सन् १९५३ में रेलवे ऑफीसरों के आग्रह से मैं जयपुर गया। वहाँ रेलवे रेस्ट हाउस में ठहरा। दूसरे दिन सवेरे एक विद्या मद में अहंकारी ऑफीसर रेस्ट हाउस में आया मुझे दूर से देखकर कहने लगा कि, "बाबाजी बनने में बड़ा मजा है। मुफ्त में रेस्ट हाउस की व्यवस्था, खाना, कपड़ा और पैसा मिलता है। कई वर्षों से ढूँढ रहा हूँ, अगर मुझे भी कोई गुरु मिलता तो मैं भी साधु बनकर मुफ्त में ऐसी मौज लूटता, पर कोई मिलता ही नहीं।" फिर मेरे पास आकर बोला कि, "कहिये बाबाजी खूब माल लूट रहे हो और कोई इच्छा हो तो कहो।"
तब मैंने मुस्कराकर कहा कि, "मुझे कोई चेला नहीं मिलता है, मैं कई वर्षों से ढूंढ रहा हूँ। आपको कोई गुरु नहीं मिला और मुझे कोई चेला नहीं मिला, आज दोनों की इच्छा प्रभु ने पूर्ण की। आप बन जाओ चेला, मैं गुरु बनने को तैयार हूँ। अपनी दोनों की इच्छा पूरी हो जायेगी। शुभ काम में देरी मत कीजिये। अपने कपड़े उतार दीजिये। मैं भगवा वस्त्र देता हूँ, पहनकर खूब मुफ्त का माल लूटते रहना। आप तो बड़े अच्छे खानदानी आदमी मालूम होते हैं और झूठ थोड़े ही कहते होंगे। साधुओं के साथ हंसी-मजाक तो भले खानदान के आदमी कभी नहीं करते और जो भगवान् व धर्म-साधुओं की खिल्ली उड़ाते हैं, वह असली बाप के बेटे नहीं होते हैं। आप तो खानदानी आदमी मालूम होते हो।"
यह सुनकर वह बड़ा शर्मिन्दा हुआ और बोला कि, "महाराज मेरे बच्चेछोटे हैं माफ कीजिये। मैंने तो पाखण्डी बाबा समझकर जो कुछ कहा है उसके लिए क्षमा करें।" ऐसा कहकर वह अपना सामान लेकर चला गया, वहाँ ठहरा भी नहीं। अहंकार का फल ऐसा ही होता है।