Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

गुजरात की प्रथम यात्रा

श्री महाप्रभुजी को प्रणाम करने के बाद, उनकी चरण रज को सिर पर धारण करके मैं वहाँ से रवाना हो गया।

सर्वप्रथम द्वारिका जाने का निश्चय किया। वहाँ पर श्री द्वारिकाधीश के दर्शन करके जहाँ का अन्न-जल लिखा होगा वहाँ पर चला जाऊंगा। मैं सीधा द्वारिका पहुँचा। सबसे पहले तो मैंने श्री द्वारिकाधीश के दर्शन किये। उस रात्रि को मैंने सोचा कि शहर में रहने से अशान्ति रहेगी इसलिए श्मशान में चले, वहाँ बड़ी शान्ति रहेगी।

एक कि.मी. दूर श्मशान दरिया के किनारे से थोड़ा अन्दर की तरफ था। मैं रात में १० बजे वहाँ पहुँचा। वहाँ घनघोर अन्धेरा था। बिल्कुल सुनसान था, अमावस्या की रात थी, दूर से दरिया की लहरों की आवाज धड़ा-धड़ आ रही थी। दरियाव चढ़ाई कर रहा था, मगर यह मुझे मालूम नहीं था। मैं वहाँ विश्रामालय में जाकर आसन लगाकर बैठ गया तथा प्रभु का नाम लेने लगा। पानी की तेज आवाज से नींद तो कोसों दूर भाग गई थी। रात्रि के १२ बजे दरिया का पानी मेरे पास आने लगा और दो फुट पानी चढ़ गया, मेरा सामान बिस्तर पानी पर तैरने लगे। मैं भी तेज लहरों में हिलोरें खाने लगा। भयंकर अन्धेरी रात में किसको पुकारूं और कौन आता। पानी तेज गति से बढ़ रहा था। अब तो सिवाय महाप्रभु के कोई नहीं बचा सकता है।

मैंने सोचा आज यह समुद्र जरूर मुझे ले जायेगा, मेरी जल समाधि हो जायेगी। फिर मैंने श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना कि, "हे प्रभु! आप जल-थल-नभ सर्वेत्तर व्यापक रूप से विराजमान हो। यह सब आपके सामने आपकी सत्ता से हो रहा है। आप सब देख रहे हो, अब मुझे आप सम्भाल लेना।"

"हे प्रभु, और तो कुछ नहीं मगर मेरी एक इच्छा है। वह रह जायेगी, संसार के अनेकों दुखों के , त्रिताप से जलते जीवों को आपके पावन नाम रूपी अमृत से शान्ति देने की मेरी इच्छा मेरे मन में ही रह जायेगी। आप सबकी इच्छा पूर्ण करते हो, तो क्या मैं आपके दरबार से निराश ही जाऊंगा। खैर आपकी मर्जी है। मेरी तो सिर्फ अर्जी है।"

इस तूफान रूपी महाकाल ने मुझे अपने चंगुल में फंसा दिया है और ले जा रहा है। दया सिन्धु, आज तो मुझे बचा लो फिर कभी आपकी इच्छा अनुसार जल, थल, पवन जहाँ आपकी इच्छा हो, वहीं मेरी समाधि करना। इतना कहते-कहते पन्द्रह मिनट हो गये और मैंने आँखें खोलीं और देखा तो पानी विश्रामालय की सीढ़ियों तक उतर गया था और देखते-देखते पानी वापिस बहुत दूर चला गया। तब मैं सवेरे पाँच बजे दरियाव को प्रणाम कर रवाना हुआ। स्नान तो मेरा रात्रि में कई बार हो ही चुका था। वहाँ से ओखा बेट (द्वारिका) पहुँचा। भगवान्‌ के दर्शन कर मैं गोपी तालाब होता हुआ मीठापुर स्टेशन पहुँचा। वहाँ पर प्रथम श्रेणी विश्राम-गृह में विश्राम किया। वहाँ से एक रेलवे अधिकारी के साथ जामनगर गया। एक टैक्सी किराये पर लेकर विशाल जामनगर के सभी दर्शनीय स्थानों को हमने देखा। जामनगर का श्मशान अति सुन्दर था। मेरी इच्छा तो वहीं पर विश्राम करने की हुई।

इससे पहले मैं काशी विश्वनाथ के मन्दिर में ठहरा। वहाँ पर मुझे बहुत से सत्संगी भक्तजन मिले। मेरी इच्छा से उन्होंने मेरे लिए श्मशान में ठहरने की पूर्ण व्यवस्था कर दी। मैंने वहाँ पर सत्संग का आयोजन प्रारम्भ किया। मैं गुजराती भाषा नहीं जानता था इसलिए हिन्दी व मारवाड़ी में ही प्रवचन किया करता था। वहाँ के लोग मेरी भाषा को कम समझते थे। इसलिए मैंने गुजराती सीखने का प्रयास किया। भाषा सीखने में मुझे कठिनाई महसूस हुई जिससे मेरे मन में भाषा की समस्या की चिन्ता होने लगी। रात सोते समय इस भाषा की समस्या का समाधान हेतु श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना की, करुणा सागर श्री महाप्रभुजी ने मेरी प्रार्थना सुनकर मुझे आश्वासन दिया कि तुम मात्र दो-तीन दिन में ही यह भाषा सीख जाओगे। प्रयास करते रहो। श्री महाप्रभुजी की परम कृपा से मैं तीन दिन में ही गुजराती भाषा बोलना व पढ़ना सीख गया। इसके पश्चात् मैं गुजराती भाषा में ही प्रवचन देता तथा भजन गाता। वहाँ पर प्रतिदिन सत्संग में होने वाले प्रवचनों को संकलित कर "स्वामी दीप विवेक प्रकाश" नाम की पुस्तक को श्री मगन भाई पटेल ने गुजराती भाषा में प्रकाशित करवाया। मैं वहाँ पर एक वर्ष तक रहा। इसके पश्चात् जब मैं वहाँ से लौटने लगा तब हजारों भक्तगण मुझे (एरोड्रोम) तक विदा करने आए। हवाई जहाज द्वारा मैं कच्छ-भुज पहुँचा। वहाँ मैं क्रमश: माण्डवी, अन्जार तथा गाँधी धाम गया। मैं वहाँ पर रेलवे जमादार श्री भगवान्‌सिंहजी के यहाँ पन्द्रह दिन तक ठहरा। उन्होंने मेरी बहुत अच्छी सेवा की। उनके यहाँ के सत्संग का आनन्द तो मुझे याद आता रहता है। वहाँ से मैं दिसा तथा पालनपुर होता हुआ बड़ी खाटू , श्री देवडूँगरी आश्रम श्री महाप्रभुजी के चरणों में पहुँच गया। दण्डवत प्रणाम के बाद प्रभु ने मुस्कराकर कहा, "मैंने द्वारिका के दरियाव से बचाया था।" तब मैंने कहा, "ऐसे ही भव दरिया से बचाना।"