श्री महाप्रभुजी का यह नियम था कि जिस आश्रम में आप विराजते, वहाँ एक युग (बारह वर्ष) विराजते थे, मगर अनन्य भक्तों के अत्यन्त भाव भरे आग्रह के कारण सत्संग हेतु कभी-कभी पधारते थे।
इसलिए महाप्रभुजी से अर्ज किया, "प्रभु, साधु-महात्माओं का देश में भ्रमण होने से बहुतों का भला होता है, अत: किसी महात्मा ने कहा है--
दोहा -- पानी तो चलता भला, पड्या गन्दा होय।
साधु तो रमता भला, दाग न लागे कोय॥
यह सुन श्री महाप्रभुजी ने कहा--
दोहा-- पानी तो पड्या भला, जो जल गहरा होय।
साधु तो बैठा भला, जो परमार्थ होय॥
ओसो (थोड़ा) पानी पड़ा रहे तो गन्दा होता है, मगर अथाह सागर का पानी तो एक जगह, मर्यादा में ही रहता है, वह गन्दा नहीं होता है, ऐसे ही थोड़े ज्ञान वाले साधु को एक जगह नहीं रहना चाहिये, वरना माया का दाग (कलंक) लगे बिना नहीं रहता है। लेकिन अथाह ज्ञान का सागर गन्दा नहीं होता है। दाग नहीं लगता है। वह तो अथाह ज्ञान का सागर अनेकों की गंदी दाग रूपी विष की ज्वाला, विषय-वासना को धोकर भी आप हमेशा निर्मल ही रहता है।
घूमने वाले साधु लोग जो जिन्दगी भर जीवों का भला नहीं कर सकते हैं, उनसे कई गुना ज्यादा जीवों का भला हम बैठे-बैठे कर देते हैं और हो ही रहा है सब जानते हैं।