
(दिनांक ५-९-१९५५)
मैंने धर्म प्रचारार्थ जाने के लिए श्री महाप्रभुजी से इजाजत चाही। उन्होंने मुझे राजस्थान में भ्रमण की स्वीकृति देते हुए कहा, "अंधा होकर चलने से मनुष्य अंधा हो जाता है।" श्री महाप्रभुजी के आदेश को शिरोधार्य करते हुए, उनकी चरण रज को सिर पर धारण करके मैं यात्रा पर निकल पड़ा। मैं जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, सुमेरपुर तथा शिवगंज होता हुआ आबू रोड़ पहुँचा। मैंने वहाँ से पालनपुर तक जाकर आने का निर्णय लिया। वहाँ पर श्री महाप्रभुजी की आज्ञा (सिर्फ राजस्थान में ही भ्रमण) को भूल गया। पालनपुर रेलगाड़ी से उतरते ही मेरी आँखों में दर्द शुरू हो गया। पालनपुर गुजरात राज्य में है।
वहाँ पर मैंने डॉक्टरों से अपनी आँखों का इलाज करवाया पर दर्द तो बढ़ता ही गया।
श्री आयंगर (रेलवे डॉक्टर) गाँधी धाम मेरे प्रेमी थे। उनसे ही अपनी आँखों का इलाज कराने का निश्चय किया। मैं शाम की रेलगाड़ी द्वारा दूसरे दिन सबेरे ही गाँधीधाम पहुँच गया। वहाँ पर सभी भक्तगणों ने मेरा भव्य स्वागत किया। मैंने डॉ. आयंगर को आँखें दिखाकर उपचार हेतु कहा। डॉ. आयंगर व डॉ. जगदीश ने बड़ी लगन के साथ मेरी आँखों का उपचार प्रारम्भ किया। वहाँ पर लगभग एक महीने तक उनका उपचार चलता रहा ,मगर आँखों का दर्द बढ़ता ही रहा। मेरी दृष्टि भी कम हो गयी थी तथा आँखों में छोटे-छोटे दाने पड़ गये।
इस परिस्थिति में मैंने राजस्थान में, डॉ. अर्जुनसिंहजी (आँख विशेषज्ञ) शिवगंज वाले से आँखों का इलाज कराने का विचार किया। डॉ. अर्जुनसिंहजी प्रसिद्घ नेत्र विशेषज्ञ तथा मेरे घनिष्ट प्रेमी भक्तों में से एक हैं। ऐसा सोचकर मैं शिवगंज पहुँचा। डॉ. अर्जुनसिंहजी ने मेरी आँखों की जाँच की। मेरी आँखें बिल्कुल बिगड़ गयी थीं। फिर भी डॉ. अर्जुनसिंहजी ने मेरी आँखों का उपचार अपने दूसरे दवाखाने (मारवाड़ जंक्शन) में रखा। डॉक्टरों ने मेरी आँखों का इलाज शुरू किया लेकिन फायदा नजर नहीं आया। मेरी आँखों में सिल्वर नाइट्रेट डाला जाता तब मैं दर्द से तड़प उठता था।
इसके पश्चात् मैं अजमेर गया। वहाँ पर डॉ. मनोहरसिंहजी ने मेयो कॉलेज में इलाज किया। वहाँ पर डॉ. मनोहरसिंहजी व उनके पिताजी डॉ. साहब ने लगभग एक माह तक उपचार किया मगर सफलता नहीं मिली। अन्त में निराश होकर वे कहने लगे, "यह रोग मिटने वाला नहीं है, अब आपकी इच्छा हो वहाँ जाइये, यह बीमारी आपके पास बैठने वाले को भी लग सकती है। आप गाँव में किसी के पास न रहें।" मेरी तो आँखों में असहाय दर्द होता ही जा रहा था। मुझे पल भर भी चैन नहीं था। समस्त इलाजों से थककर मैं रात को श्री महाप्रभुजी से विनयपूर्वक प्रार्थना करने लगा, "हे नाथ! इस कष्ट पूर्ण जीवन से तो मौत दे दो तो अच्छी है।" इस प्रकार करुण स्वर में पुकार मैंने बार-बार की। मुझे थोड़ी नींद आयी ही थी कि मेरी आँखों के समक्ष श्री महाप्रभुजी की सूरत नजर आयी और वे मुझसे कहने लगे, "मैंने तुम्हें सिर्फ राजस्थान में ही भ्रमण करने के लिए इजाजत दी थी, मगर तुम अन्धे होकर चले गये। इसी का परिणाम तुम्हें भुगतना पड़ रहा है। अब तुम कल शाम को खट्टी छाछ में गेहूं की सूखी रोटी भिगोकर अपनी आँखों पर पट्टी बांधना। इसके पश्चात् तुम्हारी आँखें ठीक हो जायेंगी। आँखें ठीक होते ही मेरे पास आ जाना।"
श्री गुरुदेव के बताये अनुसार दूसरे शाम को गेहूं की सूखी रोटी को छाछ में भिगोकर आँखों पर पट्टी बाँधी। दो दिनों के भीतर ही मेरी आँखें बिल्कुल ठीक हो गयीं। मेरी स्वस्थ आँखों को देखकर डॉक्टर साहब व अन्य भक्त, श्री महाप्रभुजी की अपार शक्ति को प्रत्यक्ष देखकर बहुत प्रसन्न हुए। मैं तथा डॉ. मनोहरसिंहजी व उन के पिताजी कार द्वारा बोलागूड़ा आये। आश्रम के बाहर ही श्री महाप्रभुजी हमें देखकर हंस रहे थे। उन्होंने कहा, "क्यों माधव फिर कभी अन्धे होकर चलोगे।" मैंने गुरुदेव के चरणों में वन्दना करके क्षमा याचना मांगी। डॉक्टर व उनके पिताजी ने भी गुरुदेव का हार्दिक अभिवादन किया। संध्या के भोजन मे श्री महाप्रभुजी ने हलवा बनवाया। हलवा जल जाने के कारण काला हो गया था। तब डॉक्टर साहब व उनके पिताजी ने सोचा यह जला हुआ हलुआ कौन खायेगा? फिर श्री महाप्रभुजी की आज्ञा से हलवा खाना प्रारम्भ किया। हमें वह हलवा बहुत स्वादिष्ट लगा। ऐसा हलवा हमने पहले कभी नहीं खाया था। श्री महाप्रभुजी ने उसे अमृत ही बना दिया था। वे डॉक्टर व उनके पिताजी जब भी मिलते तब उस हलवे को याद किये बिना नहीं रहते।
एक समय बड़ौदा की महारानी श्रीमती शान्ता देवी के आमंत्रण से मैं राजमहल में गया। राजमहल में प्रवेश होते ही एक कुत्ता भौंकता हुआ मेरे सामने आया, मैं रुक गया। तथा मैंने हँसकर कहा, "अरे, तू पूर्व जन्म में मनुष्य था, संतों की निन्दा करता था, संतों के सामने झूठी बातें बकता था, फालतू भौंकता था। अत: उसी पाप से कुत्ता बना। और अभी भी तेरी वही आदत है, जो साधु को देखकर भौंकता है, तो आगे तेरी दशा और भी खराब हो जायेगी। इस पाप के कारण न मालूम तू कितने जन्म भयंकर दु:ख पायेगा, अब तो ये आदत छोड़ दे।",
ये शब्द सुनकर कुत्ते ने भौंकना बन्द कर दिया और काफी समय तक मेरी तरफ देखता रहा और फिर अपने स्थान को चला गया। तब मैंने सोचा कि पशु भी समझता है, लेकिन कुत्ते से भी गये बीते मनुष्य नहीं समझते हैं। उसके बाद श्री महाप्रभुजी के पास मैं खाटू आ गया।
श्री देवडूँगरी आश्रम में दो बजे श्री महाप्रभुजी अपने भक्तों के बीच विराजमान थे। उस समय कुछ शंका समाधान चल रहा था। इतने में अचानक मुक्तिदाता श्री महाप्रभुजी मुस्कराते हुए अपने आप कहने लगे, "अब तो इस जीव के सभी दुष्कर्म निवृत्त हो गये हैं। इसे अब तो मुक्ति मिलनी ही चाहिये।" तब पास में बैठे हुए भक्तजनों ने यह जानना चाहा कि, "हे महाप्रभुजी! किसकी मुक्ति होनी चाहिये, हमारी समझ में नहीं आया।"
तब श्री महाप्रभुजी ने उनको मुस्कराते हुए कहा, "देखो यह दूर खाटू पहाड़ पर एक पुराना सर्प रहता है। वह अब बूढ़ा हो गया है। वह अब यहाँ आयेगा। मुझे उस सर्प को मुक्ति प्रदान करना है।" यह सुनकर वहाँ पर बैठे सभी भक्तजनों ने कहा, "हे महाप्रभुजी! हम लय से उसे मुक्ति दे देते हैं, आपकी आज्ञा होनी चाहिए,"
तब श्री महाप्रभुजी ने अपने भक्तों से कहा कि, "देखो, यह सर्प बहुत बड़ा, बूढ़ा है। तुम लोग इसे मार नहीं सकते। वह भयंकर बलिष्ठ एवं विषधर है। तुम सभी उसका बाल भी बाँका नहीं कर सकते।
तब लोगों ने कहा, "हे महाप्रभुजी ! हम लोग बीस व्यक्ति हैं,
कै सा भी बलिष्ठ भयंकर सर्प क्यों न हो? हम से वह बच नहीं सकता। हम सभी मिलकर उसे खत्म कर सकते हैं।"
अभी वे लोग आपस में बातें कर ही रहे थे कि अचानक दूर से उन्हें एक भैंस के बछड़े की सी आवाज सुनायी देने लगी। तभी श्री महाप्रभुजी ने उन भक्तों को बताया, "यह आवाज जो सुनायी दे रही है यह उस सर्प की ही है। अपनी इस आवाज में वह धुन लगाये इस आश्रम की ओर आ रहा है। आप सभी सावधान हो जाइये। अभी कुछ ही समय पश्चात् वह सर्प यहाँ पहुँचने वाला है। सभी अपने शस्त्र व लाठियां लेकर आश्रम के फाटक पर चले जाओ।"
तभी सर्प वहाँ पहुँच गया। यह सर्प नौ फुट लम्बा व तीन इंच चौड़ा था एवं काला रंग का भयंकर जहरीला था। सभी भक्तजन अपने शस्त्रों व लाठियों द्वारा उस पर टूट पड़े लेकिन इन चोटों का उस पर कुछ भी असर नहीं पड़ा वह सर्प तो अपनी धुन में मस्त चलता हुआ सीधा ही श्री महाप्रभुजी की ओर ही आ रहा था। लोग इसे मारते-पीटते हैरान हो गये किन्तु उस सर्प ने तो किसी की भी तरफ देखा तक नहीं, वह तो अपनी मस्ती में चल रहा था। इस अद्भुत लीला को देखकर उन सभी भक्तजनों ने एक स्वर में, "वाह महाप्रभुजी ! भला आप जिस जीव की रक्षा करते हैं उसे वास्तव में कौन मार सकता है?"
वह सर्प श्री महाप्रभुजी के पास पहुँचकर पाँच फुट दूर बैठ गया। वह सर्प श्री महाप्रभुजी के मनमोहन मुख कमल की ओर एकाग्र दृष्टि से देखने लगा। ऐसा लग रहा था जैसे कोई पुराना योगी अपने परमात्मा की मुख छवि को निहार रहा हो। सभी भक्त इस अलौकिक लीला को देख रहे थे। इतने में मधुर मुस्कराहट से महाप्रभुजी उस सर्प को सम्बोधित करते हुए बोले, "हे नागराज! आप किसी प्रकार की चिन्ता मत कीजिये। अब तुम्हारे पूर्व जन्म के दुष्कर्म निवृत हो गये हैं। अब शीघ्र ही तुम्हें इस योनि से मुक्ति मिल जायेगी।" ऐसा कहकर श्री महाप्रभुजी ने थोड़ा सा पानी हाथ में लेकर "ॐॐ" का उच्चारण करके उस पानी को सर्प पर डाल दिया। उस पानी के डालते ही सर्प ने "ॐ" की ध्वनि की तथा सर्प ने उस शरीर को त्याग दिया। इस लीला को देखकर भक्तजन आश्चर्य करने लगे। श्री महाप्रभुजी के 'ॐ' के महत्व का लीलामय रहस्य अब उनकी समझ में आने लगा। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी की आज्ञा के अनुसार सभी भक्तों ने उस सर्प को विधिपूर्वक समाधि दे दी।
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'
इसके पश्चात् सभी भक्तों ने इस घटनाक्रम के वृतांत को जानने की जिज्ञासा प्रकट की। श्री महाप्रभुजी ने उनको समझाते हुए कहा कि, "किसी समय वह सर्प भी मनुष्य था। इसने भी गुरु भक्ति धारण की थी किन्तु एक बार क्रोधवश इसने अपने गुरु को अपमानजनक कटु शब्द कहे थे। इस पर भी गुरुदेव जैसे दयालु इस विश्व में कोई नहीं हैं। उस समय इसके गुरुदेव ने परमात्मा से प्रार्थना की थी, "हे प्रभु! यदि आप मुझ पर कृपालु हैं तो मेरे इस शिष्य का उद्घार करना तथा इसको सदबुद्घि देना।"
इसको अपनी "करनी-भरनी" का ज्ञान रहे। तब गुरुकृपा से शिष्य ने मानव देह का त्याग किया और सर्प योनि में जन्म लिया।
गुरु कृपा से सर्प योनि में भी इसको ज्ञान रहा। अपनी "करनी-भरनी" के फलों को एक हजार वर्ष तक भोगता रहा। अब ही वह उद्घार पा सका है। आज ही उसके जीवन का उद्घार हुआ है।
इस लीलामय रहस्य को जानकर सभी भक्त आश्चर्य में पड़ गये।