Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

संन्यास दीक्षा

चैत्र शुक्ला पूर्णिमा संवत् १९९९ को महाप्रभुजी ने एक सत्संग मेला आयोजित किया। इस मेले में विख्यात संन्यासी, सन्त महात्मा, विद्वान तथा बहुत से भक्तों ने भाग लिया। उस दिन प्रात: काल ही हवन प्रारम्भ किया गया, पूजा हवन के समय श्री महाप्रभुजी ने फरमाया-

दोहा-- "विश्वपति का बाना बड़ा, धारो माधवानन्द।
भूप नमे, ग्रह नहीं व्यापे, तेरे मिटा काल का फंद॥"

फिर सात स्नान विधिपूर्वक करवाये। इसके बाद परमहंस संन्यास दीक्षा, गुरुमंत्र, राज-दीक्षा का दान देने की श्री महाप्रभुजी ने मुझ पर अनुकम्पा की। मेरे सिर पर दोनों पावन कर-कमलों को रखकर मुझे कृतार्थ किया और कहा, "सर्व दुर्वासनाओं का नाश तथा सत्य का प्रकाश ही संन्यास है। सर्व संसार का हित करना ही संन्यासी का प्रमुख व्रत होता है।"

"संसार रूपी वन में भटकने वाले अन्धे तथा अज्ञानी जीवों को सत्य ज्ञान द्वारा सच्चे रास्ते पर लाना तथा ऊंच-नीच का भेदभाव छोड़कर मानव मात्र को अपनी आत्मा जान करके यथाशक्ति उनकी सेवा करना, संन्यासी का परम धर्म है।"

"जनता के भार का हरण करना, जनता के भार रूप नहीं बनना, सबकी सेवा करना ही, मेरी सच्ची सेवा है। माधव, मेरी इन बातों का सदैव ध्यान रखना, सत्य से कभी विचलित मत होना।"

मैंने आज्ञा शिरोधार्य कर हाथ जोड़ साष्टांग दण्डवत प्रणाम सात परिक्रमा सहित किया और यह स्तुति मंत्र किया--

ॐ नमो प्रभु दीप दयालम्। परम कृपालम॥
भक्त प्रति पालम। सदा रखवालम्॥
रटे सब आलम। श्री विश्व दीप विशालम॥
मेरी दशा तुम्हें सब मालम। मम हृदय बसो मेरे बालम॥
हरो अन्धकार, करो उजालम॥
माधवानन्द तेरे चरण पखालम। महाधन पाय भये निहालम॥
असुर जनों के हो महाकालम। विश्व विधाता हो संचालम।।
याद करते ही आवो तत्कालम्। श्वासों-श्वास मेरे हो रखवालम्॥

यह स्तुति सुनकर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "माधव ! मैंने तुम्हें मेरी तरफ से समस्त विश्व का राज्य दे दिया है। इसमें से जितना तू सम्भाल सकेगा, उतना ही तेरे पास रहेगा और मैंने तेरी जुबान में धन भर दिया है फिर भी कंजूसी करोगे तो तुम्हारी मर्जी।" यह पवित्र वाक्य सुनकर मैं अत्यन्त हर्षित हुआ तब मैंने यह भजन सुनाया।

भजन (पद राग-सोरठ)
जब कुछ देवे दाता दीप दयाल,
जन्म-जन्म का दरिद्र मेटे। महाधन देत विशाल॥ टेर॥
ज्ञान-ध्यान देवे जोग और जुगति,
देवे आत्मज्ञान उजियाल॥ १॥
अष्टसिद्घि नव-निधि हरि देवे,
अन्न धन देवे घणों माल॥ २॥
दु:ख हर लेवे, परम सुख देवे,
काटे सब जीवों का जंजाल ॥ ३॥
सुन्दर रूप, यश, बल अति देवे,
विश्व विजयी करत कृपाल॥ ४॥
कोटि ब्रह्मांड का राज्य देवे पल में,
विश्वपति बनादे भूपाल॥ ५॥
निज मन से कोई भक्ति धारण करे,
उनकी करे रखवाल॥ ६॥
कपट की भक्ति प्रभु नहीं माने,
साँचे राचे मदन गोपाल॥ ७॥
पर हितकारी ऐसा कोई नहीं जग में,
स्वार्थ बिना कर दे निहाल॥ ८॥
जो नर-नारी निंदा करत हैं,
वे दुखियारी होय कंगाल॥ ९॥
श्री दीप दयाल दया के सागर,
भक्तजनों के हैं प्रतिपाल॥ १०॥
माधवानन्द के आनन्द भारी,
पल-पल लेत सम्भाल॥ ११॥

भजन
श्री दीप दयालु अनादि दाता,
शरण लेवे सो सब कुछ पाता॥ टेर॥
रिद्घि-सिद्घि लक्ष्मी हरि देवे,
दु:ख दरिद्र दूर भगाता ॥ १॥
महाधन देवे सुखी कर देवे,
जन्म-मरण की त्रास मिटाता॥ २॥
आत्मज्ञान, अभय-पद देता,
भव भय मेट ब्रह्म मिलाता॥ ३॥
काल-जाल नजदीक नहीं आवे,
कर्म क्लेश का फन्द कटाता॥ ४॥
ऋषि-मुनि अवतार अवलिया,
इच्छा करे सोई फल पाता॥ ५॥
शरण में आवे, खाली नहीं जावे,
सब कोई झोली भर ले जाता ॥ ६॥
श्री दीप दयालु दया के सागर,
अपने भक्त की लाज बचाता॥ ७॥
माधवानन्द तेरे दर का भिखारी,
ले भिक्षा आनन्द मनाता॥ ८॥