स्टेशन लाठी से मुझे श्री पी. जी. पारीक अपने साथ जूनागढ़ ले गये। वहाँ पर सैलून गाड़ी में ही मुझे ठहराया गया। वहाँ पर संध्या को उनके बंगले पर सत्संग होता था। प्रतिदिन हजारों भक्त आते थे। वहाँ श्री पारीक साहब ने श्री महाप्रभुजी की "विज्ञान दीप गीता" को छपाया। उन्होंने सपरिवार श्री महाप्रभुजी के दर्शन की अभिलाषा प्रकट की। यात्रा का समस्त सामान तैयार किया गया था। तभी बम्बई से फोन आया कि जनरल मैनेजर निरीक्षण के लिए जूनागढ़ आ रहे हैं। यह समाचार सुनते ही पारीक साहब मेरे पास आये और कहने लगे, "अब मुझे श्री महाप्रभुजी के दर्शन कैसे होंगे? जनरल मैनेजर तो यहाँ निरीक्षण पर आ रहे हैं। इसलिए मैं अपना हैडक्वार्टर नहीं छोड़ सकता हूँ।"
तब मैंने उनसे कहा, "आप चिन्ता न करें। श्री महाप्रभुजी अवश्य ही आपको दर्शन देकर कृतार्थ करेंगे।" उस दिन श्री पारीक साहब ने श्री गुरुदेव के नाम का उपवास रखा। सम्पूर्ण रात्रि श्री महाप्रभुजी का जाप करते रहे। दूसरे दिन प्रात: काल बम्बई से फोन आया, फोन पर जनरल मैनेजर साहब स्वयं बात कर रहे थे। उन्होंने जूनागढ़ आने का प्रोग्राम रद्द कर दिया था। यह सूचना पाकर श्री पारीक साहब बहुत खुश हुए तथा उसी दिन सपरिवार मेरे साथ रवाना हो गये। हमने श्री महाप्रभुजी के पास जाने की कोई सूचना नहीं दी थी। उस समय महाप्रभुजी बोलागूड़ा "शिव बाग" में विराजमान थे। श्री महाप्रभुजी ने दिव्य-दृष्टि से हमारे आगमन को जान लिया था। इसलिए उन्होंने एक बैलगाड़ी को हमें लेने के लिए सोमेसर स्टेशन पर भेज दिया। जब हम रेलगाड़ी से सोमेसर स्टेशन पर उतरे तो वहाँ पर वह बैलगाड़ी खड़ी थी जो कि हमारी प्रतीक्षा कर रही थी। मैंने बैलगाड़ी वाले से पूछा, "तुम यहाँ कैसे आये हो?" तब उसने कहा कि, "मुझे तो श्री महाप्रभुजी ने आप लोगों को लेने के लिए भेजा है।" उन्होंने मुझसे कहा था कि, "आज मेरे विशेष भक्तगण आ रहे हैं जिनमें श्री पी. जी. पारीक, रेल्वे अधिकारी, अपने परिवार को भी लेकर आ रहे हैं अत: तुम बैलगाड़ी लेकर जाओ तथा सोमेसर स्टेशन से उन सभी को इसमें बैठा कर लाना।"
उसकी बातें सुनकर श्री पारीक साहब अत्यन्त प्रभावित हुए। शीघ्र ही हम लोग बैलगाड़ी में बैठकर बोलागूड़ा रवाना हुए तथा "शिव बाग" पहुँचे। श्री पारीक साहब ने अपने इष्ट देव के दर्शन कर साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया। श्री महाप्रभुजी के दर्शन कर समस्त परिवारजन बहुत ही प्रसन्न हुए। हम सभी पाँच दिन तक श्री महाप्रभुजी के पावन चरणों में रहे। यहाँ पर अमूल्य सत्संग का आयोजन हुआ तथा सभी ज्ञानामृत पान करते रहे।
पारीक साहब व उनके लड़के तथा लड़कियाँ भजन गा रहे थे उस समय श्री महाप्रभुजी ने प्रसन्न होकर कहा, "आपकी जो इच्छा हो सो माँग लो। तुम यह मत समझना कि साधुओं के पास कुछ नहीं है। यहाँ गुरुदेव के दरबार में सभी की इच्छा पूर्ण होती है। श्री पारीक ने आपसे विनम्र शब्दों में कहा, "गुरुदेव, आपके पावन चरणों में हमारी भक्ति बनी रहे। बस यही हमारी मनोकामना है।" उनकी धर्मपत्नी ने अपने पतिदेव की पदोन्नति की इच्छा व्यक्त की तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तथास्तु"। श्री महाप्रभुजी के इस शुभाशीर्वाद से समस्त परिवारगण अत्यन्त प्रसन्न हुए। फिर प्रभु ने कहा--
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'
इसके बाद श्री पारीक साहब वापिस जूनागढ़ के लिए रवाना हुए। वहाँ पहुँचने के कुछ ही दिनों बाद श्री पारीक साहब की पदोन्नति हो गयी। उन्हें चीफ प्रोविन्स ऑफीसर के पद पर पश्चिम रेल्वे बम्बई को पदस्थापन किया गया। श्री पारीक साहब श्री महाप्रभुजी के शुभाशीर्वाद के फलस्वरूप ही पदोन्नत हुए थे। श्री पारीक साहब बम्बई से भी पदोन्नत होकर डी.सी.एस. बनकर क्रमश: भावनगर, बड़ौदा तथा अजमेर रहे। अजमेर से सेवानिवृत्त होकर वे अपने गाँव मोरवी (सौराष्टर) चले गये।
वे पूर्ण निष्ठा व श्रद्घा के साथ श्री महाप्रभुजी की भक्ति करते रहे। श्री गुरुदेव की परम-भक्ति करते हुए वे नश्वर शरीर को त्यागकर श्री महाप्रभुजी के धाम चले गये।
राजकोट पंचनाथ महादेव में सत्संग का आयोजन हुआ। उसमें सभी प्रकार के दुर्व्यसनों का मैं खण्डन कर रहा था। सभा में उपस्थित भक्तों में एक भक्त रविशंकर पान बहुत खाता था। उसने कहा, "मुझे पान बहुत अच्छा लगता है क्या कारण है? मैं चाहते हुए इस पान खाने की आदत को नहीं छोड़ सकता हूँ।"
तब मैंने कहा, "तुम पूर्व जन्म में पशु योनि में थे। कुछ पान (पत्ते) खाने बाकी रह गये थे। जो अब तुम इस जन्म में खा रहे हो।" तब उसने कहा, "चूना, कत्था और सुपारी भी तो साथ में हैं, इन्हें पशु थोड़े ही खाते हैं।" तब मैंने कहा, "यह जीव तो चौरासी की कई योनियों में भटकते-भटकते हुए मनुष्य देह धारण करता है। दीमक की योनि में कुछ मिट्टी खाना बाकी रह गया, जो अब तुम इस जन्म में चूना खाकर पूरी कर रहे हो तथा लकड़ी के कीड़े के रूप में थे तब कुछ लकड़ी खानी बाकी रह गयी थी, सो वह अब तुम कत्थे व सुपारी को खा रहे हो। अगर छोड़ दोगे तो अच्छा रहेगा, नहीं तो पुन: उसी योनि में जन्म लेना पड़ेगा। पान, बीड़ी, सिगरेट, भांग, गाँजा तथा अफीम इत्यादि सभी हानिकारक हैं। पान खाने से ज्यादा थूकने के कारण पाँच न शक्ति कमजोर हो जाती है। चूने से आहार की थैली में छिद्र हो जाते हैं जिससे आहार बराबर पचता नहीं है। कत्थे व सुपारी से सिर दर्द प्राय: बना ही रहता है तथा चक्कर आते हैं। पैसे खर्च करके ऐसी बीमारी मोल नहीं लेनी चाहिये। स्कन्ध पुराण में ब्रह्माजी ने नारद को कहा है, "हे नारद! अफीम खाने वाला एक कल्प नरक भोगेगा। तम्बाकू व भांग सेवन करने वाला तीन कल्प तथा शराब पीने वाला हजार कल्प (चार अरब बत्तीस करोड़ वर्ष) नरक भोगेगा। जो ब्राह्मण तम्बाकू खाता है या अन्य कोई नशा करता है वह सूअर की योनि में जन्म लेता है और नशेबाज ब्राह्मण को दान देने वाला व्यक्ति भी नरक में जाता है। अत: ऐसे दुव्र्यसनियों के मददगार भी कष्ट व दु:ख में भागी होंगे।" यह सुनकर रविशंकर ने तथा उपस्थित सभी भक्तगणों ने कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने का संकल्प लिया।