मेरे पाँव में नारू (बाला) निकला। मैंने अज्ञानता से उसके तार को जोर से खींचा, फलस्वरूप वह बीच में ही टूट गया। मेरे पाँव में दर्द बहुत बढ़ गया। दर्द से तडफ़ता हुआ मैं रोने लगा। मेरा आसन श्री महाप्रभुजी के कमरे के सामने वाले बरामदे में था।
उस समय गाँव लाडनूं से पण्डित सौभाग्यमल आये हुए थे। उन्होंने आकर श्री महाप्रभुजी के चरणों में दण्डवत प्रणाम किया। इसके पश्चात् सत्संग चलता रहा। कुछ समय बाद पण्डितजी ने श्री महाप्रभुजी से छोटी खाटू जाने हेतु इजाजत चाही। आश्रम से छोटी खाटू चार किलोमीटर दूर है। उस समय दिन के दो बजे थे तथा पण्डितजी ने संध्या छ: बजे वापिस आश्रम में उपस्थित होने को कहा।
तब श्री महाप्रभुजी ने उनसे कहा, "पण्डितजी अभी मत जाओ। समय खराब है, सर्दियों के दिन हैं। वापिस लौटते वक्त शायद वर्षा आ जाये, वर्षा के कारण कहीं आप रास्ता भूल गये तो आपको कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।" उस समय पण्डितजी ने कहा, "हे महाप्रभुजी! मैं रास्ता जानता हूं, इसलिए नहीं भूल सकता और वर्षा होने की कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। आसमान में कहीं पर बादल भी दिखायी नहीं दे रहा, फिर वर्षा कैसे हो सकती है?" इतना कहकर पण्डितजी छोटी खाटू चले गये।
शाम को छ: बजे ज्योंही पण्डितजी ने छोटी खाटू से आश्रम लौटने के लिए प्रस्थान किया त्योंही गगन में मेघ मँडराने लगे। पण्डितजी अभी एक किलोमीटर ही चल पाये होंगे कि वर्षा आरम्भ हो गयी। चारों तरफ अंधकार फैल गया। पण्डितजी रास्ता भूल गये। रात के ग्यारह बजे तक पण्डितजी खेतों में घूमते रहे लेकिन आश्रम नहीं पहुँच पाये। आखिर में परेशान होकर वे एक पेड़ पर चढ़ गये। रात भर वर्षा के थपेड़े खाते रहे और ठण्डी हवा में ठिठुरते रहे। सुबह वर्षा बन्द हो गयी तब पण्डितजी ने देखा कि आश्रम तो समीप ही है। वे पेड़ से नीचे उतरे तथा सीधे आश्रम पहुँचे। पण्डितजी ने श्री महाप्रभुजी को साष्टांग प्रणाम किया और कहने लगे, "हे महाप्रभुजी! मैंने आपकी आज्ञा का पालन न करके बहुत दु:ख उठाया है। भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं करूंगा। किसी भी सन्त-महात्मा की आज्ञा का उल्लंघन कभी नहीं करूंगा।"
श्री महाप्रभुजी ने पण्डितजी को मेरे पास भेज दिया। मेरे पास आकर वे अपना दु:ख आपबीती सुनाने लगे। मैं तो स्वयं ही नारू रोग से दु:खी था। दोनों ही अपने-अपने दु:ख पर रोने लगे। हम दोनों एक-दूसरे के दर्द के हमदर्दी बन गये। इतने में श्री महाप्रभुजी मेरे पास आये और पूछा कि, "माधवानन्द! तू क्यों रो रहा है? अपने कर्मों का दण्ड तो सभी को भोगना पड़ता है। रोने से कभी कर्म दण्ड छूटते नहीं हैं।"
तब मैंने कहा, "हे महाप्रभुजी! आप ही दया कर सकते हैं। आपकी यह वृहद कृपा किसी से छुपी हुई नहीं है। आपके सम्बन्ध में मुझे ये दोहा याद आ रहा है--"
अनहोनी गुरु कर सकै, होनी देत मिटाय।
पारब्रह्म गुरुदेव हैं, सब कुछ देत बनाय॥
यह पुकार सुनते ही श्री महाप्रभुजी ने हँसकर मुझसे कहा कि, "मैं तुम्हारा नौकर थोड़े ही हूँ जो तुम्हारा हुक्म मानता रहूँ या कोई मैं तुम्हारा डॉक्टर या वैद्य तो नहीं जो तुम्हारे नारू का इलाज करता रहूँ।"
तब मैंने नम्र स्वर में निवेदन किया, "हे प्रभुजी! आप ही तो विश्व के स्वामी व सेवक हैं, मुझे बचा लीजिये।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "यह हल्दी का टुकड़ा खा लो, रोग ठीक हो जायेगा।"
तब मैंने श्री गुरुदेव की आज्ञानुसार हल्दी का टुकड़ा खा लिया। इसके पश्चात् वह बीमारी हमेशा के लिए नष्ट हो गयी फिर पण्डितजी को शान्ति कराकर घर भेजा।
जब प्रभु मिलन की चाह के कारण मैं अपने घर से चुपचाप निकल गया तब मेरे माता-पिता व स्वजनों ने बहुत खोजबीन की। कहीं पर भी मेरा पता न लगने के कारण वे बहुत दु:खी हुए।
इस प्रकार बारह वर्ष तक वे मेरी खोजबीन करते रहे। इसके पश्चात् एक दिन उन्हें पता चला कि मैं खाटू में हूँ। यह खबर सुनते ही मेरे पिताजी मुझे लेने के लिए खाटू आये। जब उन्होंने मुझे ईश्वर भक्ति में लीन देखा तो उनकी आँखें नम हो गयीं। उन्होंने मुझसे संन्यास लेने का कारण जानना चाहा। तब मैंने उनसे कहा, "मनुष्य होने के नाते मुझे 'योग' अपनाना ही उचित लगा।" इसके पश्चात् मैंने उनको कुछ धार्मिक ज्ञान की बातें समझायीं। श्री महाप्रभुजी ने भी उनको विभिन्न प्रकार के उदाहरणों से समझाकर शान्त किया।
इसके पश्चात् मेरे पिताजी ने श्री महाप्रभुजी से कहा, "आप एक बार माधवानन्द को मेरे साथ गाँव भेज दीजिये। इसकी माँ इसके लिए रो रही है।" तब श्री महाप्रभुजी ने उनसे कहा, "आप निश्चिन्त होकर गाँव जाइये, मैं कुछ ही दिनों बाद इसको गाँव भेज दूंगा। मैंने भी उनसे यही कहा था कि, "आप पधारिये, कुछ ही दिनों बाद मैं कुटुम्ब से भिक्षा लेने के लिए अवश्य आऊंगा।" इसके पश्चात् पिताजी तीन दिन तक खाटू ठहरे, बाद में गाँव चले गये। गाँव जाकर उन्होंने खुशी से सबको प्रसाद बाँटा।
इसके कुछ दिनों बाद मैं कुछ सत्संगियों के साथ श्री महाप्रभुजी से आज्ञा लेकर नीपल पहुँचा। उस समय गाँव के सारे लोग इकट्ठे हो गये। मैं सबसे प्रेमपूर्वक मिला। मेरी माताजी आयीं व मैंने दर्शन करके प्रणाम किया। मेरे पिताजी मुझे देखकर बहुत प्रसन्न हुए तथा मेरी भी आँखों में पे्रमाश्रु आ गये। मैंने सोचा कि माता के समान प्रेम विश्व में किसी का प्रेम नहीं। शाम को गाँववासियों ने बड़ी धूमधाम से उत्सव मनाया तथा विधिवत् मैंने कुटुम्ब भिक्षा ग्रहण की।
मैं पाँच दिन तक वहाँ सत्संग करता रहा। सत्संग में पूरे गाँव के लोग आते और आस-पास के गाँवों से भी लोग झुण्ड के झुण्ड आते। मैं वहाँ से रवाना हुआ, उस समय बहुत से लोग पहुँचाने के लिए आये। मेरी माताजी ने मुझसे कहा, "आप वर्ष में एक बार दर्शन देना यही माँगती हूँ।" तब मैंने माताजी से कहा, "जरूर ही आपकी आज्ञा का पालन करूँगा तथा वर्ष में एक बार आपके दर्शन करूँगा।"
ऐसा कहकर मैं माताजी व मातृभूमि को प्रणाम कर रवाना हो गया। उसके बाद साल में एक बार जरूर नीपल जाता था। कुछ वर्षों बाद मेरी माताजी का स्वर्गवास हुआ उसके बाद मैं घाणेराव ठिकाने ठाकुर श्री लक्ष्मणसिंहजी के जन्मोत्सव पर घाणेराव गया। वहीं पर उदयपुर से राठौड़ श्री हिम्मतसिंहजी (सुपरिन्टेन्डेन्ट) तथा और भी बहुत से भक्त सज्जन आये। हम और श्री हिम्मतसिंहजी तथा बहुत से भक्त सज्जन नीपल पहुँचे। हम सभी बड़ी धूमधाम सहित माताजी की समाधि पर गये। सबने पूजा-प्रार्थना की तथा हवन किया और फूल-मालायें चढ़ाईं। श्री हिम्मतसिंहजी ने बड़े प्रेम से प्रसाद बाँटा। इसके बाद हम सब श्री महाप्रभुजी के पास बोलागूड़ा "शिवबाग" पहुँचे।
फिर कुछ वर्षों पश्चात् मेरे पिताजी का स्वर्गवास हो गया। मैंने उनकी आत्मा की शान्ति के लिए उस समय अहमदाबाद में भव्य सत्संग का आयोजन किया था।