Lila Amrit

लेखक · सभी अध्याय

तंत्राचार्य स्वामी भास्करानन्द का गर्व हरण

दक्षिण भारत में एक दण्डी स्वामी भास्करानन्द रहता था। वह तंत्र विद्या में निपुण था। संस्कृत भाषा व व्याकरण का प्राचार्य था। अंग्रेजी का महान्‌ विद्वान था। हिन्दी भाषा का भी महान्‌ ज्ञाता था। उसको अपनी इन सभी विद्याओं पर बहुत गर्व था। उसने अपनी तंत्र विद्या से विख्यात सेठों व सरकारी अधिकारियों व राजाओं तक को अपने वश में कर रखा था। वह बड़ा घमण्डी व्यक्ति था। वह स्वयं को भारत का सर्वोच्च संन्यासी, त्यागी व योगीराज मानता था।

अत: वह जहाँ कहीं भी जाता था, लोगों से अपने गुणों की प्रशंसा कराता। वह कई साधु-संन्यासियों को ज्ञान-चर्चा में हरा चुका था। वह उन्हें तान्त्रिक विद्या से परेशान कर, हर तरह से उनको नीचा दिखाकर अपमान करता था। वह अपने आपको विश्व-विजयी मानता था। जब उसने किसी राजस्थानी भक्त द्वारा श्री महाप्रभुजी का नाम सुना, तो मन ही मन बहुत ईर्ष्या करने लगा। उसने सोचा कि आज तक भारत में ही क्या विदेशों तक में मुझे कोई नहीं हरा सका, इसलिए अब जब तक इस महाप्रभु को नीचा नहीं दिखाऊँ तथा अखबारों में भी पूरी तरह से बदनामी न करूँ तब तक मुझे चैन नहीं मिलेगा।

इसके लिए मुझे तत्काल ही राजस्थान की यात्रा करनी होगी। ऐसा विचार कर अपने दो-चार साथियों, सहित अपनी एम्पाला कार लेकर कुछ ही समय बाद गाँव खाटू में श्री महाप्रभुजी के पास आश्रम में पहुँचा। वह सोने की खड़ाऊँ पहने हुए तथा अति कीमती पोशाक तथा दो हजार रुपये की इरण्डी ओढ़े हुए, रुद्राक्ष व मोतियों की सुन्दर माला गले में धारण किए हुए, केशर का तिलक लगाये हुए था।

वह अपने आप को विश्व गुरु मानता था। ऐसे सजधज कर वह श्री महाप्रभुजी के समक्ष खड़ा हो गया। उसने प्रणाम भी नहीं किया, तथा सोचने लगा कि, "इस महाप्रभु को मैं अभी बता दूँगा कि कोई सिद्घ-संन्यासी भी मिला था।" इतने में श्री महाप्रभुजी ने अपनी अमृत वाणी से, सरल शब्दों में उसका इस तरह स्वागत किया।

श्री महाप्रभुजी के शब्दों में अद्भुत दिव्य-शक्ति थी। उनका तप व प्रकाश उसको ऐसा महान्‌ लगा कि वह पूज्य श्री महाप्रभुजी के चरणों में बैठ गया और हाथ जोड़कर कहने लगा, "सभी अवगुण मेरे में विद्यमान हैं। ये आदतें तो मेरी बहुत ही पुरानी हैं। लाख कोशिश करने के पश्चात् भी ये आदतें नहीं छूटीं। आप तो सब कुछ जानने वाले अन्तर्यामी हैं।"

"मैंने तो कुछ और ही सोचा था और पाया कुछ और ही। आज का दिन मेरे लिए प्रभु की असीम कृपा का दिन है। इसलिए मुझे साक्षात् प्रभु के दर्शन हुए हैं। आज तक मैं जहाँ-जहाँ भी गया, मेरा अहम बढ़ता गया परन्तु आज यहाँ आते ही मेरा सब अहम पानी हो गया। मैं आज सांसारिक वासनाओं, काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद व अहंकार आदि से निवृत्त हुआ। मेरी अन्तर्रात्मा में बहुत ही आनन्द व शान्ति प्राप्त हुई। आपके दीदार व वचनामृत से मानो अमृत भर गया हो, प्रकाश भरा हो ऐसा आभास हो रहा है। हे कृपानाथ! आपने ही मुझ पर कृपा करके अपनी ओर खींच लिया और पावन कर दिया।"

"सदैव के लिए मेरी आत्मा पवित्र बनी रहे, ऐसा मुझे आशीर्वाद दीजिये। मैंने कई साधु-सन्तों को परेशान किया, उन्हें शास्त्रार्थ में कुतर्क करके हराया। आप तो सब कुछ जानने वाले हैं प्रभु ! मैंने तो सोचा था कि, 'इस जीवन में प्रभु का पता लगाना भी दुर्लभ है। फिर यह महाप्रभुजी कौन हैं? मैं उन्हें देखूंगा।' परन्तु अब आपसे क्या कहूँ, मुझे तो शर्म आती है। मैंने अपनी तंत्र विद्या के द्वारा कई विद्वानों को अपने वश में कर लिया और उनके कई असम्भव कार्यों को भी सम्भव बना दिया। मगर मेरी आत्मा में जो मल, विक्षेप आदि आवरण का जो भारी कचरा था, वह बजाय घटने के बढ़ता ही गया। आज मैं स्वयं को हल्का महसूस कर रहा हूँ। हे कृपानाथ! अब जो भी मेरे हित में हो वही कीजिये।" श्री भास्करानन्द के साथ आने वाले भी श्री महाप्रभुजी अमृत वाणी व अमृत दृष्टि से धन्य हुए और उन्होंने वह दिन अपने सौभाग्य का दिन माना। परम कृपासागर ने उस दण्डी से पूछा कि, "अगर यहाँ पर आपकी बुद्घि निर्मल हुई है तो फिर आप प्रभु व महाप्रभु का भेद बताइये।"

तब श्री दण्डीजी ने कहा, "इतने दिन तो मैं समझ नहीं पाया था, लेकिन आज आपके दिव्य प्रकाश में जैसा आभास हो रहा है ऐसा पहले कभी अनुभव नहीं हुआ।"

"मैं अपनी तुच्छ बुद्घि के अनुसार अर्ज कर रहा हूँ जिस प्रकार एक अध्यापक विद्यार्थी से पूछता है, तब विद्यार्थी नि:संकोच होकर जैसा जानता है वैसा ही कहता है। हे महाप्रभुजी! ईश्वर, परमात्मा, प्रभु, अल्लाह, गौड जो कुछ भी कहें, वह मात्र उस एक सत्ता का ही नाम है। वही परमात्मा, विश्व की स्थिति, उत्पत्तिक्रम को बनाता है। सर्व जीवों को कर्म के अनुसार ही फल भोगवाता है। उसकी माया जीवों को कर्म बन्धन में बाँधती है। वह प्रभु मोह-माया बन्धन में रखता है, मोह-माया व ताप-पाप से छुड़ाता नहीं है क्योंकि वह तो निराकार है। किसी को भी कुछ नहीं कहता है, जो जैसा कर्म करेगा वैसा ही भरेगा।"

"श्री महाप्रभुजी उससे अधिक इसलिए हैं कि वे अपने अनुभव के सत्य ज्ञान द्वारा आत्मा परमात्मा का ज्ञान समझाते हैं। वह पूर्ण अधिकारी को साक्षात्कार भी कराते हैं। कई कल्प से जीव, ईश्वर अंश होते हुए भी अलग हैं। उसको श्री सतगुरु महाप्रभुजी ही मिलाते हैं और अपने ज्ञान के खड्ग से जीवों को मोह-माया के बंधन से मुक्त कराकर सत्यस्वरूप अथवा मोक्ष की प्राप्ति कराते हैं। इसलिए स्नेहीन प्रभु के बनाये हुए जीव, रसातल, पाताल, नरकों में, चौरासी में भयंकर दु:ख पा रहे हैं, मगर सत्गुरु का भकत इस अधोगति में नहीं है।"

दण्डीजी के यह घमण्ड, अभिमान रहित वचन सुनकर श्री महाप्रभुजी अति प्रसन्न हुए और कहा कि, "हे दण्डीजी! आपके सब दण्ड छूट गये हैं। दण्डी का अर्थ है जैसे पशु हांकने वाला अपने डण्डे से पशुओं को गलत रास्ते नहीं जाने देता है, उनका पालन-पोषण कर उनकी सहायता करता है। उसी प्रकार दण्डी संन्यासी भी अपने ज्ञान के डण्डे से भूले हुए पशु समान जीवों को सत्य मार्ग पर लाता है और सत्य द्वारा भक्तों का पालन-पोषण कर हित करता है।" तब दण्डीजी ने कहा, "हे प्रभु! अगर आपकी कृपा होगी तो जगत को ज्ञान के डण्डे से रास्ते पर ला सकता हूँ, नहीं तो मुझ दण्डी का दण्ड तो मिट ही गया आज।"

श्री महाप्रभुजी ने अमृत वाणी से कहा, "साधु तो दुनिया का भार हरण करने के लिए ही है, लेकिन जब खुद ही भार हो जाय तो यह समस्त विश्व के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है। किसी भी साधु को जुआ, माँस, शराब, वैश्या, चोरी, परधन, परनारी या किसी भी प्रकार के दुर्व्यसन में नहीं फंसना चाहिये। ये सब नशा ही नाश का कारण है।" साधु का धर्म है कि वह दूसरों को भी गलत रास्ते से बचाये। सच्चे सन्त तो शिव रूप हैं। उनका स्वभाव ऐसा होता है इसी सन्दर्भ में एक भजन सुना रहा हूँ।

भजन
शिव रूप सन्त महाराज हैं, घर-घर में नहीं गाँवे बजावे।
घर-घर फिर्या कला घट जावे,नर नीच मंगता कहलावे॥ टेर॥
ख्याल तमाशा कबहुं नहीं करता, नहीं देखण को जावे।
तान-मान कर जगत रिझावे, वह बेशरमा कहलावे॥ १॥
नहीं जावे बाजार जीमण ने, जोगी नहीं कोई भिक्षा लावे।
रहे एकान्त सन्त की महरम, ईश्वर भेजे सो पावे॥ २॥
जन्तर-मन्तर और टोटका, नहीं सीखे न सिखलावे।
जादू-टोना कबहु नहीं करता, नहीं सिद्घ कहलावे॥ ३॥
तेल फुलेल करे सो मानुष, महा नीच कहलावे।
चाहे गृहस्थी साधु होवे, वह नहीं शोभा पावे॥ ४॥
भक्त भाव शरणागत आवे, भिन्न-भिन्न समझावे।
स्वामी दीप कविता कर गाँवे, वो नर नारायण कहलावे॥ ५॥

अत: हे दण्डीजी! मनुष्य का जन्म बड़ा अमूल्य है। ऐसे शरीर के लिए देवता भी तरसते हैं। देव स्वयं कहते हैं- हम दैविक कर्म करके देव तो बन गये लेकिन चौरासी लाख योनियों में यह भी एक योनि है। लम्बे समय तक दिव्य सुख भोगकर फिर चौरासी में जाना पड़ेगा और बार-बार भयंकर दु:खों को भोगना पड़ेगा।

देव कहते हैं कि अगर परमात्मा हमें मनुष्य शरीर दे तो हम ऐसे सतगुरु की शरण में जावें जो आत्म-ज्ञान पाकर, आत्म-पद मोक्ष प्राप्त करें जिससे फिर चौरासी न जाना पड़े तथा न योनियों में माया की ज्वाला में जलना पड़े और न ही त्रिताप में जलना पड़े। मनुष्य शरीर में ही विशेष ज्ञान-शक्ति होने से वह अपना हित व अहित सोच सकता है और आत्मा को पहुँचान सकता है। हे दण्डी! जब देवता भी मनुष्य शरीर के लिए तरसते हैं तो क्यों देवों की उपासना करके तांत्रिक विद्या के जाल में फँसकर जीवन बरबाद कर रहे हो।

केवल दिखावे के कारण यानि कि मैं इस दुनिया में महान्‌ बनूं और सब मुझे सिर झुकायें, दुनिया वाले ये जानें कि मेरे जैसा समर्थ और कोई नहीं, मेरे चरणों में लाखों-करोड़ों की सम्पत्ति पड़ी रहे तथा रिद्घि-सिद्घि अधीन रहे। यह सब तो मिथ्या कल्पना है क्योंकि संसार एक सपना है। सपने की कोई भी वस्तु सत्य सिद्घ नहीं होती है और न ही साथ चलती है। जिस जीव का कई बार जन्म हुआ और संसार रूपी सपना देखा व भविष्य में भी गत सपना देखते रहेंगे। गीता में भगवान्‌ श्री कृष्ण ने कहा है- "हे अर्जुन! तुम्हारे व मेरे अनेक जन्म हो चुके हैं। इसे तुम नहीं जानते, मैं जानता हूँ।" इसी प्रकार हे दण्डीजी! आपके जन्म व कर्म मैं जानता हूँ। लोग इस मलीन तान्त्रिक विद्या में फँस तो जाते हैं पर अन्त में उनकी दुर्गति ही होती है। वे जिनके काम सुधारते हैं, दु:ख मिटाते हैं वे उनके स्वयं से महान्‌, ऐसे तो न तुम हो, न ब्रह्म हो। लेकिन अज्ञानवश तुच्छ जीव बन गये। उससे अधिक क्या महान्‌ बनोगे, कर्मजाल में फँस गये हो। अन्त समय का दु:ख किसी से नहीं मिटता है।

यह प्रवचन सुनकर सत्संग में विराजमान हजारों भक्तगण आनन्दित हो गये और कहा, "ऐसे सच्चे सदगुरु श्री महाप्रभुजी के बिना इस भयंकर अन्धकार व अहंकार को कौन मिटा सकता है?" फिर भी श्री महाप्रभुजी से एक भजन सुनाने का आग्रह किया। तब श्री महाप्रभुजी ने उन्हें सरल शब्दों में यह भजन सुनाया-

भजन
हो भजन बिना सब झूठो रे।
वेद, पुरान, कुरान पढ़ो, तुम डण्डा ही कूटो रे॥ टेर॥
कपट मांयने झपट करो, तुम माल घणो लूटो रे।
करो अन्याय न्याय नहीं जाणो, जुल्म नहीं छूटो रे॥ १॥
पढ़ कानून पवित्र भयो, पापी बन गयो उल्टो रे।
दुनिया कहे विद्वान गणों, क्यूं गरीबों ने लूटो रे॥ २॥
करो अपराध अन्धों ज्यूं चालो, हियो क्यूं कूटो रे।
मोटा भया माल घणां खाया, ज्यूं टोले का ऊँटो रे॥ ३॥
निवन करो नहीं गुरु संतों ने, धर्म तुमसे रूठो रे।
खावो मद-माँस दया नहीं पालो, फंस गयो कर्मों को कूटो रे॥ ४॥
अन्तर तेल फूलेल छबीला, कर डावल में ठूंठो रे।
धन्य-धन्य मात-पिता गुरुजन को, मेले मिल लावो लूटो रे॥ ५॥
सत्गुरु सायब श्री देवपुरीजी, अनुभव झड वूठो रे।
श्री स्वामी दीप लवलीन पारब्रह्म, सिर पर सतगुरु इष्टो रे॥ ६॥

यह भजन सुनकर सभी भक्तगण बहुत प्रसन्न हुए। श्री महाप्रभुजी के समस्त भजन सारगर्भित व ज्ञान के महासागर होते हैं।