गोंडल (सौराष्ट्र) में श्री बी. एल. शर्मा रेलवे एकाउण्ट्स ऑफीसर थे। मैं उनके यहाँ ठहरा। वहाँ पर आयोजित सत्संग में रेलवे के अधिकारीगण तथा कर्मचारी आते थे। इन्हीं भक्तों में से श्री एस.ए. भटनागर पर्सनल ऑफीसर भी थे। वे नास्तिक थे। उन्होंने सत्संग के पश्चात् सभी सत्संगियों से बेधड़क कहा, "यह सत्संग नहीं है यह तो लोगों को बहकाने का ढोंग है।" इस पर मैंने श्री भटनागर से कहा, "आपको अभी तक सच्चा महात्मा मिला ही नहीं है इसलिए आप ऐसी बातें कर रहे हैं। यदि आपको कोई महात्मा मिल जाता तो आपकी आँखें खोल देता एवं अज्ञान दूर हो जाता।"
तब श्री भटनागर ने मुझसे कहा, "सच्चे महात्मा ही आँखें खोल सकते हैं, मैं इस तथ्य को मानता हूँ। परन्तु मैंने तो सभी ढोंगी ही देखे हैं यदि कोई सच्चा साधु हो तो आप मुझे बतलाइये।"
यह सुनकर मैंने उसे भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के बारे में बतलाया और कहा कि वे इस समय साक्षात् नारायण स्वरूप और समर्थ हैं। मेरे इतना समझाने पर श्री भटनागर ने कहा, "पहले मैं उस सच्चे महात्मा के दर्शन करूंगा। मैंने अन्दर की आँखें खोलकर दिव्य प्रश्रावली बना रखी है जिसमें कुल चालीस प्रश्र हैं। उनके सभी उत्तर पाने पर ही श्री महाप्रभुजी को सच्चा महात्मा मानूंगा।" ऐसे दृढ़ निश्चय कर वह मेरे साथ श्री महाप्रभुजी के दर्शन करने के लिए रवाना हुये। मैं और श्री भटनागर वहाँ से रवाना होकर राजकोट में एक दिन के लिये श्री डी.एल. शर्मा, शिक्षा आयुक्त के यहाँ ठहरे। हमारे साथ श्री बी.एल. शर्मा तथा श्री पी.जी. पारीक भी थे।
वहाँ से मैं व श्री भटनागर बोलागूड़ा "शिवबाग" पहुँचे। श्री महाप्रभुजी उस समय आश्रम के बाहर ही टहल रहे थे। सबसे पहले हमने जाकर उन्हें साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया। तब श्री महाप्रभुजी ने मन्द-मन्द मुस्कराते हुए कहा, "आओ भटनागर! तुम बहुत से स्थानों पर भटकते हुए अब यहाँ सही स्थान पर आये हो। अब तुम्हारा भटकना मिट जायेगा। तुम्हारे पास चालीस प्रश्रों की प्रश्रावली है। उनके मैं तुम्हें अस्सी उत्तर दे सकता हूँ। दिव्य प्रकाश तो ईश्वरीय दिव्य प्रसाद है जिसे बाँटने के लिए ही हम इस संसार में आये हैं।" श्री गुरुदेव के ये वचन सुनते ही भटनागर अवाक रह गये।
इसके पश्चात् हमने स्नान करके चाय-नाश्ता किया फिर श्री महाप्रभुजी ने अपने पास बैठने की आज्ञा दी। इस दिव्य संकेत लीला को पाकर श्री भटनागर ने भक्ति धारण की। श्री भटनागर मन ही मन विचार करने लगे कि, "श्री महाप्रभुजी बिना कुछ बताये ही मेरे मन की बातों को कैसे जान गये? सचमुच यह कोई ईश्वरीय विभूति है।" वे अब श्री महाप्रभुजी के पावन चरणों में बैठ गये और मन में सोचने लगे।
आत्मा का प्रकाश दिखा दें व मेरे अन्दर आत्मा में चालीस प्रश्न हैं, जो बहुत समय से आज तक किसी ने भी उत्तर नहीं दिया है। बड़े-बड़े जगतगुरु महामण्डलेश्वर विद्वान, सन्त-महात्मा, अपने को राजगुरु, विश्वगुरु कहलाने वालों को मैंने देखा, लेकिन किसी ने सही उत्तर देकर मुझे आत्म-शान्ति नहीं दी। अभी तक मैं उसमें उलझा हुआ, उसमें ही अटका हुआ हूँ। इनके सही उत्तर मिल जायें और मुझे आत्म-शान्ति मिले, संशय रहित हो जाऊँ तो मानूंगा, वर्ना मैं नहीं मान सकता, अगर मेरी इच्छा पूरी नहीं हुई तो अखबारों में बदनाम कर दूँगा।
श्री महाप्रभुजी ने भटनागर से कहा, "तेरी इच्छा हो तो बाहर से उत्तर दूँ या तेरी अन्तर्रात्मा में उत्तर देना शुरू करूँ।" इस पर श्री भटनागर बोला, "हे प्रभु! बीस प्रश्रों के उत्तर बाहर से सुनाइये और बीस अन्तर्रात्मा में। जिससे मुझे दोनों तरह का पता लग सके।" श्री महाप्रभुजी ने श्री भटनागर के प्रश्रों का उत्तर देना प्रारम्भ किया। उन्होंने प्रत्येक प्रश्नों के उत्तर दिये। यह अनुपम ज्ञान सुनकर श्री भटनागर आनन्द-विभोर हो गया। वे अपनी आँखें बन्द कर श्री गुरुदेव का अमृत -वाणी को एकाग्रचित्त होकर सुन रहे थे। इस प्रकार बीस प्रश्रों का उत्तर देकर श्री महाप्रभुजी वहाँ से उठकर दूर बैठे और भक्तगणों के साथ वार्तालाप करने लगे।
तब भी उन्हें ऐसा आभास हो रहा था, जैसे श्री महाप्रभुजी उनके सामने विराजमान हैं और शंका समाधान कर रहे हैं। इस प्रकार उनके चालीस प्रश्रों के पूर्ण व सही उत्तर मिले। तब श्री भटनागर ने आँखें खोलकर देखा तो वहाँ पर श्री महाप्रभुजी दिखाई नहीं दिये। वे तो दूर बैठे भक्तों से वार्तालाप कर रहे थे। यह चमत्कार देखकर श्री भटनागर पूर्ण आस्तिक बन गये। उन्होंने सोचा कि यह कोई अलौकिक लीलामय प्रभु हैं। श्री भटनागर वहाँ से उठकर श्री महाप्रभुजी के पास जाकर उनके चरणों में गिरकर वन्दना करने लगे। श्री महाप्रभुजी ने उसे चिन्ता रहित रहने तथा सर्व मनोकामनाएँ पूर्ण होने का आशीर्वाद दिया। श्री महाप्रभुजी से आज्ञा पाकर श्री भटनागर उस रात लकड़ी के पाट पर ही सो गये। इसके पश्चात् मैं और श्री महाप्रभुजी विचार-विमर्श करने लगे।
श्री भटनागर ने सोते ही एक अद्भुत चमत्कार देखा। जिसमें उन्होंने महान् प्रकाश पुञ्ज देखा। उस समय उन्हें महाआनन्द की अनुभूति हो रही थी। वे इस स्थिति में लगभग सवा घन्टा रहे। अचानक वे चकित होकर उठे और श्री महाप्रभुजी के चरणों में आकर प्रसन्नतापूर्वक कहने लगे, "हे प्रभुजी! आपकी इस लीला से सर्वथा अपरिचित था।" उनकी मन: स्थिति के भावों को इन दोहों में दर्शाया--
दोहा
अलौकिक अवतार हरि, श्री पूज्य दीप दयाल।
सोमप्रकाश की बिनती, प्रभु कीना नजर निहाल॥
अलख निरंजन आप हो, लखते बिरला कोय।
सोमप्रकाश यूं कहत है, मूर्ख रह गये रोय॥
"हे महाप्रभुजी! आप तो अलौकिक ईश्वरीय अवतार हैं। आपकी कृपा द्वारा ही भक्तजन अपने अन्तर्मन में समझ सकता है, मूर्ख जीव नहीं समझ सकता है। मूर्ख तो संसार के मोह, माया-जाल में ही रोता-रोता मर जाता है।" प्रभु ने कहा--
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साईं'
इसके पश्चात् चार दिन तक श्री भटनागर ने सत्संग तथा सेवा का अमूल्य आनन्द प्राप्त कर लाभ उठाया। इसके बाद उन्होंने गुरुदेव से कोई सेवा का अवसर चाहा तब श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "विश्व मेरी आत्मा है, जनता की सेवा ही मेरी सेवा है। जो तुम्हारी आत्मा है वह मैं स्वयं हूँ। तुम तो उस पर सत्य रूपी पुष्प चढ़ा देना।" तभी गुरुदेव की आज्ञा को शिरोधार्य करके श्री भटनागर वहाँ से रवाना हो गये। मैं उनको पहुँचाने के लिए सोमेसर स्टेशन तक गया। उनकी आँखों से प्रेम के आँसू बह रहे थे। मन में "प्रभु दीप-प्रभु दीप" जप स्मरण रहे थे। वे मुझसे कहने लगे कि, "अभी तो यह नौकरी का बंधन ही मुझे गुरुदेव से दूर कर रहा है।" तब मैंने उनको कहा, "श्री महाप्रभुजी तो अन्तर्यामी तथा सर्वत्र व्याप्त हैं, आप उन्हें जहाँ भी याद करेंगे वहीं उन्हें पायेंगे।"
इसके पश्चात मैं पुन: श्री महाप्रभुजी के चरणों में "शिवबाग" बोलागूड़ा पहुँचा। श्री भटनागर साहब का कुछ ही दिनों बाद बड़ौदा में स्थानान्तरण हो गया। मुझे भी उन्होंने बड़ौदा बुलाया। पूज्य श्री महाप्रभुजी के "अनुभव प्रकाश" का तीसरा संस्करण अपने निजी खर्चे पर श्री भटनागर साहब ने प्रकाशित करवाया और कुछ समय बाद उन पुस्तकों की एक हजार प्रतियाँ लेकर मैं श्री महाप्रभुजी के पास उपस्थित हुआ। वहाँ से कुछ ही दिनों बाद श्री महाप्रभुजी ने अपने मुख्य आश्रम श्री देवडूँगरी आश्रम बड़ी खाटू पधारे। वहाँ पर श्री भटनागर सपरिवार बड़ौदा से श्री महाप्रभुजी की चरण सेवा में खाटू पहुँचे। वे अपने परिवार सहित दस दिन तक वहीं रहे और श्री महाप्रभुजी के सान्निध्य में सत्संग का लाभ उठाते रहे। इस अवधि में एक दिन श्री महाप्रभुजी ने श्री भटनागर साहब को अपने पास बैठाकर एक नक्शे के माध्यम से सारे ब्रह्माण्ड का ज्ञान एक घण्टे में समझा दिया। यह ज्ञान ग्रहण कर श्री भटनागर साहब धन्य हो गये। भटनागर जब भी मुझसे मिलते तो इस घटना का जिक्र अवश्य करते । श्री भटनागर साहब ने बच्चों को भी श्री महाप्रभुजी से गुरु-दीक्षा ग्रहण करवायी। वे हार्दिक भाव से श्री गुरुदेव की भक्ति करते थे। इन्हें ही वे अपना इष्ट समझते थे। वे अपने बंगले, पूजा-गृह में तथा कार्यालय में भी श्री महाप्रभुजी की सुन्दर चित्रावली रखते थे। वे हमेशा ही श्री महाप्रभुजी की चरण-रज को सिर पर रखकर अपने कार्य पर जाया करते। वे अपने हृदय में श्री महाप्रभुजी की लीलामय वाणी को संजोये रखते थे। श्री भटनागर रेलवे से सेवा-निवृत्त होकर बम्बई ईस्ट विले पारले स्थित स्वयं के मकान में ही सपरिवार रहने लगे। वहाँ पर आप श्री महाप्रभुजी के नाम की दवाई देते थे और रोगी लोगों का इलाज करते थे। इनके इस इलाज से कई रोगी ठीक हो गये। सन् १९६४ में बम्बई में "योग वेदान्त" सम्मेलन का आयोजन हुआ उसमें बहुत से साधु, विद्वान व महामण्डलेश्वर पधारे थे। उसमें श्री भटनागर भी आमन्त्रित थे। सम्मेलन में उन्होंने पूज्य श्री महाप्रभुजी की महिमा का व्याख्यान दिया। सभी श्रोता मंत्र-मुग्ध हो गये। इसके बाद श्री भटनागर ने महामण्डलेश्वरों से एक-दो प्रश्र योग विषय में पूछे। वे लोग शास्त्रों के प्रमाण पर आधारित उत्तर देने लगे। तब श्री भटनागर ने कहा, "यह तो आप किताबों में लिखी बातें ही बता रहे हैं। अगर आपने साक्षात् अनुभव किया है तो बताइये।" तब उन सभी ने श्री भटनागर से पूछा, "आपने श्री महाप्रभुजी से क्या पाया?" तब श्री भटनागर ने जवाब दिया कि, "अगर दुनिया में कहीं परमात्मा हैं तो केवल श्री महाप्रभुजी ही हैं। मैं तो इतना ही जानता हूँ। श्री परमात्मा से कुछ भी छुपा हुआ नहीं। कुछ समय पश्चात् श्री महाप्रभुजी का स्मरण करते-करते योग विधि से नश्वर शरीर त्याग दिया।"
उस समय मैं श्री महाप्रभुजी की सेवा में देवडूँगरी आश्रम में था। बम्बई से दूसरी बार वेदान्त सम्मेलन का आमन्त्रण आया तब श्री महाप्रभुजी ने फरमाया कि, "माधवानन्द, इस सम्मेलन में बम्बई चले जाओ।" फिर मैंने हाथ जोड़ कर कहा, "ऐसे धर्म सम्मेलन में आपको पधारना चाहिये।" तो महाप्रभुजी ने फरमाया, "मैं अब कहीं नहीं जाता, तुम जाओ।"