Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

अछूतों का उद्घार

एक हरिजन अपने खेत में हल चला रहा था। जब उसे प्यास लगी तो वह पानी पीने के लिए अपने रखे हुए पानी के घड़े के पास गया, तो उसने देखा कि घड़े को किसी ने फोड़ दिया है। वह प्यासा हरिजन पास ही गाँव के एक कुएं पर गया। वह कुआँ सवर्णों का था। कुएं पर एक पण्डितजी स्नान कर रहे थे, साथ ही साथ कोई मंत्रोच्चारण भी कर रहे थे। उस हरिजन ने पण्डितजी से कहा, "हे महाराज! मैं बहुत प्यासा हूँ, आप मुझे पानी पिला दीजिए तो आपकी बहुत बड़ी मेहरबानी होगी।"

यह सुनकर पण्डितजी कहने लगे, "अरे दुष्ट, चाण्डाल, तू मुझे अपवित्र करना चाहता है। तुझे पानी पिलाने से तो मेरा धर्म भ्रष्ट हो जाएगा, मुझे फिर नहाना पड़ेगा, मंत्रोच्चारण करना पड़ेगा, जिससे मेरा समय खराब होगा। मैं इतनी आफत मोल क्यों लूं? तू यहाँ से चला जा।"

वह हरिजन फिर निवेदन कर कहने लगा, "हे पण्डितजी महाराज! मुझ प्यासे को पानी पिलाने से धर्म नष्ट नहीं होगा, अपितु आपको पुण्य ही मिलेगा। मुझे प्यास बहुत सता रही है। आप कृपा करके मुझे पानी पिला दीजिए।" यह सुनकर पण्डितजी झुँझलाने लगे और कहा, "अरे मूर्ख! मेरी आँखों के सामने से दूर हो जा। तुझ नीच की छाया भी हमारे कुएं पर नहीं पड़नी चाहिए।"

आखिर निराश होकर वह हरिजन पास ही स्थित एक मस्जिद में पहुँच गया। वहाँ पर उसने मुल्ला से पानी पिलाने का निवेदन किया। तब मुल्ले ने कहा कि, "यह घड़ा रखा है। स्वयं ही इस लोटे द्वारा इसमें से पानी पी लो।" यह सुनकर वह हरिजन अत्यन्त प्रसन्न हुआ। जब उसने भर पेट पानी पिया तब उसकी जान में जान आयी।

हिन्दू समाज के प्रति उस हरिजन में घृणा के भाव उत्पन्न होने लगे और कहने लगा कि, "उस समाज को धिक्कार है जो अपने एक हिन्दू भाई (हरिजन) को पानी न पिला सके। इतने पर भी हम हरिजन लोग हिन्दू होने के नाते हिन्दू धर्म पर मर-मिटने को तैयार हैं। यह धर्म तथा भाईचारा व्यर्थ है।" ऐसा सोचकर उस हरिजन ने उस मुल्ला से कहा कि, "आप मुझे मुसलमान बना दीजिए।" तब मुल्लाजी ने कहा, "तेरा नाम क्या है?" हरिजन ने कहा, "मेरा नाम कालुराम है।" तब मुल्लाजी ने कहा कि, "अब तुम मुसलमान बन गए, अब तुम पाक हो गए हो। खुदा के बन्दे, आज से तेरा नाम कालू खाँ है और जाओ इसी कुएं से पानी का घड़ा भर लाओ।" जब कालूखाँ उसी कुएं पर पानी भरने गया, तब पण्डितजी धुले हुए सफेद कपड़े पहने हुए थे। कालूराम को कुएं पर पानी भरता देखकर गुस्से में भर गए और बकने लगे, "अरे हरामखोर चाण्डाल! हमारा कुआं भ्रष्ट कर दिया।" कालूखाँ ने पण्डित को एक लात मारी, धक्का मारकर पण्डित को कुएं के नीचे कीचड़ में डाल दिया। अच्छी खासी पिटाई करने के बाद कालूखाँ ने कहा, "पण्डित यह हिन्दू हरिजन कालूराम नहीं है, अब मैं मुसलमान हूँ, आप जबान संभाल कर बात करिये, वरना मैं आपकी जान ले लूंगा।"

अब पण्डितजी घबराने लगे तथा कहा, "मुझसे भूल हो गई भैया। मुझे माफ कर दो। मैंने तुम्हें पहुँचाना नहीं था। आप तो अब खाँ साहब बन गए हैं। आप पानी भर सकते हैं।"

इसके बाद पण्डितजी ने कालू खाँ को कभी नहीं छेड़ा। इस घटना का पता श्री महाप्रभुजी को चल गया। बहुत दु:खी होते हुए उन्होंने कहा, "भारत में धर्म के ठेकेदार पण्डित लोग पतित हो गए हैं। विनम्र भाव से सेवा करने वाले वर्ग के साथ उनका व्यवहार ठीक व न्यायोचित नहीं है। अब कुदरत भी इस अन्याय को सहन नहीं करेगी।"

श्री महाप्रभुजी ने कहा कि, "यह छुआछूत का भयंकर कलंक है। मैं निश्चित कह सकता हूँ कि अब वह दिन दूर नहीं जब यहाँ पर छुआछूत का नामोनिशान भी नहीं रहेगा। धिक्कार है उस पाखण्डी पण्डित को जो कुत्ता, बिल्ली, सूअर इत्यादि के घर में घुस जाने पर तो अपवित्र नहीं होता है, मगर हिन्दू भाई किसी के घर में प्रवेश करता है तो अपवित्र हो जाता है। यह कितनी भयंकर भूल है।"

श्री महाप्रभुजी ने सत्संगी भक्तगणों को, ब्राह्मणों को अपने पास बुलाया। सभी सदस्यों ने मिलकर हवन किया। श्री महाप्रभुजी ने बहुत से हरिजनों को यज्ञ में सम्मिलित कराया। गायत्री मंत्र का उच्चारण करवाकर दीक्षा दी, जनेऊ धारण करवा दी।

कालूखाँ वापिस अब श्री महाप्रभुजी की कृपा से कालू राम बन गया। सभी हरिजन भाई आनन्दित हो गये और सबने मिलकर एक स्वर में श्री महाप्रभुजी की जय-जयकार की। सभी हरिजन भाई श्री महाप्रभुजी के कृतज्ञ होकर कहने लगे, "हमारा उद्घार श्री महाप्रभुजी की परम दया व प्रेरणा से होगा।"

उन हरिजनों को श्री महाप्रभुजी के समक्ष मलीन खान-पान छोड़ने का दृढ़ संकल्प दिया गया । वे अब पवित्र जीवन व्यतीत करने लगे। श्री महाप्रभुजी के अछूतोद्धार सम्बन्धित विचारों का संकलन निम्र दोहों में व्यक्त किया गया है--

दोहा
सो ही कर्म करता रहे, जैसी जाति जाण।
हाड़ माँस सब एक है, एक ही पाँचों प्राण॥
ऊंच-नीच करता फिरे, भजे नहीं भगवान्‌।
एक हरि का नाम बिन, सब ही स्वान समान॥
ज्ञान बिना सब गलत है, गाफिल गोता खाए।
अन्त समय पछतायेगा, मुए नरक में जाए॥
स्वामी दीप सत्य कहत है, सुनो पण्डित सुजान।
आत्मज्ञान बिना दु:ख पावे, पड़ो चौरासी खान॥

दूसरी बार मेवाड़ गया तब वहाँ पर केलवा ठिकाने के राठौड़ श्री हिम्मतसिंहजी सुपरिटेन्डेन्ट से मेरा परिचय हुआ। उन्होंने ज्ञान व आत्मज्ञान एवं शास्त्रार्थ पर वाद विवाद किया। अन्त में सच्चाई के सामने सिर झुकाने पर उन्हें मजबूर होना पड़ा।

बाद में उन्होंने मेरे से गुरु भक्ति धारण की। वे मुझे उदयपुर ले गए। वहाँ पर केलवा हाउस में करीब डेढ़ महीने तक मैं उनके साथ रहा। वहाँ पर प्रतिदिन अच्छी तरह से सत्संग चलता रहा। उस समय मैं अपने अनुभव से भजन रचकर गाया करता था। उन भजनों को श्री हिम्मतसिंहजी ही लिपिबद्घ करते थे। उन भजनों को संकलित कर "श्री माधवानन्द आनन्द प्रकाश" के शीर्षक से प्रकाशित करवाया गया। इस भजन संग्रह को श्री हिम्मतसिंहजी राठौड़ एवं श्री लालसिंहजी सोलंकी दोनों गुरु भाइयों ने मिलकर प्रकाशित करवाया था।

"श्री माधवानन्द आनन्द प्रकाश" का द्वितीय संस्करण सेठ श्री श्यामसुन्दर बाजोरिया, कटक (उड़ीसा) ने जन हितार्थ सप्रेम प्रकाशित करवाया।