Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

सत्य-असत्य का निर्णय

मैं धर्म प्रचारार्थ मेवाड़ गया। वहाँ के फॉरेस्ट ऑफीसर श्री जसवन्तसिंहजी मुझे भीलवाड़ा जिले से सहाड़ा ले गये। वहाँ पर सत्संग में हजारों श्रद्घालु भक्तगण आये। उनके साथ वार्तालाप से मालूम हुआ कि इस क्षेत्र में दशा बिसा पंथ, जिसको कूड़ा पंथ भी बोलते हैं, वाम मार्ग भी कहते हैं बहुत फैला हुआ है। लोगों को सत्य धर्म से विमुख देखकर मुझे बड़ा दु:ख हुआ। मिथ्या पाखण्ड रूपी धर्म के नाम पर लोगों ने असत्य रास्ता ग्रहण कर रखा है। इस धर्म को मानने वाले लोग मलीन खान-पान व कुकर्म करते हैं। मैंने सबको कहा कि, "यह असत्य का रास्ता है इसे छोड़ो और सत्य की तरफ अपने मन को मोड़ो। बिसा पंथ वाले भूत-प्रेतों की योनि में जायेंगे तथा दशा पंथ वाले पतंगे बनेंगे। इस धर्म के बड़े गुरु महन्त श्री बुद्घगिरी थे। जब उनको पता चला कि हमारे धर्म का खंडन करने वाला संन्यासी इधर आया है तो उसने अपने सेवकों से कहा कि एक भारी सत्संग का आयोजन करो जिसमें वह भी आ जाये। मैं भी वहाँ आऊंगा। हम वहाँ पर सत्य धर्म पर बहस करेंगे जिससे सत्य व असत्य का निर्णय हो जायेगा। उनके सेवकों ने तथा हमारे सेवकों ने गाँव रेवाड़ी में एक सत्संग सभा का आयोजन दिनांक १९-१०-१९५३ को किया ।"

धर्म ज्ञान पर बहस का आनन्द लेने तथा हार-जीत का फैसला सुनने के लिए वहाँ हजारों की संख्या में लोग आये। संध्या ६ बजे श्री बुद्घगिरी अपने आठ शिष्यों सहित आठ घोड़ों पर सवार बहुत तीव्र गति से आये, जहाँ इनके सेवकों ने उनके ठहरने की व्यवस्था की थी वहीं पर वे रुके। संध्या को भोजन आदि से निवृत्त होकर श्री बुद्घगिरी कहने लगे, "कौन है माधवानन्द? उनको हमारे सामने लाओ।" लोग मेरे पास आकर कहने लगे कि, "आपको बुद्घगिरीजी बुला रहे हैं। तब मैंने उनसे कहा कि, "मैं कोई उनका नौकर तो नहीं हूँ जो वे मुझे आदेश दे रहे हैं। अगर उनको सत्य-असत्य का निर्णय लेना है तो वे स्वयं मेरे पास आयें।" तब लोगों ने जाकर उनसे कहा कि, "आप स्वयं ही माधवानन्दजी के पास चले जाइये।" तब वह अहंकार वश कहने लगा, "मैं इस क्षेत्र का महन्त हूँ, मैं उनके पास नहीं जा सकता।" इस पर लोग कहने लगे कि, "आप वहाँ नहीं जा सकते और वह यहाँ नहीं आ सकते तो फिर निर्णय कैसे होगा?"

जहाँ पर मैं ठहरा था वहीं पर सत्संग का आयोजन था। अत: वहाँ वे बहुत गुस्से में आये। उनके वहाँ आते ही मैंने प्रेम से उनका स्वागत किया तथा आसन पर बैठाया। इसके पश्चात् मैंने एक सेवक से भजन सुनाने के लिए कहा। यह सुनकर बुद्घगिरी बोला, "हम भजन-वजन सुनने नहीं आये हैं। हम तो आप से सिद्घान्त सुनने आये हैं।" तब मैंने एक भजन सुनाया। इस पर वे बीच में ही कहने लगे, "इस भजन-वजन में कुछ नहीं रखा है।"

वाणी तो पाणी भरे, चारों वेद मजूरा।
करणी तो गारो करे, रहणी का घर दूरा॥

बुद्घगिरी आगे कहने लगे, "हमारा पंथ वेद-वाणी व सत्य कर्म-धर्म से परे है। इसलिए हम इस वाणी, पाणी को नहीं मानते। यह सब बेकार है।"

मैंने उनसे कहा, "महाराज! पूर्व के अच्छे कर्म बिना सच्चे सतगुरु मिलना दुर्लभ है। आपको सच्चे सतगुरु, आत्मज्ञानी, ब्रह्मवेत्ता कोई नहीं मिला है। इसलिए आपके मुंह से अशुद्घ शब्द निकल रहे हैं। आप बताइए कि, वाणी कहाँ पानी भरने गयी और चारों वेद किस जगह मजदूरी कर रहे हैं। तथा सत्य करणी कहाँ पर गारा करती है। वेद वाणी तो समस्त ज्ञानों का भण्डार है। फिर उनसे ऊपर कौन-सी आपकी रहणी है सो कृपा कर कहिए?"

तब बुद्घगिरी ने कहा, "अगर मैं अशुद्घ कह रहा हूँ तो आप शुद्घ कर दीजिये।" तब मैंने उस दोहे में संशोधन करते हुए कहा-

"वाणी तो छाणी करे, चारों वेद मौजूदा।
करणी से ज्ञान मिले रहणी हो खुदा॥"

अर्थात वाणी तो निर्णय करे। चारों वेदों का ज्ञान व सत्य हमेशा मौजूद रहने वाला है। शुभ करणी से यह ज्ञान होता है रहणी से खुदा यानि कि सत्य में समाता है। महापुरुषों के सान्निध्य में रहकर नर से नारायण बन सकता है।"

तब बुद्घगिरी ने कहा, "हम यह नहीं जानते हैं।"

तब मैंने कहा, "जो खुद कुछ जाने नहीं, दूसरों की माने नहीं उसका राम भी क्या करे, कौन समझाये? " यह प्रश्र सुनकर उपस्थित सब लोग हंसने लगे, इस पर बुद्घगिरी ने अपना अपमान समझते हुए कहा, "अच्छा हम चले जाते हैं।" रात को ११ बजे वह अपने शिष्यों को लेकर वहाँ से चले गये।

इन्हीं दिनों में गाँव लाकोला में ही एक बहुत विख्यात तांत्रिक साधु बसन्तगिरी नवरात्रि कर रहा था। उन्होंने जब सुना कि बुद्घगिरी को पराजित कर दिया है तब वह भी जलने लगा, और कहने लगा कि, "बुद्घगिरी ने मेरी बहुत सेवा की है इसलिए मैं उसके अपमान का बदला जरूर लूँगा। मैं माधवानन्द को दिन में तारे दिखा दूंगा। वह हमेशा के लिए बहस करना भूल जायेगा। मेरा नाम भी बसन्तगिरी है। हनुमान, भैरव व कई वीर मेरे वश में हैं। मेरे सामने आते ही माधवानन्द बेहोश हो जायेगा।" ऐसा कहकर उसने दूसरी सभा का आयोजन गाँव नयाखेड़ा में नाथूपटेल के यहाँ रखवाने का निश्चय किया। गाँव के लोगों ने कहा कि नवरात्रि समाप्त होने के पश्चात् ही इसका आयोजन करना परन्तु बसन्तगिरी नहीं माना। उसने कहा, "धर्म के लिए अगर मुझे नवरात्रि भंग भी करनी पड़े तो मैं इसे नि:संकोच कर दूंगा।" इस दृढ़ निश्चय को देखकर पूरे गाँव में हो हल्ला हो गया और सब लोग कहने लगे बसन्तगिरी माधवानन्द के छक्के छुड़ा देगा। समस्त व्यक्ति इस आयोजन को देखने के लिए लालायित थे। ज्ञान के लिए लोग थोड़े आये मगर लड़ाई देखने को बहुत आते हैं। मैं वहाँ पर एक सन्त के आश्रम में ठहरा था। बसन्तगिरी के ठहरने की व्यवस्था मेरे पास ही में की गयी थी। श्री बसन्तगिरी वृद्घ था, इसलिए उसे घोड़े पर बैठाकर मेरे पास लाया गया। उसके आते ही मैंने शिष्टाचारवश उनका स्वागत किया और उन्हें अपने पास बैठा लिया। उसके पश्चात् मैंने भक्तगणों से कहा, "श्री बसन्तगिरीजी नवरात्रि कर रहे हैं। इन्होंने पिछले कई दिनों से भोजन नहीं किया है, अत: इनके लिए सिंघाड़े का हलवा बनाओ ताकि रात के समय बहस करने के लिए ठीक रहेगा। इनके निराहार रहने से सत्संग में बोलने से सिर में दर्द हो जायेगा। इसलिए इन्हें खूब डटकर हलुआ खिलाओ। उसके पश्चात् ही हम सत्य और असत्य का निर्णय करेंगे।"

कुछ देर तक बसन्तगिरी चुपचाप सुनता रहा। वह अपने मन में कुछ तंत्र-मंत्र का उच्चारण कर रहा था। रात के समय सभा आरम्भ हुई। सर्वप्रथम श्री बसन्तगिरी ने मुझसे कहा, "आप भजन सुनाइये तथा अपनी विचारधारा व सिद्घान्त प्रकट कीजिये।" तब मैंने श्री महाप्रभुजी के "अनुभव-प्रकाश" का यह भजन सुनाया-

यह मजल ज्ञान की, विरला कोईक सन्त पिछाणी॥ टेर॥
दसों द्वार बन्द कर राखै, अन्तर मांय निरन्तर झाँके।
सहज समाधि लागे उनके, सोहम् शब्द चढ़ाणी॥ १॥
पान अपान मिलावे स्वांसा, अरा उर्द खोले पासा।
आपो आप रमे निर्वासा, देख लिया निर्वाणी॥२॥
नाभी कमल से पलटी स्वांसा, मेरुदण्ड में किया फुवासा।
त्रिवेणी में स्वांस स्वासा, पूनमचन्द उगाणी॥ ३॥
पाँख हजार कमल प्रकाशा, सहस्त्र दल पर हंस निवासा।
तुरिये रूप-अनूप असासा, चेतन पुरुष पुराणी॥ ४॥
श्री देवपुरीजी गुरु ज्ञान बताया, पूर्ण ब्रह्म मोय दर्शाया।
स्वामी दीप चरण चित्त लाया, कुदरत खेल खिलाणी॥ ५॥

यह भजन गाकर मैं अर्थ करने लगा कि "हे सज्जनों! पूर्ण सतगुरु की बताई गयी विधि के अनुसार दसों द्वार बन्द करके, अन्दर की ज्योति देखता है वही सुगरा होता है। आत्मज्ञान की मंजिल विरले ही सन्त पहुँचानते हैं। आजकल पाखण्डी लोगों को इस बात का पता तो है नहीं। वह एकान्त कमरे में दस दीये जलाकर चेले की आँखों पर कपड़ा बाँधकर ले जाता है। लाने वाला कहता है मैं चोर लाया हूँ। तब आगे बैठा हुआ कहता है आगे खड्ढा है गिरोगे क्या? तब भोला शिष्य बनने वाला कहता है कि हाँ ! तब कोतवाल कहता है, आज्ञा ईश्वर की, हुक्म हनुमान का आ जावे, यह सुनते ही प्रवेश करते हैं फिर उसको बिठाकर दस दीये (दीपक) दिखा देते हैं और कहते हैं कि तू सुगरा हो गया। बाद में उसको जूठा चूरमा खिलाते हैं और जूठा हुक्का पिलाते हैं। वहाँ उसी पंथ के दो-चार बाबा लोग बैठे रहते हैं। कोई कान गुरु, शब्द गुरु, ज्ञान गुरु इस प्रकार सब अलग-अलग गुरु बनके अलग-अलग भेंट लेते हैं। इस प्रकार भोले जीव को दशा पंथ में फंसा देते हैं। उन लोगों की वासना दीपक की ज्योति में ही रहती है। दीपक की ज्योति को ही वे सर्वस्व समझ मर जाते हैं और अगले जन्म में पतंगा बनकर दीपक पर जलकर मर जाते हैं। इसकी भूल हमारे भारत के कई प्रान्तों में है।" मेरे यह शब्द श्री बसन्तगिरी ने ध्यानपूर्वक सुने और एकदम खड़ा होकर बोला कि, "सभी सज्जन सुनो, सच्चे ज्ञानियों का रास्ता श्री स्वामी माधवानन्दजी ने बताया, तथा ये दशा पंथ, विसा पंथ व कूड़ा पंथ सब झूठे हैं। सब लोग आपस में कहने लगे. "माधवानन्दजी ने तो श्री महाप्रभुजी का जादू डाल दिया है, इसलिए पता नहीं इनके देवी-देवता सब कहाँ चले गये और खुद भी इनके वश में हो गया।" किसी ने कहा कि, "श्री बसन्तगिरी का अन्त:करण निष्काम तपस्या से शुद्घ था। इसलिए इसने सत्य को मान लिया।" ऐसा कहते हुए सब लोगों ने श्री महाप्रभुजी की जय बोलते हुए कहा, "आपका नवरात्रि का नियम भंग हो गया।" तब श्री बसन्तगिरी ने कहा, "भंग नहीं हुआ मेरी सर्व साधना का फल आज मिला। श्री महाप्रभुजी का नाम रूपी महाधन मिला है।"