उस वर्ष श्री महाप्रभुजी का चातुर्मास जोधपुर के महाराजा के यहाँ आयोजित था। वहाँ पर बहुत से भक्तगण सदैव उन्हें घेरे रहते थे। श्री महाप्रभुजी "राई का बाग पैलेस" में विराजमान थे। श्री महाप्रभुजी ने मुझे गुजरात जाने की आज्ञा प्रदान की। श्री गुरुदेव की आज्ञा पाकर मैं गुजरात यात्रा के लिए रवाना हो गया। मैं जबाई बाँध पहुँचा। यहाँ मैं कप्तान श्री धोकलसिंहजी के यहाँ ठहरा, उन्होंने सपरिवार गुरुभक्ति धारण की। यहाँ पर मैंने आनन्दपूर्वक पन्द्रह दिन तक सत्संग का आयोजन किया। यहाँ से रवाना होकर काठियावाड़ के स्टेशन लाठी पहुँचा। वहाँ पर स्टेशन मास्टर श्री चन्द्रकान्त भाई एवं असिस्टेन्ट स्टेशन मास्टर श्री प्रभुदयाल व्यास ने मेरा स्वागत किया। वहाँ पर भी सत्संग का आयोजन किया गया। आस-पास के गाँवों से हजारों भक्तगण प्रतिदिन वहाँ आते।
एक समय संध्या को हम सभी श्री महाप्रभुजी की प्रार्थना गा रहे थे। हमारी दृष्टि महाप्रभुजी के चित्र की ओर केन्द्रित थी। हमारे पीछे आसन पर एक हारमोनियम रखा हुआ था। उस पर एक सफेद मणि के समान प्रकाशबिन्दु दिखायी देने लगा। वह मणि हमारी उस प्रार्थना के साथ ही हारमोनियम बजा रही थी। इस लीला को श्री चन्द्रकान्त भाई ने प्रत्यक्ष देखा। उन्होंने अपने लड़के तथा नौकर को भी यह लीला दिखायी। वह ज्योति कुछ समय पश्चात् स्वत: ही अदृश्य हो गयी। मुझे इस बात का पता नहीं था लेकिन प्रार्थना समाप्त होने के बाद श्री चन्द्रकान्त भाई ने इस लीला को वर्णन मुझे सुनाया। यह सुनकर मैं बहुत प्रसन्न हुआ। वास्तव में यह दिव्य ज्योति स्वरूप तो श्री महाप्रभुजी की लीला का प्रत्यक्ष प्रमाण था। उस वर्ष चातुर्मास मेरा वहीं हुआ। वहाँ स्टेशन के इंस्पेक्शन हेतु श्री पारीक साहब ट्राफिक सुपरिटेन्डेन्ट आये, वह भक्त थे, मेरा नाम सुना तो मेरे पास आये। उनको सत्संग में बड़ा आनन्द आया।