Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

भालू द्वारा शिक्षा

१५ मई, १९५४ के दिन मैं बोलागूड़ा में श्री महाप्रभुजी के पास "शिव बाग" में था। श्री महाप्रभुजी ने मेरे हित के लिए मुझे कुछ ताड़ना दी, मैं अज्ञानवश दु:खी हुआ। मन ही मन नाराज भी हुआ। मैं चुपचाप अपने कमरे में चला गया। श्री महाप्रभुजी तो सब कुछ जानते थे। दूसरे दिन प्रात:काल श्री महाप्रभुजी ने सभी भक्तों को आश्रम के बाहर भेज दिया। वे अपने कमरे में अकेले ही विराज रहे थे। मैं भी चुपचाप अपने कमरे में बैठा था। कुछ ही समय पश्चात् एक रीछ वाला श्री महाप्रभुजी के पास आया और कहा, "मैं रीछ का खेल दिखाना चाहता हूँ।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हम तो साधु-लोग हैं, खेल तमाशा नहीं देखते।" तब मदारी ने कहा, "हे गुरुदेव! मैं आशा लेकर आया हूँ निराश नहीं लौटना चाहता हूँ।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "माधवानन्द को खेल दिखाओ।" ऐसा कहकर मुझे बुलाया। मैंने कहा, "मैं खेल नहीं देखना चाहता।" तब श्री महाप्रभुजी ने आदेश दिया, "बैठ जाओ और चुपचाप खेल देखो।" अत: मैं बैठकर खेल देखने लगा। मदारी ने खेल प्रारम्भ किया तथा वह कहने लगा, "जमूरे! चोर कैसे चलता है? बहू कैसे चलती है?" इसके पश्चात् रीछ चोर व बहू के चलने की नकल करता है। इस प्रकार उसने एक घन्टे तक हमारा मनोरंजन करने का प्रयास किया। खेल पूरा होने के पश्चात् मैंने मदारी को एक रुपया दिया। उसके पश्चात् मदारी वहाँ से चला गया।

मैं चुपचाप अपने कमरे की और रवाना होने लगा। तब श्री महाप्रभुजी ने मुझे अपने पास बुलाया और पूछा, "तुमने इस खेल में क्या देखा?" मैंने कहा, "जो आपने देखा वही मैंने भी देखा। खेल आपके सामने ही हुआ है फिर मैं क्या बताऊँ?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "माधव! मेरे पास बैठो। मैं तुम्हें बताता हूँ। सुनो,यह रीछ एक खतरनाक जंगली प्राणी है। लेकिन यह मदारी उसका गुरु है। उसने रीछ को डरा-धमका करके, मार-पीट करके इसको इस कला में निपुण किया। उन कलाओं को प्रकट करने में गुरु ही समर्थ है। गुरु डाँटता है, फटकारता है, मारता है। वह सब शिष्य के हित के लिए ही करता है। इसलिए गुरु के प्रति कभी नाराजगी प्रकट नहीं करनी चाहिऐ। डराये व धमकाये बिना बैल, घोड़ा, ऊँट इत्यादि जानवर भी सही कीमत नहीं पा सकते । सोना, चाँदी, लोहा इत्यादि को भी तपाकर हथौड़े से पीटने पर उनके गहने या औजार बनाने से कीमती बनते हैं। लकड़ी को काटकर फर्नीचर बनाने से उसकी कीमत बढ़ती है। कुम्हार भी मिट्टी को कूट-पीटकर बर्तन व घड़े बनाता है फिर उन्हें अग्रि में पकाता है अर्थात तप से उसका मूल्य बढ़ जाता है। इससे घड़े पकते हैं और उसका ठण्डा पानी पीकर लोग तृप्ति अनुभव करते हैं। लोगों को आनन्द व शान्ति मिलती है। इसलिए जीव का स्वभाव जहर के समान होने पर भी केवल गुरु द्वारा ही उस जहर को अमृत में परिवर्तित किया जा सकता है और वह पूर्ण विधि केवल सतगुरु ही जानते हैं।"

श्री महाप्रभुजी के श्री मुखारबिन्द से ये परमहितकारी वचन सुनकर मैं सब चिन्ता भूलकर आनन्दित हो गया। श्री महाप्रभुजी के चरणों में गिरकर मैं क्षमा माँगने लगा। तब श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराते हुए अपना हस्त-कमल मेरे सिर पर रखा। मैं आनन्द विभोर हो गया।

भोजन

प्रतिदिन जब भोजन का समय होता तब श्री महाप्रभुजी मुझे आवाज देकर बुलाते हुए कहते, "माधवानन्द! आओ भोजन करो।" भोजन थाली में रखकर श्री प्रभु आश्रम के बाहर चौकी पर विराजमान हो जाते। मैं भी अपना भोजन पात्र लेकर उनके सामने ही बैठ जाता। तब प्रभुजी कहते, "हे माधव! तुम्हें जितनी भूख हो उतना भोजन ले लो। भूखे भी मत रहना व ज्यादा भी मत लेना। तुझे अभी पेट का ज्ञान नहीं है तो दूसरा ज्ञान कैसे होगा?" मैं मन ही मन सोचता कि कुछ कम ही लूं अगर अच्छा लगेगा तो और ले लूंगा। परन्तु अगर ज्यादा लूंगा और अगर भोजन अच्छा न लगा तो सब खाना व्यर्थ ही जायेगा। ऐसा सोचते हुए भी हमेशा भोजन कुछ ज्यादा ही ले लेता था। लेकिन जब श्री महाप्रभुजी मेरे सामने विराज जाते और मुझसे बार-बार फरमाते कि, "माधव, और क्या लेगा? यहाँ सच्चे दरबार में भूखे मत रहना। मन में किसी भी प्रकार की भूख मत रखना। सब प्रकार की भूख से निवृत्त हो जाना।" तब मैं कहता, "प्रभु, मैंने तो रोटी खा ली है।" तब श्री महाप्रभुजी पूछते, "खाली है तो भर क्यों नहीं लेता। खाली क्यों रखता है? लो और लो।" बार-बार फरमाते रहते। तब से मैंने 'खाली' शब्द कहना छोड़ दिया। मैं कहता, "सब आनंद है।" जब भी श्री प्रभुजी मुस्कराकर कहते, "आने दे" तो फिर ले और ले कहते रहते। फिर प्रभुजी पूछते, "क्या लोगे?" तब मैं कहता, "प्रभुजी! अब आपका ही नाम लूंगा क्योंकि आप ही तो परिपूर्ण हैं।" तब प्रभुजी कहते, "ठीक है।" इस प्रकार जब उनकी वह लीला स्मरण हो आती तो दया के दान फलस्वरूप आनन्द के आँसू बहने लग जाते हैं। उस समय तो हम कुछ नहीं समझते थे। मगर आज उन बातों को याद करके उस क्षण के लिए तरसते हैं। करोड़ों रूपये खर्च करके भी वह समय सुख प्राप्त नहीं किया जा सकता। रात्रि के समय मैं श्री महाप्रभुजी के पलंग के पास बैठकर उनके चरणों की सेवा के लिए आग्रह करता। उनकी स्वीकृति पाकर मैं उनके चरणों की सेवा करता रहता। जब मैं थक जाता तब प्रभुजी जाग्रत होते हुए भी नींद का बहाना करते। उन्हें सोये हुए जानकर मैं नीचे जमीन पर सो जाया करता। जब मुझे नींद आने लगती तब आवाज देते, "माधवानन्द उठो, धूणी जलाओ और लकड़ी के कोयले व आग सिगड़ी में भरकर मेरे सामने लाकर रख दो।" तब मैं उठ जाता था तथा श्री गुरुदेव की आज्ञानुसार लकड़ी जलाकर आग के अंगारे सिगड़ी में भरता और उनके पलंग के पास रखता, तब वे मुझे सो जाने की आज्ञा प्रदान करते। मेरे सो जाने के पश्चात् ज्योंही मुझे नींद आने लगती, त्योंही श्री महाप्रभुजी फिर मुझे आवाज देते, "माधवानन्द उठो। जाओ, आश्रम के बाहर एक चक्कर लगाकर आओ, देखो, कुत्ते क्यों भौंक रहे हैं?" तब गुरुदेव की आज्ञानुसार मैं उठकर आश्रम के चक्कर लगाकर आ जाता तब वे मुझसे कहते, "बहुत थक गया होगा अब सो जाओ।" लेकिन फिर वही बात, ज्योंही मुझे नींद आती, तभी श्री महाप्रभुजी फिर मुझे आवाज देते, "उठो माधवानन्द! कलम और कागज लाओ, यह भजन लिखो।" जब मैं कलम तथा कागज लेकर जाता व भजन लिखने बैठता तब कहते, "अच्छा रहने दो, सो जाओ।" मैं फिर सो जाता। जैसे नींद मेरी नयनों में समाने लगती तब श्री महाप्रभुजी पुन: आवाज देते, "उठो माधवानन्द! बाहर जाकर देखकर आओ कि रात कितनी शेष है?" आश्रम में उस समय घड़ी नहीं थी। मैं बाहर जाकर तारों की सहायता से रात का पता लगाता तथा गुरुजी को रात की स्थिति बता देता। तब श्री महाप्रभुजी पूर्व की भाँति कहते, "माधवानन्द अब सो जाओ।" प्रभात बेला में यह मीठी-मीठी नींद मेरी नयनों में समाने के लिए लालायित रहती। जैसे-तैसे करके नींद आने लगती तभी श्री महाप्रभुजी कहते, "माधवानन्द उठो! सिगड़ी में आग ठण्डी हो गयी है। अत: लकड़ी जलाकर दूसरे अंगारे लेकर आओ। जब मैं गुरुदेव की आज्ञानुसार लकड़ी जलाकर सिगड़ी में अंगार भरता, फिर श्री महाप्रभुजी कहते, "अब सो जाओ।" जैसे ही नींद आती और श्री महाप्रभुजी कहते, "माधव! मेरे पैर दबाओ, पीठ दबाओ।" तब मैं आज्ञानुसार पैर व पीठ दबाता। इस प्रकार जब प्रात: ५ बजे जाते तब श्री महाप्रभुजी कहते, "माधव! अब जाओ, जंगल से लकड़ी लेकर आओ।" इस प्रकार रात भर श्री महाप्रभुजी मुझसे कहते-रहते तथा मैं रात भर सो नहीं पाता। मगर प्रभु को नींद लेते मैंने कभी नहीं देखा।

समस्त रात भर नहीं सो सकने के कारण आँखें बुरी तरह से दर्द करती थीं। कमर दर्द बहुत होता था। मैं सोचता कि क्या मेरी जिन्दगी है? क्या मैं कभी आराम की नींद सोऊँगा या ऐसे ही दु:ख में रहूंगा। लेकिन मुझे यह पता नहीं था कि ये परम कृपा के दिन ही मेरे जन्म भर के मलीन पापों के पुञ्ज को जलाकर तथा मुझे परम सुख-शान्ति देने वाले भाग्य बना रहे हैं। ये दिन भविष्य में मेरे उज्जवल इतिहास में लिखे जायेंगे।

दिन के समय भी श्री महाप्रभुजी मुझे पास बैठाकर कुछ पत्रों के जवाब इत्यादि लिखाते थे। एक-दो पत्र लिखाकर कहते, "जाओ माधवानन्द, खाटू के लेटरबॉक्स में पत्र पोस्ट करके आओ।" धूणां से दो कि.मी. दूर खाटू गाँव स्थित है। मैं वे पत्र लेकर रवाना होता, आश्रम के दरवाजे तक जाता ओर श्री महाप्रभुजी आवाज देते, "माधवानन्द वापिस आओ। पत्र देख तो लूं।" फिर मैं जब उनके पास वापिस लौट आता तब कहते, "अच्छा-अच्छा जाओ।" फिर थोड़ी दूर जाने पर वापिस बुला देते। बार-बार इस प्रकार करते, कई बार तो मैं वहाँ झाडिय़ों में छुप जाता था। श्री महाप्रभुजी अन्त में फरमाते, "अच्छा रहने दो, कल चले जाना।"

यह अमृत लीला अब जब कभी याद आती तो आँखों से प्रेम की अश्रुधार बह पड़ती है। यह उनका प्रेम ही तो था। वह मुझे एक क्षण भी दूर रखना नहीं चाहते थे।