परमानन्द नामक एक साधु था। वह कुछ समय तक श्री महाप्रभुजी के पास रहा। वहाँ पर उनका कोई लौकिक स्वार्थ सिद्घ न होने के कारण वह वहाँ से चला गया। वह मन से विमुख हो गया था। वह श्री महाप्रभुजी के शिष्यों की महान्ता का बढ़ता हुआ प्रभाव लोगों में देखकर मन ही मन जलता था। इस प्रकार राजस्थान के कई भेषधारी, द्वेषी साधु लोग मुझसे जलते (ईर्ष्या करते) थे।
मेरी प्रतिष्ठा व पूजा उसको सहन नहीं होती थी। इसलिए उन सबने मिलकर मुझे पकड़ कर मारने की सोची। ऐसा विचार कर परमानन्द ने कहा, "मैं श्री महाप्रभुजी से एक बार कह देता हूँ कि वे माधवानन्द को समझा दे।" ऐसा सोचकर परमानन्द श्री महाप्रभुजी के पास गया। वहाँ पर श्री महाप्रभुजी के पास हजारों भक्तों व संतों के साथ ही साथ मैं भी उपस्थित था। श्री परमानन्द ने वहाँ आकर श्री महाप्रभुजी से ऊँचे स्वर में कहा, "हे महाप्रभुजी! आपका यह माधवानन्द सभी जनसाधारण पर क्या जादू-मंत्र करता है जिससे कि उच्च वर्ग के प्रतिष्ठित लोग इसके जाल में फंसकर झुण्ड के झुण्ड इसके पास आते हैं, तथा इसकी पूजा करते हैं।"
आप इसे समझा दीजिये कि वह ऐसा नहीं करे, वर्ना राजस्थान के सभी साधुओं ने मिलकर उसको पीटने का प्रोग्राम बना लिया है। मैं तो केवल इसकी सूचना देने ही आया हूँ।
तब श्री महाप्रभुजी ने मधुर मुस्कराहट के साथ कहा "हे परमानन्द! तुम भी जाकर माधवानन्द के विरोधियों में मिल जाओ। सब मिलकर जो करना चाहो वह करके देख लेना। तुम तो क्या चीज हो? काल और यम भी माधवानन्द का बाल बाँका नहीं कर सकते, उस पर हर क्षण मेरा पहरा रहता है।"
अगर कोई माधवानन्द के सामने बुरी नजर से भी देख ले तो मैं सारे हिन्दुस्तान को हिला कर रख दूँ। उन सबको ऊँटों की कतार की तरह बन्धवाकर सैन्ट्रल जेल में भेेज दूँ। मेरा नाम अनादि नियम है, मैं अपने भक्तों की सदा रक्षा करता हूँ।
दोहा --जिस पर राखूं छाया, मार सके न कोय।
बाल न बांका कर सके, चाहे जग बैरी होय॥
जितने तारे गगन में उतने दुशमन होयें।
कृपा हो गुरुदेव की जग मांऐ सब काँपें॥
अनाथों के नाथ, दीन के बन्धु, कृपा के सिन्धु, नि:स्वार्थ पतित प्राणी जो शरण में अनन्य-भाव से आते हैं उनकी रक्षा करना, यह केवल परमात्मा ही कर सकते हैं। यह सुनकर परमानन्द चुपचाप प्रभु को प्रणाम करके चला गया। मुझ पर अथाह कृपा देखकर मैंने यह भजन गाया।
भजन
जिनका दीप दयालु रखवाला, उनका कौन कर सके बिगाड़ा ॥ टेर॥
बाल भी बांका नहीं करता, तब दूजा कौन गिनती में बिचारा॥ १॥
आकाश में तारा जितना दुश्मन हो, पच-पच के सब आखिर हारा॥ २॥
द्र्र्रोपदी की प्रभु लाज बचाई, भरी सभा में चीर बढ़ाया॥ ३॥
गज और ग्राह की हुई लड़ाई, पुकार होते ही तुरन्त उबारा॥ ४॥
प्रहलाद के आगे सब राक्षस हारे, प्रहलाद ने लिया प्रभु का सहारा॥ ५॥
शरण आया सो परम सुख पाया, कहाँ तक कहूं कथन सब हारा॥ ६॥
श्री दीप दयालु भक्तों के रखवाला, माधवानन्द के प्राण आधारा॥ ७॥