवन्तसिंहजी सोलंकी मुझे अपने गाँव भीलवाड़ा ले गए। वहाँ पर बहुत अच्छा सत्संग कार्यक्रम हुआ। वहाँ पर तहसीलदार लालसिंहजी सोलंकी व कई भक्तों ने गुरु भक्ति धारण की। कुछ समय तक मैं वहाँ रहा फिर श्री देवडूँगरी आश्रम बड़ी खाटू लौट आया। श्री जसवन्तसिंहजी का सुपुत्र श्री महीपालसिंहजी सोलंकी भी अपने पिता की तरह श्री महाप्रभुजी का परम भक्त है।