आबू पर्वत पर प्रात:काल जब श्री महाप्रभुजी और मैं साथ-साथ जंगल में घूमने गये। तब रास्ते में एक नदी आयी। उसी नदी के तट पर मैं तथा श्री महाप्रभुजी खड़े हो गये। कुछ रुकने के पश्चात् श्री महाप्रभुजी मुझसे कहने लगे कि, "माधव! इधर-उधर क्या देख रहे हो?"
मैंने कहा, "प्रभु! यह नदी अत्यन्त सुन्दर लग रही है। कल-कल करता हुआ पानी बह रहा है। नदी के दोनों तटों पर हरी-हरी घास शोभायमान हो रही है। किनारों पर छोटे-छोटे, गोल-गोल, रंग-बिरंगे पत्थर बहुत ही सुहावने लग रहे हैं। यह प्राकृतिक सुन्दरता हर किसी का मन मोह लेती है।"
श्री महाप्रभुजी ने मेरी तरफ देखा और मधुर मुस्कराहट के साथ कहा, "बेटा, तुमको मालूम नहीं यह सब जगत का सुन्दर नक्शा है। तुम जो ये रंग-बिरंगे पत्थर देख रहे हो, ये सब बिना तोल के टोल हैं। इनमें से एक भी पत्थर किसी काम का नहीं है।" यह सुनकर आश्चर्य करते हुए मैंने पूछा, "प्रभु! यह सब पत्थर कौनसी तोल के नहीं हैं। मन, किलोग्राम अथवा छटाँक।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "इनमें से छोटा-बड़ा कोई भी समान नाप का नहीं है। कोई पत्थर तोल में कम है, तो कोई ज्यादा। लाखों पत्थरों के ढेर में से मात्र एक या दो पत्थर ही समान तोल के हो सकते हैं। ठीक इसी प्रकार इस भवसागर की नदी में भी करोड़ों मनुष्य सुन्दर व सुहावने तो अवश्य लगते हैं, परन्तु इनको ज्ञान के तराजू में तोलने से सही तोल का एक भी नहीं होगा। लाखों, करोड़ों में सही-सही तोल का समान ज्ञान का एक-दो महापुरुष भी मुश्किल से मिलेगा। बाकी सब टोल हैं।"
इस विषय पर श्री महाप्रभुजी ने सवा घण्टे तक प्रवचन दिया। इस अमृत वचनों का पान करके मैं बहुत प्रसन्न हुआ। श्री महाप्रभुजी को दण्डवत प्रणाम किया। इसके पश्चात प्राकृतिक सौन्दर्य का आनन्द लेते हुए वापिस लौटे।