एक बार मैं उदयपुर (मेवाड़) गया। मैं वहाँ पर मदनलालजी राठी कमिश्नर उदयपुर के यहाँ ठहरा। प्रतिदिन उनकी कोठी पर बहुत अच्छा सत्संग होता था। यहाँ से मुझे बहुत आग्रहपूर्वक मेडिकल डायरेक्टर श्री बी. एन. शर्मा जयपुर ले गये। मैं यहाँ पर उनके बंगले में दो दिन तक ठहरा। तत्पश्चात् मैं रेलवे के डी.टी.एस. श्री अमानी साहब के बंगले पर गया। वहाँ पर श्री एन.जी. जोशी ए.एम.ई. से सत्संग करने का अवसर प्राप्त हुआ। हम दोनों के सहयोग से वहाँ पर बहुत उत्तम सत्संग का आयोजन हुआ। श्री जोशीजी बहुत ज्ञानी भक्त थे।
वे हस्त-रेखा विशेषज्ञ थे। मेरी हस्त-रेखा देखकर उन्होंने चार बातें सत्य-सत्य बता डाली थी। उन्होंने जो सही-सही बातें बतलायी उनको मेरे और श्री महाप्रभुजी के अलावा कोई नहीं जानता था। उनकी बातों को सुनकर मुझे बहुत आश्चर्य हुआ। तभी मैंने प्रसंगवश श्री महाप्रभुजी की कुछ अलौकिक लीलाओं की चर्चा उनसे की। उन्होंने इस चर्चाओं को बहुत ध्यानपूर्वक सुना। यह सुनकर बहुत आश्चर्य करने लगे। फलत: श्री जोशीजी ने मुझसे बिना पूछे ही खाटू, श्री महाप्रभुजी के पास परीक्षा लेने हेतु सेवक भेज दिया। उस सेवक को उन्होंने श्री महाप्रभुजी के पास एक प्रश्र का उत्तर लेकर आने को कहा था। प्रश्र यह था कि, "हे महाप्रभुजी! मुझे आपके पास किसने व क्यों भेजा है?"
यह प्रश्र लेकर वह नौकर संध्या की गाड़ी से रवाना होकर दूसरे दिन प्रात: श्री देवडूँगरी आश्रम खाटू में श्री महाप्रभुजी के पास पहुँचा। वहाँ जाते ही उसने श्री महाप्रभुजी को दण्डवत प्रणाम किया। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी उससे कहने लगे, "तुम्हें श्री एन. जी. जोशी ने भेजा है। वे ए.एम.ई. से पदोन्नत होकर डी.ए.ई. बनना चाहते हैं। उसने इस कार्य हेतु कई बार प्रयास किया है किन्तु उन्हें इस कार्य में अभी तक कुछ भी सफलता नहीं मिल पायी है। अत: अब तुम उससे कहना कि इस माह वह बम्बई अवश्य जावें। उस ऑफिस में प्रवेश करते ही मेरा नाम स्मरण करें। ऐसा करने पर उनकी पदोन्नति अवश्य ही डी.एम.ई. के पद पर हो जायेगी।
परम पूज्य गुरुदेव तो अन्तर्यामी थे। उनसे यह जवाब लेकर वह सेवक प्रसन्न हुआ। उसने तो अभी गुुरुदेव से प्रश्र पूछा भी नहीं था फिर भी उस प्रश्र का उत्तर उसे मिल गया था। श्री महाप्रभुजी के लीलामय वाक्य को सुनकर सेवक स्तब्ध रह गया। उसने वहाँ आश्रम में ही प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण किया था। इसके पश्चात् वह शाम की गाड़ी से रवाना होकर दूसरे दिन प्रात: ही जयपुर पहुँचा। जयपुर आते ही उसने श्री जोशीजी से गुरुदेव की सम्पूर्ण बात बता दी। श्री गुरुदेव से अपने प्रश्रों का सही-सही उत्तर पाकर श्री एन.जी. जोशी अत्यन्त प्रसन्न हुए। वे मेरे पास आये। सर्वप्रथम तो उन्होंने श्री महाप्रभुजी की तस्वीर के आगे दण्डवत प्रणाम किया।
इसके पश्चात् मुझसे कहने लगे, "श्री महाप्रभुजी ने मुझ पर परम कृपा की है। मैंने तो आपके परोक्ष में ही कल अपने सेवक को श्री महाप्रभुजी की परीक्षा लेने हेतु खाटू भेजा था। उन्होंने उसको सही-सही जवाब दिया। अत: मैं मान गया कि श्री महाप्रभुजी वास्तव में अन्तर्यामी तथा त्रिकालदर्शी हैं।"
इस लीलामय घटना के पश्चात् तो श्री जोशीजी से मेरे प्रेम की घनिष्ठता बढ़ती ही गई। उसी महीने में श्री जोशीजी मन ही मन श्री महाप्रभुजी का स्मरण करते हुए मुख्य कार्यालय पश्चिम रेलवे बम्बई गये। उसी दिन श्री जोशीजी को डी.एम.ई. की पदोन्नति के आदेश प्राप्त हुए। वे जयपुर के ही मुख्यालय में डी.एम.ई. के पद वर पदस्थापित हुए। इस लीलामय चमत्कार को देखकर श्री जोशीजी जीवन-पर्यन्त श्री महाप्रभुजी के परम भक्त बने रहे।
उपरोक्त लीलामयी घटना के कुछ दिनों बाद श्री जोशीजी से पुन: मेरी मुलाकात हुई। मुझे देखकर वे अत्यन्त प्रसन्न हुए। वे मुझे अपने बंगले पर ले गये। उन्होंने मेरी बहुत सेवा की। श्री जोशीजी में अनन्य भक्ति - भाव दिखायी दिये। वे हर वक्त हर क्षण श्री महाप्रभुजी के नाम की माला जपते थे। वे ज्यादातर जयपुर में ही इस पद पर स्थापित रहे। इसके पश्चात् स्थानान्तरण पर अजमेर आये और सेवा-निवृत्ति तक यहीं पर रहे।