श्री महाप्रभुजी की आज्ञा से बम्बई गया। इस समारोह में देश के विद्वान सन्त, विख्यात योगी तथा तपस्वी महामण्डलेश्वर आदि महापुरुष उपस्थित हुए। वहाँ पर प्रतिदिन सभी महापुरुषों के प्रवचन, सत्संग आदि विभिन्न विषयों पर आयोजित होते थे। इन प्रवचनों के दौरान मेरा भी प्रवचन कभी-कभी होता जब मैं श्री महाप्रभुजी के बारे में बताता रहता था। वहाँ उपस्थित एक सिद्घ तांत्रिक विशुद्घानन्द महात्मा ने मुझसे कहा, "मेरे पास बहुत सी सिद्घियाँ हैं, जिनसे मैं कठिन काम भी सिद्घ कर सकता हूँ। मैंने कई वर्षों तक तपस्या करके सिद्घियाँ प्राप्त की हैं और ये बड़े-बड़े महामण्डलेश्वर, सन्त , विद्वान और तपस्वी बैठे हैं। उन्होंने भी कई वर्षों तक विद्याध्ययन तथा तपस्या, भक्ति, कठिन साधना करके महान् पुरुष बने हैं। आपने कहाँ तक व कितनी विद्या पढ़ी है? क्या आपके पास कोई डिग्री अथवा प्रमाण-पत्र है? क्या आपने कठिन तपस्या या साधना की? ये सब आप हमारे सबके सामने स्पष्ट कहिये। आपके प्रवचन व वाणी हम प्रतिदिन सुनते हैं। आपके ज्ञानामृत को सुनकर हम तृप्त तो हो जाते हैं लेकिन आपकी साधना व अभ्यास का पता न लगने के कारण हम आपसे पूछते हैं। आपके गुरुदेव श्री महाप्रभुजी ने आपको कोई वशीकरण मंत्र दिया है, जो आप बड़े-बड़े लोगों को आप अपने वश में कर लेते हैं या और कोई जादू है या कोई पारसमणि व चिन्तामणि है या और कोई आपके पास गुप्त धन का खजाना है सो आप मनमाना खर्चा करते हैं कई आश्रम भी बनवाये, साहित्य भी छपवाते हैं। गाड़ी, टेलीफोन आदि सभी प्रकार की सुविधा के साधन उपलब्ध हैं और आपकी आय का कोई जरिया नहीं दीखता है।"
न ही आप ज्योतिष का कार्य करते हैं न ही कोई दवाई वगैरह देते हो और न ही आप यंत्र-मंत्र-तंत्र आदि करते हो, न किसी से आप माँगते हो फिर भी आप हवाई जहाज या रेल में प्रथम श्रेणी में यात्रा करते हो यह सब आपके पास आता कहाँ से है।
हम लोगों ने वर्षों तक तपस्या, साधना, विद्याध्ययन आदि महान् कष्ट पाकर के कुछ सिद्वियाँ प्राप्त की हैं। फिर भी आप जैसे ठाठ (आनन्द व शान्ति) नहीं है। इसका क्या कारण है? आप सत्य बताइये। साधुओं में बैठ कर झूठ बोलना अपराध है। कपट रहित जो कुछ भी हो आप सभी के सामने कहिये फिर मैंने उन्हें यह भजन सुनाया। (यह भजन आनन्द प्रकाश पेज नं. ८३ भजन न. १०५ पर है)।
भजन
हमारे धन सर्वस्व सतगुरु श्याम।
अमर खजाना सकल विश्व में, रतन अमोलक नाम॥ टेर॥
चिन्तामणि, पारस नहीं चाहिये, नहीं राज धन धाम।
हीरा-मोती लाल रतन धन, मिथ्या है सकल तमाम॥ १॥
कल्प वृक्ष और कामधेनु सब, नहीं तुलना समय नाम।
सुत दारा लक्ष्मी दु:ख दाई, इनसे नहीं मेरे काम॥ २॥
तीन लोक और चौदह भवन में, सतगुरु है सुख धाम।
अन्दर-बाहिर है परिपूर्ण, महा धन मेरा राम॥ ३॥
पूर्ण प्रेम से प्राप्त होवे, नहीं लागत है दाम।
भाग्य बिना पावे नहीं कोई, निर्भय पद विश्राम॥ ४।
श्री पूज्य भगवान् दीपनारायण, पार ब्रह्म निष्काम।
कहे माधवानन्द कृपा भई, मिल्यो है अचल आराम॥ ५॥
फिर मैंने मन ही मन श्री महाप्रभुजी को प्रणाम किया और अपने प्रवचन में उक्त सभी प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा, "मेरे पास क्या नहीं है। श्री महाप्रभुजी ने सर्वस्व मुझे दिया है। मुझे श्री महाप्रभुजी का नाम दान मिला है। इससे बढ़कर त्रिलोक में भी कोई धन नहीं हैं। वह नाम, सकल कामना व सिद्घि दाता हैं। प्रेम, अमृत , प्रकाश, विजय, यश, बल, सुख-शांति, आनन्द, मान, आत्मानुभव व आत्म-प्रकाश, रिद्घि-सिद्घि इत्यादि इन सबके बीज व मूल मन्त्र केवल श्री महाप्रभुजी का नाम है।"
मैंने न तो वर्षों तक विद्याध्ययन किया है तथा न ही कोई विश्वविद्यालय की डिग्री है। मैंने न तो कोई कठिन साधना की है और न ही कोई तंत्र-मंत्र, देवी-देवताओं तथा भूत-प्रेतों की साधना की है। मैं तो केवल श्री महाप्रभुजी के चरणों में पड़ा रहता था। आश्रम में झाङू बुहारी करता था, जंगल से लकड़ी लाकर धूणी लगाता था। मेरे ऊपर तो केवल उनकी छाया मात्र पड़ने से तथा अमृत दृष्टि पड़्ने से ही मैं परम सौभाग्यशाली बना, इसलिए मेरी डिग्री तो केवल गुरु-कृपा ही है। उस विश्वदीप परमात्मा का जो निज मन से भ्रमना, कल्पना, आन उपासना छोड़कर जो उसका स्मरण करेगा, जो उनका गुणगान करेगा उनको भी सर्व-सिद्घि प्राप्त हो जायेगी उनके नाम रूपी समुद्र में सिद्घियाँ रूपी नदियाँ बिना बुलाये आती हैं।" यह सुनकर सभी महापुरुषों ने श्री महाप्रभुजी की प्रशंसा करते हुए कहा--
"धन्य हो ऐसे महाप्रभुजी! जो सर्वस्व अपने भक्तों पर लुटा देते हैं और आज भी अपने भक्तों की मनोवांछित इच्छायें पूरी करते हैं। ऐसे प्रभु का अवतार सम्पूर्ण विश्व के लिए वरदान स्वरूप है।" सम्मेलन के बाद श्री महाप्रभुजी की सेवा में मैं आबू आया।