श्री महाप्रभुजी ने कहा "हे दण्डी! तन, मन, धन व धर्म की हानि करने वाला मद, मानव का भयंकर शत्रु होता है। इस मद ने बहुत बड़े-बड़े शक्तिशाली राजा-महाराजाओं एवं योद्घाओं का सर्वस्व नष्ट कर दिया। ये मद आठ प्रकार के होते हैं। जिनमें शराब अति खराब मद है--
१. विद्या मद २. धन मद ३. राज मद ४. यौवन मद
५. जाति मद ६. कुलीनता मद ७. रूप मद ८. शराब मद
इत्यादि।
(१) विद्या मद-- मूर्ख मानव विद्या के मद में माता-पिता, गुरु, धर्म , ईश्वर आदि के महत्व को नहीं मानते हैं तथा सत्य बात समझाने वाले को मूर्ख बताकर स्वयं को ही सर्वगुण सम्पन्न साबित करने में जरा भी नहीं हिचकिचाते हैं। यही विद्या मद है।
(२) धन मद -- ऐसे मनुष्य जिन्होंने छल, कपट, चोरी व अन्याय से धन कमाया है व समाज में धनवान या पूंजीपति कहलाते हैं। धन मद के अन्धे ऐश-आराम, खान-पान व पाप-कर्मों में अपना धन खर्च करते हैं,लेकिन धर्म या मानव-सेवा कार्य में धन खर्च करना अनुचित समझते हैं। गरीब या असहायजनों को पशु से भी हीन तथा घृणास्पद दृष्टि से देखते हैं। धन मद ऐसा नीच है।
(३) राज मद-- थोड़ा बहुत भी राज्य अधिकारी बनने पर न्याय, नीति, धर्म व मानवता को तिलांजलि देकर अन्याय व रिश्वत से मात्र धन-संग्रह करना ही अपना प्रमुख लक्ष्य मानते हैं। राज्य सत्ता में थोड़ा बहुत भी स्थान पा जाने पर भूल जाते हैं। वह दूसरों को अपनी तुलना में लघु समझते हैं।
(४) यौवन मद-- यौवन मद में प्राणी मात्र चींटी से लेकर ब्रह्मा तक सम्पूर्ण विश्व देहधारी ब्रह्मचर्य परम धर्म का नाश करते हैं। नर व नारी सभी इस मद में यौवन को अक्षय समझकर अन्धे रहते हैं। कोई महापुरुष, सन्त, योगी इत्यादि ही इससे बचते हैं।
(५) जाति मद-- कई मनुष्य कहते हैं हम ब्राह्मण हैं, क्षत्रिय हैं, महाजन हैं। कई कहते हैं, "हमने उच्च कुल में जन्म लिया है।" ऐसा कहते हुए वे स्व-जाति अभिमान में अन्धे रहते हैं, उच्च कुल में जन्म लेने वाले बहुत से व्यक्तियों के कर्म बहुत नीच होते हैं। नीच कर्म करते हुए भी ये लोग उच्च वर्ण वाले कहलाते हैं। ऐसे लोगों को जाति मद होता है।
(६) कुलीनता मद-- अपने देश, समाज व जाति का इस तरह का बखान करना कि हमारे समान कोई निष्कलंक नहीं है। हमारा कुल तो सर्वश्रेष्ठ है। यह मद ही कुलीनता मद कहलाता है।
(७) रूप मद-- कई व्यक्ति कहते हैं, "मैं सुन्दर हूँ, मेरे समान सुडौल शरीर वाला कोई मनुष्य नहीं।" इस प्रकार केवल तन की बाहरी सुन्दरता को देखकर गुणहीन मनुष्य रूप मद में अन्धे रहते हैं।
(८) शराब मद-- यह मद सभी मदों से भयंकर है, जो मनुष्य में अवश्यम्भावी है। इसी प्रकार के अन्य दुर्व्यसन (नशे) भी इसी मद में आते हैं।
एक भजन सुनाया--
भजन (पद राग लावणी)
मदिरा पीना बहुत बुरा है, कोई मद मत पीना भूल के ॥ टेर।
रावण मद पीना रे भाई, श्रीराम ने कीनी चढ़ाई।
ज्यांरी छिण में लंका जली है॥ १॥
मद पीना शंखासुर दाने, घर मच्छ रूप निकारे प्राने।
सिर गुरजों की मार पड़ी है॥ २॥
मद पीना हिरणाकुश भूपति, ता की नृसिंह करी फजीती।
तन में विपत अड़ी है॥ ३॥
मद पी यादव नाश हुए हैं, धर्मशास्त्र सब गाय रहे हैं।
सत्य मानी खरी-खरी है॥ ४॥
अष्ट मदों से बचना प्यारे, सुरति, सन्त और वेद पुकारे।
यूं गावत लालापुरी है ॥ ५॥
जो सच्चे साधु होते हैं उन्हें लोकैषणा नहीं होती है। सांसारिक पदार्थों के गर्व से फूलते नहीं है। संसार को सपना जानकर किसी पदार्थ में मन नहीं लगाते। पूर्ण वैरागी सदा उदासी रहते हैं।
भजन
साधु को मन सदाई उदासी रे।
सपना के मायं कल्पना दुनियां॥
सींपा में रूप भासी रे।
दीसत ही जग कछु नाहीं, दर से भरम हुलासी रे॥
बिना हुए सर्प रजु के माँही भासे।
कोई करल्यो तलाशी रे॥
सतगुरु श्री स्वामी देवपुरीजी, चेतन पर परकाशी रे।
स्वामी हो दीप शरण श्री पूज्य के,
पलकों में पीव मिलासी रे।
इस प्रकार सत्संग में श्री महाप्रभुजी ज्ञानामृत की वर्षा कर रहे थे। इन भजनों एवं दृष्टान्तों को सुनकर श्रोता आत्म-विभोर हो रहे थे। इसके पश्चात् उन्होंने उस दण्डी साधु से कहा, "हे दण्डीजी! सदैव सच्चे रास्ते पर चलो। लोगों को भी सही राह दिखाओ। यही साधु धर्म है।"
इसके पश्चात् उस दण्डी ने कहा, "हे महाप्रभुजी! आप तो साक्षात् प्रभु के २५वें अवतार हैं। आज से पूर्व २४ अवतार हो चुके हैं, २५वें आप स्वयं हैं।" इस पर श्री महाप्रभुजी कहने लगे, "अवतार २४ नहीं बहुत ज्यादा हुए हैं। तुम उनकी गणना भी नहीं कर सकते हो।"
तब दण्डी ने कहा कि, "हम तो २४ अवतार ही जानते हैं। इससे ज्यादा आप बता रहे हैं तो वे कौन-कौन से हैं? तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "दण्डीजी सुनो! चार युगों में २४ अवतार होते हैं। ऐसे कई चार युग में २४-२४ अवतार इस पृथ्वी पर हो चुके हैं। आप तो उनकी गणना भी नहीं कर सकते।"
तब उस दण्डी ने कहा, "हे महाप्रभुजी ! क्या आपने इन सबको देखा है?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हाँ! भगवान् राम और कृष्ण के जन्म मेरे सामने ही हुए थे। ब्रह्मा, विष्णु, महेश, राम व कृष्ण आदि के विवाह में भी मैं उपस्थित था।" तब दण्डी ने कहा, "हे महाप्रभु! आप उपस्थित थे, इस बात का आपके पास क्या प्रमाण है?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा कि, "मैं अनादि स्वयं चैतन्य ब्रह्म हूँ, इसलिए मैं सब जानता हूँ। आत्मा तो अजर-अमर है, यह ज्ञानीजन जानते हैं। अज्ञानी इस बात को नहीं जानते।"
फिर भी सतगुरु की कृपा द्वारा दिव्य-दृष्टि प्राप्त हो जाने पर वह देख सकता है।
इस सन्दर्भ में एक भजन सुना रहा हूँ जिसे ध्यानपूर्वक सुनो-
भजन
साधो भाई मैं हूँ आप अजाया।
मैं हूँ आप ब्रह्म अविनाशी, मेरा पार कोई नहीं पाया॥ टेर॥
केई ब्रह्मा मैं पैदा कीना, बहु प्रलय पधराया।
केई शम्भू मैं उत्पन्न कीना, जनम अनेक लिराया॥ १॥
केई विष्णुमैं प्रगट कीना, बहु विधि भोग भुगाया।
केई बार मैं धारण सच्चाई, बहु चाँद-सूरज उपजाया॥ २॥
केई इन्द्र मैं आगे उपजाया, केई देवी देव बनाया।
केई बार मैं खलक बनायी, ऐसा हम खेल रचाया॥ ३॥
केई वेद पुराण बहु विधि गाया, मैं लिखने में नहीं आया।
स्वामी दीप कहे सुण भाई सन्तों, यह लेख अलेख सुनाया॥ ४॥
यह भजन सुनने के बाद उस दण्डी ने कहा, "हे महाप्रभुजी ! इस दुनियाँ में बहुत से पंथ प्रचलित हैं। तो कौन से पंथ के द्वारा सच्चा ज्ञान व सतगुरु के द्वारा यह सब प्राप्त होता है?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "पंथ तो केवल एक ही है और वह है सत्य धर्म। परन्तु भारत में इस समय २३२५ धर्म व पंथ प्रचलित हैं। सभी व्यक्ति अपने-अपने पंथों की विशेषता बताकर एक-दूसरे का खण्डन करते हैं। इसलिए यह तो सभी पंथों रहित बिना पंथ का धाम है। पूर्ण सतगुरु के सम्पूर्ण समर्पण होने पर ही यह सब कार्य हो सकता है।" श्री महाप्रभुजी के साथ कई धनिक लोग भी आये हुए थे। उन्होंने श्री महाप्रभुजी के चरणों में दण्डवत् प्रणाम किया, और वे प्रार्थना करने लगे कि, "आपके दरबार में हजारों लोग प्रतिदिन भोजन ग्रहण करते हैं। इसका आपको अत्यधिक खर्च वहन करना पड़ता होगा। इसलिए आप आज्ञा करें तो हम इसका सारा प्रबन्ध करें।" तब श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट के साथ कहा, "हे सज्जनों! जब मैं सत्य-लोक से इस पृथ्वी पर आया था तब मैंने कुदरत को आदेश दिया था कि संसार में किसी भी जगह जमीन अथवा पहाड़ पर रहूँ तो वहाँ पर २०० आदमियों के भोजन करने के पश्चात् ही मैं भोजन ग्रहण करूंगा। तुम उसकी व्यवस्था करते रहना। कुदरत द्वारा आज्ञा स्वीकार करने के पश्चात् ही पृथ्वी पर आया हूँ। इसी के परिणामस्वरूप मैंने आज दिन तक किसी से एक माचिस की तीली तक नहीं माँगी। सब व्यवस्था कुदरत स्वयं करती है। मुझे कुछ भी चिन्ता नहीं है।"
इस प्रकार के वचन सुनाकर श्री महाप्रभुजी ने अपनी मधुर आवाज में यह भजन सुनाया--
भजन
मुझे दरकार नहीं किसी की, नजर दौलत है मेरी।
कृपा कीनी है दाता, सतगुरु साहब शिव लहरी ॥ टेर॥
ज्ञान विज्ञान विभूति भारी, तीन लोक की सम्पत्ति सारी।
सतगुण माया है चेरी ॥ १॥
अब मैं न किसको जाचण जाऊं, महादर्श मेरे घट पाऊं।
चरण पखालत गंग लहरी॥ २॥
माल खजाना द्रव्य अपारी, भेद न लखे जीव संसारी।
रिद्घि-सिद्घि मेरे देवे परिक्रमा फेरी॥ ३॥
सतगुरु स्वामी अन्तर्यामी, कृपा करके जोया सामी।
श्री स्वामी दीप के कुबेर हैं भण्डारी॥ ४॥
इस भजन को सुनकर लोग बहुत प्रभावित हुए। तथा लोगों के आग्रह पर एक भजन और सुनाया-
भजन
सब दुनिया गुलाम हमारी,
मैं हूँ ठाकुर आदि अनादि आपो आप बिहारी॥ टेर॥
प्रथम नौकर देवी देवता, ऋषि-मुनि अवतारी।
द्वितीय नौकर राजा बादशाह, विश्व जीव देहधारी॥ १॥
चौदह लोक पर हुक्म हमारा, तीन लोक बेगारी।
धर्मराजजी चाकर मेरा, इन्द्रराजा आज्ञाकारी॥ २॥
मैं दातार अनादि इसका, भूखा जीव भिखारी।
मैं देता हूँ यह लेना न जाने, इस विधि फिरे दुखियारी॥ ३॥
श्री सतगुरु सायब देवपुरीजी, निराकार, निराधारी।
श्री स्वामी दीप शरण सतगुरु की, पारब्रह्म करतारी॥ ४॥
श्री गुरुदेव के भजनों ने ऐसा जादू किया कि लोग मंत्र-मुग्ध होकर सुनने लगे। उन्होंने आग्रहपूर्वक निवेदन करते हुए एक-दो भजन और सुनाने के लिए अर्ज किया। भगवान् तो सदैव भक्तों के वश में होते हैं।
भक्तों के आग्रह को कैसे टालते? श्री महाप्रभुजी ने अपने भक्तों के आग्रह को मानते हुए यह भजन सुनाया--
भजन
सैयां सतगुरु अविनाशी रे।
ईश्वर करे उनकी बन्दगी, देव तीनों करत खवासी ये॥ १॥
अवतार करे उनकी आरती, रिद्घि-सिद्घि चरणां की दासी ये।
गन्धर्व गायन करत स्तुति, हमेशा यश गाँवे स्मृति॥ २॥
चारों वेद चरणे धुन गाँवे, चन्द्र सूरज करत चिराकी ये।
सुर, नर, मुनिजन करत अराधन, मन वांछित पाई ये॥ ३॥
शिरोमणि आप शेष मुख शिवरे, योगीराज ध्यायी रे।
भक्त करत नित चरण रज सेवा, तन, मन अस्थाई ये॥ ४॥
श्री देवपुरीजी ब्रह्म आदि अनादि, अविछल गाड़ी ये।
स्वामी दीप कहे गुरु महिमा, शोभा वरणी न जाई ये॥ ५॥
भजन
गुरुदेव सम दातार जुग में, हुओ न कोई होय रे।
शरण लेवो चरण की, जन अमर कर दे तोय रे॥ टेर॥
शेष ब्रह्मा, शारदा, नारद, मुनिजन जोय रे।
शम्भू को वरदान दीनूं, ध्यान अविछल होय रे॥ १॥
श्री विष्णुको वरदान दीनूं, शुद्घ निरमल होय रे।
समरूप देखो आत्मा, नहीं करे किण सूं द्रोय रे॥ २॥
अवतार योगी सिद्घ को, वरदान दे निरमोय रे।
पापियों को तारियां है, वेद शाखा जोय रे॥ ३॥
सतगुरु स्वामी अन्तर्यामी, दूसरो नहीं कोय रे।
श्री दीप स्वामी सांचा सतगुरुसा, वाला लागे मोय रे॥ ४॥
इन भजनों को सुनकर लोग आत्म-विभोर हो गये। श्री दण्डीजी कुछ दिन ठहरे और, आत्म-तृप्ति कर श्री महाप्रभुजी को साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया तथा प्रार्थना की कि, "हे महाप्रभुजी! मुझे सदैव आप अपनी नजर में रखना। आपके दीदार दर्शन हमारे नेत्रों की प्यास बुझाते रहें। आपकी अमृत आवाज हमारे कानों में गूँजती रहे। जन्म-जन्म आप चरणों की भक्ति दान देकर कृतार्थ करें।" इस प्रकार से प्रार्थना करके श्री महाप्रभुजी के चरणों की रज सिर पर धारण करके वह आन्ध्र-प्रदेश चले गये।
साहित्य छपवाने के लिए मैं श्री महाप्रभुजी की आज्ञा से उदयपुर गया, वहाँ श्री हिम्मतसिंहजी राठौड़ (केलवा) के यहाँ ठहरा। राजस्थान के माने हुए वीर क्षत्रिय जेवाणा ठाकुर श्री प्रतापसिंह राणावत मेरे पास श्री हिम्मतसिंहजी के बंगले पर आये। मेरे सत्संग से प्रभावित हुए, तब मैंने श्री महाप्रभुजी का नाम स्मरण करने को कहा, उन्होंने शिरोधार्य किया।
कुछ दिनों बाद श्री प्रतापसिंहजी अपनी गाड़ी द्वारा गाँव जेवाना रवाना हुए। उन्होंने शराब पी रखी थी, रास्ते में मावली नदी आयी। नदी पूर्ण वेग के साथ बह रही थी, शराब के नशे की मदहोशी के कारण श्री प्रतापसिंहजी बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहे थे और अचानक ही नदी में प्रवेश कर गये। पानी के तेज बहाव के कारण गाड़ी अभी उलट ही रही थी कि श्री प्रतापसिंह को मेरी बात याद आयी।
उन्होंने श्री महाप्रभुजी का स्मरण किया, "हे महाप्रभुजी! हमने ऐसा सुना है कि आप सर्व शक्तिमान हैं। अगर यह सच है तो मुझे आज इस विपदा से बचाइये। इस नदी से पार कर पाओगे तब मैं समझूंगा कि आप भव नदी से भी पार कर सकते हैं।" ऐसा कहते ही उन्हें ऐसा आभास हुआ जैसे कोई अदृश्य शक्ति, गाड़ी को पकड़ कर बाहर ले जा रही हो। कुछ ही देर पश्चात् वे नदी पार कर गये। यह चमत्कार देख कर उन्हें श्री महाप्रभुजी के प्रति विश्वास हो गया। इसके बाद उन्होंने प्रतिदिन श्री महाप्रभुजी का स्मरण करना प्रारम्भ कर दिया।
गाँव जाकर कुछ ही दिनों में वापिस उदयपुर आये। वहाँ ये शीघ्र मेरे पास आये और कहने लगे, "हे स्वामीजी! मेरे लायक कोई कार्य सेवा हो तो फरमाइये, आपके लिए भोजन प्रतिदिन मेरे निवास से यहाँ पहुँचा दिया जायेगा।" ऐसा कहकर वे चले गये। उनके वचनानुसार मेरे लिए प्रतिदिन भोजन उनके धर से आने लगा। मैं वहाँ पर प्रेस में नित्य ही प्रूफ देखने जाता था। परन्तु प्रेस वालों का व्यवहार मुझे कुछ अच्छा नहीं लगा। वे लोग मुझसे तय किये हुए रुपये के अलावा भी अन्य खर्च की माँग करते थे। उस समय मैंने यह सोचा कि एक बार श्री प्रतापसिंहजी को यहाँ पर ले आऊँ तो शायद इसके पश्चात् वे अन्य खर्च की माँग नहीं करेंगे। ऐसा सोच कर मैंने श्री प्रतापसिंहजी को बुलवाया और प्रेस में चलने को कहा। श्री प्रतापसिंह ने सोचा कि शायद स्वामीजी के पास पुस्तक छपवाने की रकम नहीं होगी, इसलिए मुझे बुलवाया है। वहाँ आते ही उन्होंने मुझसे वही पूछा कि, "पुस्तक छपवाने का खर्च कितना आयेगा।" तब मैंने कहा, "केवल एक हजार रुपये।" तब उन्होंने मुझे ५०० रुपये देते हुए कहा, "यह ५०० आज ले लीजिये बाकी कल पहुँचा दूँगा।"
ऐसा कहकर वे वापिस जाने लगे, तब मैंने कहा, "पुस्तक छपवाने की हेतु रुपये तो डिप्टी कलेक्टर श्री जयशंकरजी, श्री हिम्मतसिंहजी व गोंडल के स्टेशन मास्टर श्री प्रभुदयालजी तथा तहसीलदार श्री लालसिंहजी ने दे दिये हैं। मैंने तो केवल आपको इसलिए बुलवाया है कि प्रेस वाला इस खर्च के अतिरिक्त भी अन्य फालतू खर्च माँगता है। इसलिए वह एक बार आपके दर्शन कर लेगा, तो वह मुझसे फालतू खर्च नहीं माँगेगा।" यह सुनकर उन्होंने कहा कि, "आपने जो नाम गिनाये हैं इनसे आप एक भी पैसा मत लीजिए। इनके पास तो रिश्वत के पैसे हैं। इस पुस्तक छपवाने का खर्चा तो मैं ही दूँगा।"
अगर आप कहते हैं कि प्रेसवाले का व्यवहार ठीक नहीं है, तो केवल एक ही डण्डा मारकर समस्त पुस्तकें ले जाऊँगा। कुछ भी पैसा नहीं देना है। तब मैंने उन्हें समझाया कि ऐसा नहीं करना चाहिए। न्याय से उनको जो उचित पैसा होगा वह तो देना ही है। तब उन्होंने कहा कि, "जैसी आपकी आज्ञा मुझे स्वीकार है।" ऐसा कहकर वह चल दिये। वहाँ पर खड़े सभी लोग मुझे कह रहे थे, "आपने इनसे रुपये लेने से मना क्यों किया? वैसे भी वे तो बहुत कंजूस हैं केवल बातें ही बनाते हैं।"
इतने में श्री प्रतापसिंहजी का लड़का वीरेन्द्रसिंह पाँच सौ रुपये लेकर वहाँ आया और कहा कि, "मेरे पिता ने ये पाँच सौ रुपये दिये हैं।" इससे यहाँ खड़े सभी लोगों के मुँह बन्द हो गये। वे आश्चर्य करने लगे कि स्वामीजी ने ऐसे भयंकर आदमी को अपने वश में कैसे कर लिया? तब मैंने उनसे कहा कि, "यह सब तो श्री महाप्रभुजी की लीला है।" फिर प्रतापसिंहजी मेरे पास आये और कहने लगे, "आप मेरी हवेली में ही विराजमान रहें।"
हमें आपके सत्संग का विशेष लाभ मिलेगा। तब मैंने कहा, "आपके बंगले में मुर्गे बहुत हैं, इसलिए गंदगी बहुत हो गयी है। इसके कारण मैं वहाँ पर भोजन भी ग्रहण नहीं कर सकूंगा।" तब श्री प्रतापसिंहजी ने मुझको कहा, "मैं सभी मुर्गों को बाहर निकाल दूंगा। इसके पश्चात् बंगले की सफाई करवा दूंगा।" ऐसा कहकर वे अपने बंगले गये।
सर्वप्रथम तो उन्होंने दो ट्रकों द्वारा सभी मुर्गों को श्री भगवान्सिंह कमिश्नर के यहाँ भिजवा दिये। इसेके पश्चात् पूरे बंगले की धुलवाया। पूर्ण सफाई करने के बाद एक अलग कमरे में मेरे लिए सुसज्जित आसन लगवा दिया। फिर सुस्वागत के साथ मुझे अपने निवास-स्थान पर ले गये। उदयपुर के विख्यात व बड़े-बड़े लोगों ने यह सुना तो कहने लगे कि, "ऐसा कौनसा साधु आया है। जिसने ऐसे खतरनाक शेर को भी काबू में कर लिया है। अगर वही महात्माजी उनकी दारू माँस का दुर्व्यसन भी छुड़वा दें, तो हम मान लेंगे कि वास्तव में वह सच्चे महात्मा हैं। क्योंकि इसने अपने जीवन में हजारों की शराब पी है वह हजारों जीवों को मारकर खाया है।"
"ऐसे भयंकर पाप को छुड़ाने वाला ही महान् है। हम लोग भी ऐसे सच्चे महात्मा के दर्शन करना चाहते हैं।" लेकिन श्री प्रतापसिंहजी के भयवश उनके बंगले पर कोई नहीं आता।
मैंने श्री प्रतापसिंहजी को कहा कि, "इस पुस्तक (स्वामी दीप विवेक प्रकाश) में एक आपका फोटोग्राफ प्रकाशित करवाना चाहता हूँ। अत: एक पासपोर्ट साइज का फोटो बनवा दीजिये। तब उन्होंने मुझसे कहा कि, "मैं अपना फोटो देना तो नहीं चाहता हूँ, लेकिन अगर आपकी आज्ञा है तो मैं दे दूंगा।"
साहित्य छपकर तैयार हो गया। तब मैंने श्री प्रतापसिंहजी से कहा, "आप इस साहित्य को महाप्रभुजी को भेंट करने के लिए सपरिवार खाटू (नागौर) पधारें।"
तब श्री प्रतापसिंहजी ने खुलकर कहा, "आपके कहे बिना ही मैंने वहाँ जाने का संकल्प लिया है। श्री महाप्रभुजी ने ही मेरा जीवन बचाया है।" फिर उन्होंने मुझे वह नदी वाली घटना सुनाई। तब मुझे बहुत आश्चर्य हुआ और मैंने श्री महाप्रभुजी की लीला को प्रणाम किया। दूसरे दिन मैं और श्री ठाकुर साहब सपरिवार खाटू श्री महाप्रभुजी के पास श्री देवडूँगरी आश्रम पहुँचे। वहाँ पर उन्होंने श्री महाप्रभुजी को साष्टांग दण्डवत प्रणाम कर दर्शन किये, फिर कहने लगे कि, "हे प्रभुजी ! आज से मैं शराब व माँस का त्याग करता हूँ एवं दृढ़ संकल्प करता हूँ, कि कभी भी इनका सेवन नहीं करूंगा।"
यह सुनकर श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हे राजन्! मैंने तो तुम्हें कुछ भी नहीं कहा, फिर ऐसा क्यों कर रहे हो?" तब श्री प्रतापसिंहजी ने कहा, "हे महाप्रभुजी! बाहरी कहने वाले तो बहुत मिलते हैं, लेकिन आपने तो मेरी अन्तर्रात्मा को मोड़ दिया है। यह सब आपकी छाया पड़ते ही सम्भव हुआ है।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "बड़े-बड़े लोग आपको कहेंगे कि क्या आप ब्राह्मण बन गये, क्योंकि आपको तो बड़े-बड़े लोगों में रहना होता है।" तब श्री प्रतापसिंहजी ने कहा कि, "ऐसा कोई भी पैदा नहीं हुआ है जो मुझे ब्राह्मण कहेगा।" तब श्री प्रभुजी ने मुस्कराकर कहा, "आप तो वीर क्षत्रिय हैं, आपके सामने कौन देख सकता है।" फिर उन्होंने सपरिवार श्री महाप्रभुजी के चरणों में गुरु-मंत्र दीक्षा धारण की एवं पवित्र जीवन व्यतीत करने का दृढ़ संकल्प लिया। चार दिन श्री महाप्रभुजी के पावन चरणों में सत्संग व सेवा की।
फिर उन्होंने श्री महाप्रभुजी को उदयपुर पधारने का आग्रहपूर्वक निवेदन किया। तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "मुझे उदयपुर क्यों ले जाना चाहते हो?" तब उन्होंने कहा, "हे प्रभु! आपके चरणों से मेरा भवन पावन हो जायेगा। अत: आप वहाँ पधारने की कृपा करें।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "हे राजन्! भवन तो चूना, ईंट, पत्थर व लकड़ी का पृथ्वी पर बना हुआ है। मिट्टी और पत्थर प्रभु के बनाये हुए हैं इसलिए यह तो सदा पवित्र ही हैं। वहाँ अपवित्र कार्य करने से स्थान अपवित्र हो जाता है। आपने तो अपवित्र कार्य करने छोड़ ही दिये हैं, तो वह पवित्र ही है। इसलिए शरीर से मेरे वहाँ आने की आवश्यकता नहीं है, यूं मैं सदैव तुम्हारे साथ ही हूँ। आप किसी प्रकार की चिन्ता नहीं करें।" ऐसा कहकर, आशीर्वाद देकर उनको उदयपुर के लिए रवाना किया।
उनके उदयपुर पहुँचने पर लोगों ने यह सुना कि श्री प्रतापसिंहजी ने शराब व माँस का सेवन त्याग दिया है। तब सभी ने श्री महाप्रभुजी को नमस्कार किया व लाख-लाख धन्यवाद दिया। उस समय राजस्थान के चीफ जस्टिस श्री जवानसिंहजी राणावत ने सुना तो उन्होंने भी श्री महाप्रभुजी के दर्शन करने का दृढ़ संकल्प किया। कुछ समय बाद मैं जयपुर गया और श्री जवानसिंहजी के यहाँ ठहरा तब उन्होंने अपने संकल्प से मुझे भी अवगत कराया।
वे कहने लगे कि ऐसी ईश्वरीय विभूतियाँ दुनिया में दुर्लभ हैं। तब मैंने उनसे कहा कि, "जब भी आपकी इच्छा हो तभी खाटू चलेंगे।" उन्होंने कहा कि, "आज ही चलें, शुभ कार्य में देर नहीं करनी चाहिये। दोपहर में श्री जवानसिंहजी व उनके लड़के तथा बड़े भाई श्री महेन्द्रसिंहजी और मैं सब कार से रवाना हुए। शाम को छ: बजे हम खाटू आश्रम के निकट पहुँचे ही थे कि कार में खराबी आ गयी व बन्द हो गयी। यहाँ से आश्रम अभी २ कि.मी. दूर था। बड़ी मेहनत करने के बावजूद भी ठीक नहीं हुई तब जज साहब ने कहा, "अब क्या करें, गाड़ी को यहीं छोड़कर ड्राईवर को यहाँ बैठाकर हम लोग पैदल ही यहाँ से चलते हैं।"
ऐसा विचार कर हम लोग गाड़ी को वहीं पर छोड़कर धूंणे पहुँचे। वहाँ द्वार पर ही श्री महाप्रभुजी खड़े-खड़े मुस्करा रहे थे। हम सभी ने प्रणाम किया। फिर जज साहब ने पूछा, "हे प्रभुजी! हमारी कार बिलकुल नई है, फिर भी अचानक कैसे खराब हो गयी?" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "आपकी गाड़ी तो बिलकुल सही है, उसमें किसी प्रकार की खराबी नहीं है लेकिन मैंने सोचा कि साधुओं के दर्शन के लिए तो पैदल ही आना चाहिए।"
"ज्यूं-ज्यूं पग आगे धरे, त्यूं-त्यूं यज्ञ समान।"
मैंने सोचा कि, "तुम्हें कुछ यज्ञों का फल भी दे दिया जाय। इसलिए ही पैदल बुलवाया है। अभी कुछ ही देर में आपका ड्राइवर गाड़ी लेकर आ जायेगा।" तभी सभी ने देखा कि ड्राइवर गाड़ी लेकर आ रहा था। श्री महाप्रभुजी की ऐसी अनुकम्पा देखकर सभी लोग दंग रह गये।
वहाँ पर संध्या को बहुत उत्तम सत्संग का आयोजन हुआ तथा श्री महाप्रभुजी के अमृत मय वचनों को सुनकर हार्दिक प्रसन्नता हुई। सबेरे सबके लिए भोजन बनवाया गया जिसमें श्री महाप्रभुजी ने हलवा बनवाया। सभी लोगों को हलवा परोसा गया। तब जज साहब बोले कि, "मैं तो मीठा नहीं खा सकता, क्योंकि मुझे डायबिटीज की बीमारी है।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "मेरी एक बात हमेशा याद रखना, कि कोई भी चीज जब कोई व्यक्ति सच्चे प्रेम से खिलावे तो खा लेनी चाहिए, वह कभी नुकसान नहीं करती है। इसलिए आप आनन्द सहित हलवा खाइये, यह आपको नुकसान नहीं पहुँचायेगा।"
इसके बाद सभी ने भोजन ग्रहण करके श्री महाप्रभुजी को दण्डवत प्रणाम किया तथा इसके पश्चात् अपनी कार में बैठकर जयपुर के लिए प्रस्थान किया। जब जोधपुर हाईकोर्ट बना तब मुख्य न्यायाधीश श्री जवानसिंहजी जोधपुर आ गये। श्री महाप्रभुजी उस समय जोधपुर विराज रहे थे। वहाँ पर वे श्री पूज्य महाप्रभुजी के दर्शनार्थ आया करते थे।
जोधपुर राज दादीसा भटियाणी साहिबा जब खाटू धूंणे श्री पूज्य महाप्रभुजी के दर्शनार्थ पधारे थे। उस समय उनकी गाड़ी भी बन्द हो गयी थी फिर पूज्य श्री महाप्रभुजी के नाम स्मरण से गाड़ी स्टार्ट हुई तथा वे आश्रम पहुँचे। वहाँ सत्संग का लाभ उठाकर वापिस जोधपुर पधार कर राजस्थान के चीफ सेके्रटरी (मुख्य सचिव) श्री जोरावरसिंह झाला को फोन पर कहा कि, "भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी के श्री देवडूँगरी आश्रम खाटू तक डामर रोड बनना चाहिए ताकि दर्शनार्थियों को आने-जाने की सुविधा रहे।" इसके पश्चात् मैं भी जयपुर गया और श्री झाला साहब भी मेरे साथ ही सपरिवार श्री पूज्य महाप्रभुजी के दर्शनार्थ श्री देवडूँगरी आश्रम में पधारे थे।
श्री महाप्रभुजी के दर्शन व सत्संग से वे बहुत प्रभावित हुए। नागौर कलेक्टर श्री एन. सी. भटनागर को कहा कि, "तत्काल ही श्री देवडूँगरी आश्रम तक डामर रोड बनना चाहिये।" फिर कुछ दिनों में वहाँ डामर रोड (सड़क) बना दी गयी जिससे दर्शनार्थियों को सुविधा हो गयी।